LIVE

शहरों के मुख्य समाचार (Aaj ke Mukhya Samachar), 4 जुलाई 2024: मुरादाबाद सड़क हादसे में पिता और 3 बेटों की मौत, अहमदाबाद जगन्नाथ यात्रा की सुरक्षा में लगेंगे 22 हजार पुलिसकर्मी

Pooja KumariUpdated Jul 4, 2024, 20:34 IST
शहरों के मुख्य समाचार (Aaj ke Mukhya Samachar), 4 जुलाई 2024: मुरादाबाद सड़क हादसे में पिता और 3 बेटों की मौत, अहमदाबाद जगन्नाथ यात्रा की सुरक्षा में लगेंगे 22 हजार पुलिसकर्मी

शहरों के मुख्य समाचार (Aaj ke Mukhya Samachar), 4 जुलाई 2024: मुरादाबाद सड़क हादसे में पिता और 3 बेटों की मौत, अहमदाबाद जगन्नाथ यात्रा की सुरक्षा में लगेंगे 22 हजार पुलिसकर्मी

शहरों के मुख्य समाचार, आज के ताजा समाचार (Aaj ke Mukhya Samachar) 4 जुलाई 2024: हाथरस हादसे के बाद अहमदाबाद जगन्नाथ यात्रा की सुरक्षा में लगेंगे 22 हजार पुलिसकर्मी। जोधपुर में एक ही परिवार के तीन लोगों की निर्मम हत्या हो गई, बिहार में बुधवार को कम से कम तीन और पुल ढह गए। अधिकारियों ने जानकारी देते हुए बताया कि पिछले 15 दिनों में बारिश से प्रभावित राज्य में पुल ढहने की ये नौवीं घटना है, असम में बाढ़ से लगातार बिगड़ते हालात के बीच बु‍धवार को आठ और लोगों की मौत हो गई, जबकि बाढ़ से 27 जिलों के 16.25 लाख से ज्यादा लोग प्रभावित हुए हैं। इनके अलावा राज्‍यों के प्रमुख समाचार ये हैं :

JUL 04, 2024 21:08 IST

गाजियाबाद में फैक्ट्री में लगी आग, चार दमकलकर्मी घायल

गाजियाबाद जिले के ट्रांस हिंडन क्षेत्र के लिंक रोड थाना अंतर्गत साइट-4 औद्योगिक क्षेत्र में एक फैक्ट्री में गुरुवार को लगी भीषण आग को बुझाने की कोशिश में चार दमकलकर्मी घायल हो गए। मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) मनु शर्मा ने बताया, "फैक्ट्री के गोदाम में रखे दो दर्जन से अधिक केमिकल के ड्रम आग के कारण फट गए। हम दूर से पानी का छिड़काव करके आग बुझाने की कोशिश कर रहे हैं। हम आग को आस-पास की फैक्ट्रियों में फैलने से रोकने की कोशिश कर रहे हैं।"
JUL 04, 2024 20:34 IST

मुरादाबाद में सड़क हादसे पिता और 3 बेटों की मौत

उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में एक रोडवेड बस और कार की भिड़ंत में पांच लोगों की मौत हो गई। मृतकों में शामिल दो लोग हज यात्रा करके वापस लौटे थे। पढ़ें पूरी खबर
JUL 04, 2024 19:54 IST

अहमदाबाद जगन्नाथ यात्रा की सुरक्षा में लगेंगे 22 हजार पुलिसकर्मी

अहमदाबाद में सात जुलाई को भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा निकाली जाएगी। 147वीं वार्षिक रथ यात्रा की सुरक्षा में 22,000 पुलिसकर्मी तैनात किए जाएंगे। हाथरस भगदड़ हादसे के बाद भारी सुरक्षा के इंतजाम किए जा रहे हैं। पढ़ें पूरी खबर
JUL 04, 2024 18:34 IST

बलिया से लापता हुई युवती का शव बरामद

उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के सहतवार थाना क्षेत्र के अतरदरिया गांव से पांच दिन पहले लापता हुई एक युवती का शव पुलिस ने बरामद किया है, शव फांसी के फंदे से लटका मिला।
JUL 04, 2024 18:20 IST

