LIVEदिल्ली-राजस्थान में दिन में छाया अंधेरा, पश्चिमी UP में भी बारिश का अलर्ट; जानें IMD का ताजा अपडेट
उत्तर भारत के मौसम में एक बार फिर बदलाव की सुगबुगाहट तेज हो गई है। विदा होती ठंड के बीच एक नया पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) सक्रिय हुआ है, जिसका असर आज पहाड़ों से लेकर मैदानी इलाकों तक देखने को मिलने वाला है। मौसम विभाग के मुताबिक बुधवार को मैदानी इलाकों में बारिश और पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी देखने को मिल सकती है। सुबह से ही दिल्ली-राजस्थान में इसकी झलकियां देखने को मिल रही हैं। हालांकि, इस मौसमी हलचल के बाद तापमान में बढ़ोतरी के भी आसार हैं। आइए नजर रखते हैं आज के मौसम पर और IMD के हवाले से जानते हैं आपके शहर के मौसम के ताजा अपडेट।

दिल्ली-राजस्थान में दिन में छाया अंधेरा, पश्चिमी UP में भी बारिश का अलर्ट; जानें IMD का ताजा अपडेट
हिमालयी क्षेत्रों में सक्रिय हुए नए पश्चिमी विक्षोभ के कारण उत्तर भारत के मौसम में बड़ा उलटफेर होने वाला है। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, 18 फरवरी, बुधवार को कश्मीर से लेकर बिहार तक इस सिस्टम का असर देखा जा सकता है। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में अगले 48 घंटों तक घने बादल छाए रहेंगे और हल्की से मध्यम बर्फबारी के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। पहाड़ी राज्यों में तेज हवाओं के चलने से सिहरन वाली ठंड का अहसास होगा। मैदानी इलाकों की बात करें तो हरियाणा, पंजाब, राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बुधवार को मौसम अप्रत्याशित रूप से बदल सकता है। यहाँ तेज आंधीनुमा हवाओं के साथ हल्की बारिश और बिजली कड़कने की संभावना है। कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि (Hailstorm) का भी अंदेशा जताया गया है। स्काईमेट के अनुसार, पूर्वोत्तर भारत और दक्षिण के अंडमान निकोबार द्वीप समूह में भी छिटपुट बारिश हो सकती है, जबकि देश के बाकी हिस्सों में तापमान बढ़ने से गर्मी के संकेत मिलने लगे हैं। तो जुड़े रहिए टाइम्स नाउ नवभारत के साथ और जानिए अपने शहर को मौसम के हालात, लाइव।
बिहार में पछुआ हवाओं से सुबह-शाम ठंड
बिहार में दिनभर पछुआ हवाएं चलने से सुबह-शाम हल्की ठंड महसूस हो रही है। हालांकि दिन में तेज धूप निकलने लगी है। फिलहाल प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ का असर नहीं रहेगा। लेकिन तापमान में उतार-चढ़ाव का सिलसिला जारी रह सकता है।
पंजाब और हरियाणा में बारिश
पंजाब और हरियाणा में आज कई जिलों में काले बादल छाए रहे। कहीं-कहीं पर बारिश भी दर्ज की गई। मौसम विभाग ने करनाल, हिसार, अंबाला, जिंद, रोहतक, रेवाड़ी और पंजाब के लुधियाना व पटियाला समेत आसपास के जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना जताई है।
दिल्ली की हवा खराब, AQI 227 दर्ज
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीपी) के अनुसार, दिल्ली की वायु गुणवत्ता ’खराब’ श्रेणी में बनी हुई है। सुबह नौ बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 227 दर्ज किया गया।
दिल्ली के कई इलाकों में हुई बारिश
दिल्ली के विभिन्न हिस्सों में बुधवार को हल्की बारिश हुई और न्यूनतम तापमान 15.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम में औसत से 4.8 डिग्री अधिक है। आईएमडी ने आमतौर पर बादल छाए रहने का पूर्वानुमान जताया है और कुछ स्थानों पर गरज और बिजली चमकने के साथ हल्की बारिश की संभावना जताई है।
Aaj Ka Mausam Live Updates: राजस्थान के झुंझुनू में बारिश
पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से झुंझुनूं जिले के चिड़ावा क्षेत्र में मौसम अचानक बदल गया। तेज हवाओं के साथ बारिश और ओलावृष्टि शुरू हो गई, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ। कई जगहों पर चने से बड़े आकार के ओले गिरे, जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई है। अगेती रबी फसलों को नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है। खेतों में खड़ी फसल पर ओलों की मार से उत्पादन प्रभावित होने की संभावना है, जिससे किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है। मौसम विभाग ने जिले के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए तेज हवाओं और ओलावृष्टि की चेतावनी दी थी, जो बुधवार को सच साबित हुई।