भदोही में बंद पड़े ईंट भट्ठे से दो बच्चों के शव बरामद

उत्तर प्रदेश के भदोही शहर में बंद पड़े ईंट भट्ठे में स्थित एक कमरे से बृहस्पतिवार को दो बच्चों का शव बरामद होने से सनसनी फैल गयी। इस घटना में बच्चों के पिता पन्ना मुसहर और उसकी दूसरी पत्नी कृति मुसहर की भूमिका संदिग्ध पायी गयी है।
JUL 04, 2024 17:21 IST

तमिलनाडु में चलती बस से अचानक गिरी महिला

तमिलनाडु के नमक्कल जिले में एक चलती बस से महिला गिर गई। इसमें महिला बुरी तरह घायल हो गई हैं। बस के अंदर लगे कैमरे में ये घटना रिकॉर्ड हो गई, जिसमें देखा जा सकता है कि बस एक मोड़ पर जैसे ही मुड़ती है, महिला बाहर गिर पड़ती है।
JUL 04, 2024 16:28 IST

नोएडा में छात्र ने डिप्रेशन के कारण की आत्महत्या

नोएडा में बुधवार रात से बृहस्पतिवार सुबह तक अलग-अलग मामलों में एक छात्र ने, एक छात्रा ने, एक ठेकेदार ने और एक विवाहिता ने कथित रूप से आत्महत्या कर ली।
JUL 04, 2024 16:10 IST

दिल्ली: शिक्षा मंत्री आतिशी ने शिक्षकों का तबादला रद्द करने का दिया आदेश

दिल्ली की शिक्षा मंत्री आतिशी ने गुरुवार को कहा कि उन्होंने मुख्य सचिव नरेश कुमार को निर्देश दिया है कि वह 5,000 शिक्षकों के तबादले का आदेश तत्काल वापस लें, जो उनकी मंजूरी के बिना जारी किया गया था।
JUL 04, 2024 15:52 IST

केरल में पत्नी की हत्या कर सेप्टिक टैंक में छिपाया, 15 साल बाद हुआ खुलासा

केरल के अलप्पुझा में एक शख्स ने 15 साल पहले अपनी पत्नी की हत्या कर दी और उसके शव को सेप्टिक टैंक में छिपा दिया। इसके बाद शख्स ने दूसरी शादी कर ली और खुद इजरायल चला गया। अब इस मामले का खुलासा हुआ है।
JUL 04, 2024 14:39 IST

मुरादाबाद के अस्पताल में लगी आग

मुरादाबाद के अस्पताल में भीषण आग लगी है। सूचना पर पहुंची दमकल विभाग की टीम आग बुझाने के प्रयास में जुटी हुई है। मरीज भी अंदर फंसे हैं, जिन्हें निकालने की कवायद जारी है। आग लगने के बाद अस्पताल में भगदड़ मच गई। हालांकि, राहत एवं बचाव कार्य जारी है, लेकिन अभी तक आग लगने के कारण का पता नहीं चल पाया है। कोई भी इस पर कुछ भी विस्तारपूर्वक कहने से बच रहा है।
JUL 04, 2024 13:49 IST

अरुणाचल प्रदेश में भूस्खलन के कारण सात जिलों में सड़क संपर्क टूटा

अरुणाचल प्रदेश में बारिश के कारण हुए भूस्खलन से बृहस्पतिवार को कम से कम सात जिलों में सड़क संपर्क टूट गया। भूस्खलन के कारण सियांग, पूर्वी सियांग, ऊपरी सियांग, पश्चिमी सियांग, शि योमी, लेपा रादा और ऊपरी सुबनसिरी जिले प्रभावित हैं। लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) में राजमार्ग के सहायक अभियंता गेमर पाडू ने बताया कि बृहस्पतिवार सुबह भूस्खलन के बाद पासीघाट-पंगिन-आलो सड़क पर राष्ट्रीय राजमार्ग-13 का एक हिस्सा अवरुद्ध हो गया। सियांग जिले में लोकपेंग और पांगिन तिराहे की ओर जाने वाले मार्ग पर एक विशाल पत्थर के गिर जाने से सड़क पूरी तरह से अवरुद्ध हो गई। उन्होंने कहा कि हल्के वाहनों के आवागमन के लिए सड़क को साफ किया जा रहा है। भूस्खलन के कारण निगमोई-आलो बाईपास सड़क भी अवरुद्ध हो गई।
JUL 04, 2024 13:48 IST