Aaj Ka Mausam Live Updates: राजसमंद में बारिश
राजसमंद जिला मुख्यालय सहित जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में वेस्टर्न डिस्टर्बेस का असर देखा जा रहा है। जिले के कुंभलगढ़ आमेट देवगढ़ और जिला मुख्यालय के मौसम में बदलाव आया, जिसके कारण दोपहर बाद आकाश में बादल छा गए। मंगलवार शाम होते-होते बूंदाबांदी शुरू हुई, जो रुक-रुक कर देर रात तक जारी रही। आज सुबह भी कई क्षेत्रों में रुक-रुककर बारिश हुई।
Delhi Ka Mausam Live Updates: दिल्ली के मौसम की पूरी खबर, विस्तार में
Aaj Ka Mausam Live Updates: 9 राज्यों में बारिश का अलर्ट
अगले 36 घंटों में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस का असर उत्तर और मध्य भारत पर दिखेगा। इसके चलते मध्य प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा और पंजाब समेत नौ राज्यों में बारिश, आंधी और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया गया है। मध्य प्रदेश में दो साइक्लोनिक सर्कुलेशन और एक पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम बदला है, जिससे न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी हुई है और 22 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट है।
उत्तर प्रदेश और दिल्ली के कई इलाकों में हल्की बारिश की संभावना है, जबकि राजस्थान के 13 जिलों में बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। जयपुर में सुबह से ही बारिश और ओलावृष्टि हो रही है। वहीं हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में बुधवार से बर्फबारी और बारिश की चेतावनी दी गई है। उत्तराखंड के उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है।
Aaj Ka Mausam Live Updates: झारखंड में कैसा है मौसम का हाल
झारखंड में मौसम तेजी से बदल रहा है। राज्य के अधिकांश जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से ऊपर और अधिकतम तापमान 30 डिग्री पार कर चुका है। पिछले 24 घंटे में चाईबासा सबसे गर्म रहा, जहां तापमान 33.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दोपहर में अच्छी-खासी गर्मी महसूस हुई और लोग हल्के कपड़ों में नजर आए। दक्षिणी जिलों पूर्वी-पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां में भी अधिकतम तापमान 33-34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 15-16 डिग्री के आसपास बना हुआ है।
Aaj Ka Mausam Live Updates: छत्तीसगढ़ का मौसम
छत्तीसगढ़ में फिलहाल मौसम शुष्क बना हुआ है। अगले 24 घंटों में न्यूनतम तापमान 2 से 3 डिग्री तक बढ़ सकता है, लेकिन इसके बाद किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार प्रदेश में कोई सक्रिय सिस्टम नहीं है, इसलिए बारिश या तेज़ बदलाव के संकेत नहीं मिल रहे हैं।
MP Ka Mausam Live Updates: MP में बदला तीसरी बार मौसम
फरवरी की शुरुआत में ही मध्य प्रदेश में दो बार ओले, बारिश और आंधी का दौर देखने को मिला था, जिससे फसलों को काफी नुकसान हुआ। इसके बाद सरकार ने प्रभावित फसलों का सर्वे भी कराया। अब 18 फरवरी से तीसरी बार प्रदेश में बारिश होने की संभावना है। वर्तमान में हल्की सर्दी का असर बना हुआ है। रात और सुबह के समय ठंड महसूस होगी, जबकि दिन में तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से ऊपर जा सकता है। ज्यादातर शहरों में रात का तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से ऊपर ही रहेगा। यानी अब ठंड का असर मुख्य रूप से रात में ही देखने को मिलेगा।
MP Ka Mausam Live Updates: मध्य प्रदेश के 22 जिलों में अलर्ट
मध्य प्रदेश में मौसम का मिजाज बदलने वाला है। बुधवार को राज्य के 22 जिलों में आंधी, बारिश और गरज-चमक का अलर्ट जारी किया गया है, जिनमें इंदौर, ग्वालियर और उज्जैन भी शामिल हैं। रतलाम जिले के कई इलाकों में मंगलवार रात बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार दो साइक्लोनिक सर्कुलेशन और एक पश्चिमी विक्षोभ के कारण यह बदलाव हो रहा है। गुरुवार को भी ग्वालियर-चंबल क्षेत्र में बारिश की संभावना जताई गई है।