शाहजहांपुर में बच्ची से दुष्कर्म के आरोप में पड़ोसी गिरफ्तार

शाहजहांपुर जिले में घर के बाहर खेल रही छह साल की एक बच्ची से दुष्कर्म के आरोप में उसके पड़ोसी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने बृहस्पतिवार को बताया कि थाना सदर बाजार में रहने वाली छह साल की बच्ची बुधवार शाम को अपने घर के बाहर खेल रही थी। तभी उसके घर के सामने रहने वाला संजीव (30) नामक युवक उसे बहला-फुसलाकर अपने घर पर ले गया। पुलिस अधीक्षक ने दर्ज कराई गई रिपोर्ट के हवाले से बताया कि आरोपी ने बच्ची से दुराचार किया और जब पीड़ित की चीख-पुकार सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे तो आरोपी भाग गया।
JUL 04, 2024 12:14 IST

उन्नाव में झोपड़ी पर पलटा बेकाबू ट्रक

उन्नाव जिले के बेहटा मुजावर क्षेत्र में चावल से लदे एक ट्रक के बेकाबू होकर, सड़क के किनारे झोपड़ी पर पलट जाने से एक महिला और उसके दो बच्चों की मौत हो गई। पुलिस क्षेत्राधिकारी (बांगरमऊ) अरविंद कुमार ने बृहस्पतिवार को बताया कि बांगरमऊ संडीला मार्ग पर बेहटा मुजावर क्षेत्र में बुधवार रात करीब दो बजे यह दुर्घटना हुई। उन्होंने बताया कि बांगरमऊ की ओर से आ रहा चावल से लदा एक ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे एक झोपड़ी पर पलट गया। इस हादसे में झोपड़ी में सो रही सरला (35) और उसके बेटे करण (15) तथा विक्की (13) ट्रक के नीचे दब गये।
JUL 04, 2024 12:11 IST

बलरामपुर में मामूली विवाद को लेकर मित्र की गोली मारकर हत्या

बलरामपुर नगर में मामूली विवाद को लेकर एक व्यक्ति ने अपने मित्र बीमा एजेंट की गोली मार कर कथित तौर पर हत्या कर दी। पुलिस अधीक्षक विकास कुमार ने बृहस्पतिवार को बताया कि शहर कोतवाली क्षेत्र के गदुरहवा मुहल्ले में बुधवार को फरहान नामक व्यक्ति का अपने मित्र मोहम्मद वसीम (24) से किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया। इसी दौरान उसने वसीम को गोली मार दी। वसीम बीमा एजेंट के तौर पर काम करता था। उन्होंने बताया कि घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस ने गम्भीर रूप से घायल वसीम को जिला अस्पताल पहुंचाया जहां डाक्टरों ने नाजुक हालत को देखते हुए उसे बहराइच रेफर कर दिया। बहराइच के अस्पताल में डाक्टरों ने वसीम को मृत घोषित कर दिया।
JUL 04, 2024 11:16 IST

ठाणे में 5.85 लाख रुपये मूल्य का मादक पदार्थ बरामद

महाराष्ट्र के ठाणे जिले में 45 वर्षीय एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर उसके पास से 5.85 लाख रुपये मूल्य का मादक पदार्थ मेफेड्रोन बरामद किया गया है। तुर्भे पुलिस थाने के अधिकारी ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए नवी मुंबई पुलिस के मादक पदार्थ निरोधक प्रकोष्ठ के दल ने बुधवार को सुबह करीब साढ़े आठ बजे शिल-फाटा के पास से इस व्यक्ति को गिरफ्तार किया था। उन्होंने बताया कि पुलिस ने आरोपी के पास से 58.5 ग्राम मेफेड्रोन बरामद किया है।
JUL 04, 2024 11:15 IST

शिमला में दो नेपाली नागरिक गिरफ्तार, 1.5 किलो अफीम बरामद

हिमाचल प्रदेश में शिमला जिले के ठियोग में नेपाल के दो लोगों को गिरफ्तार कर उनके पास से 1.5 किलोग्राम अफीम बरामद की गई है। पुलिस ने बताया कि आरोपियों की पहचान तिलक बोहरा और शुबा बुद्ध के रूप में हुई है। दोनों नारकंडा में मजदूरी करते थे। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि एक कार के जरिए बड़ी मात्रा में अफीम की तस्करी की जा रही है, जिसके बाद पुलिस ने गाडेगल गांव के पास नाकेबंदी की और वाहन को रोक लिया। अधिकारी ने बताया कि वाहन की तलाशी लेने पर उसमें से 1.5 किलोग्राम अफीम बरामद हुई।
JUL 04, 2024 10:21 IST

दक्षिण पूर्वी दिल्ली में बहुमंजिला मकान में लगी आग

दिल्ली के ईस्ट ऑफ कैलाश इलाके में बृहस्पतिवार सुबह एक बहुमंजिला मकान में आग लग गई। दिल्ली अग्निशमन सेवा के अधिकारियों के अनुसार एक इमारत की तीसरी और चौथी मंजिल पर आग लगने की सूचना सुबह पांच बजकर 50 मिनट पर,मिली जिसके बाद दमकल की आठ गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। एक अधिकारी ने बताया कि एक महिला को इमारत से सुरक्षित निकाल लिया गया है, आग पर काबू पाने के प्रयास जारी हैं।
JUL 04, 2024 09:39 IST

जोधपुर में एक बुजुर्ग महिला और दो बच्चियों की निर्मम हत्या

जोधपुर में एक ही परिवार के तीन लोगों की निर्मम हत्या हो गई। जिसमें एक बुजुर्ग महिला और दो बच्चियां शामिल हैं। वहीं एक महिला गंभीर रूप से घायल है। जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने लूट के इरादे से हत्या करने की बात से इंकार किया है।
JUL 04, 2024 08:34 IST

कर्नाटक के उडुपी में वन विभाग ने अजगर को बचाया

कर्नाटक के मंगलुरु शहर से करीब 50 किलोमीटर दूर उडुपी में मंगलवार रात एक बाइक की हेडलाइट से लिपटे अजगर को वन विभाग ने बचा लिया और उसे वापस जंगल में छोड़ दिया। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंचे वन अधिकारी प्रणेश पारकला ने बताया कि भारी बारिश की वजह से अजगर पास के जंगल से निकल कर बाइक की हेडलाइट से लिपट कर आराम कर रहा था। उन्होंने बताया कि बाइक के मालिक राहुल की सूचना पर मौके पर पहुंच कर वन विभाग की टीम ने अजगर को बचाया और सुरक्षित घने जंगल में छोड़ दिया।
JUL 04, 2024 07:18 IST

असम में बाढ़ से बिगड़े हालात, आठ लोगों की मौत

असम में बाढ़ से लगातार बिगड़ते हालात के बीच बु‍धवार को आठ और लोगों की मौत हो गई, जबकि बाढ़ से 27 जिलों के 16.25 लाख से ज्यादा लोग प्रभावित हुए हैं। मंगलवार तक राज्य के 23 जिलों में 11.50 लाख लोग बाढ़ से प्रभावित थे। असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एएसडीएमए) की दैनिक बाढ़ रिपोर्ट के अनुसार, सोनितपुर जिले के तेजपुर राजस्व क्षेत्र में दो लोगों की मौत हो गई जबकि मोरीगांव के मायोंग, डिब्रूगढ़ के नहरकटिया, दरांग के पब मंगलाडी, गोलाघाट के देरगांव, बिश्वनाथ के हलेम और तिनसुकिया के मार्गेरिटा में एक-एक व्यक्ति की डूबने से मौत हुई।