बुधवार को जिन जिलों में बारिश होने के आसार हैं, उनमें इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, धार, आलीराजपुर, झाबुआ, रतलाम, शाजापुर, राजगढ़, आगर-मालवा, नीमच, मंदसौर, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, श्योपुर, मुरैना, भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़ और छतरपुर शामिल हैं। वहीं भोपाल, बड़वानी, खरगोन, देवास, सीहोर, विदिशा, सागर, दमोह, पन्ना और सतना में बादल छाए रहने की संभावना है।
UP Ka Mausam Live Updates: लखनऊ का मौसम
लखनऊ में बुधवार सुबह से ही धूप खिली रही और दिनभर तेज धूप के साथ अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों में रात के तापमान में 2 से 4 डिग्री तक गिरावट हो सकती है, जिससे रातें ठंडी बनी रहेंगी।
Bihar Ka Mausam Live Updates: बिहार में मौसम का क्या है हाल
बिहार में इस बार फरवरी का मौसम सामान्य पैटर्न से अलग दिखाई दे रहा है। आमतौर पर यह महीना हल्की ठंड और सुहावने मौसम के लिए जाना जाता है, लेकिन इस साल तापमान लगातार बढ़ रहा है। ताजा आंकड़ों के अनुसार छह जिलों में अधिकतम तापमान 30°C से ऊपर पहुंच गया है, जबकि 15 जिलों में पारा 29°C से 32°C के बीच दर्ज किया जा रहा है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि तापमान में यह बढ़ोतरी धीमी जरूर है, लेकिन लगातार जारी है और फरवरी के अंत तक यही रुझान बने रहने की संभावना है। बुधवार की सुबह भी साफ रही, कोहरा लगभग नहीं के बराबर था और सूरज निकलते ही आसमान चमक उठा। दिनभर आसमान साफ रहेगा, हल्की हवा चलेगी। दिन का तापमान करीब 30°C और रात का तापमान लगभग 15°C के आसपास रहने की उम्मीद है। फिलहाल घने कोहरे या बारिश की कोई संभावना नहीं है।
UP Ka Mausam Live Updates: यूपी के इन शहरों में आएगी बारिश
उत्तर प्रदेश में गुलाबी ठंड के विदा होते ही मौसम ने नया रंग दिखाना शुरू कर दिया है। मौसम विभाग ने 18 और 19 फरवरी के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया है। पश्चिमी संभाग के 19 जिलों में आज आकाश में काले बादलों की आवाजाही के बीच हल्की बूंदाबांदी की संभावना जताई गई है। मुरादाबाद, बरेली, रामपुर, पीलीभीत का तराई क्षेत्र, अमरोहा, मेरठ, मुजफ्फरनगर, बागपत, शामली, अलीगढ़, हाथरस, मैनपुरी और फिरोजाबाद सहित कई जिलों में दिनभर बादल छाए रहेंगे और दोपहर के समय हल्की बारिश हो सकती है। वहीं लखनऊ, कानपुर, गोरखपुर, बलिया, बस्ती, अयोध्या, लखीमपुरखीरी और सुल्तानपुर जिलों में तेज हवाएं चलने की संभावना है। फिलहाल प्रदेश में ठंड धीरे-धीरे कम हो रही है और दिन में धूप निकल रही है, लेकिन आने वाले दो दिनों तक मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा।
Delhi Ka Mausam Live Updates: दिल्ली में शुरू हुई बारिश
दिल्ली में बुधवार सुबह मौसम ने करवट ली। राजधानी के कई इलाकों में हल्की बारिश दर्ज की गई। मोती बाग,रोहिणी, इंडिया गेट, कर्तव्य पथ और अक्षरधाम मंदिर के आसपास बूंदाबांदी से मौसम में कुछ ठंडक का अहसास हुआ।
Rajasthan Ka Mausam Live Updates: जयपुर-अलवर में रुक-रुक कर हो रही बारिश
जयपुर में बुधवार सुबह वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के असर से कई इलाकों में ओले गिरे। रुक-रुककर हो रही बारिश के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई। एनसीआर के जिलों में भी सुबह मौसम का मिज़ाज बदला हुआ रहा। अलवर जिले में सुबह 5 बजे से लगातार रुक-रुककर बरसात हो रही है, जिससे न्यूनतम तापमान में 2-3 डिग्री की कमी आई है।
Rajasthan Ka Mausam Live Updates: राजस्थान के 33 जिलोंं में अलर्ट घोषित
मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार, आज इस वेदर सिस्टम का सबसे ज्यादा असर राज्य के उत्तर-पूर्वी हिस्सों में रहेगा। विभाग ने 15 जिलों में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया है, जबकि अन्य 18 जिलों के लिए 'येलो अलर्ट' जारी किया गया है। बीकानेर, जयपुर, अजमेर, भरतपुर और कोटा संभाग सहित शेखावाटी क्षेत्र में आज 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
Rajasthan Ka Mausam Live Updates: राजस्थान के मौसम का हाल
पिछले 24 घंटों में नागौर, श्रीगंगानगर, पाली, हनुमानगढ़ और चूरू जिलों में हल्की बारिश दर्ज की गई। नागौर में बारिश के साथ कुछ स्थानों पर ओले भी गिरे। वहीं श्रीगंगानगर में अधिकतम तापमान 5.7 डिग्री घटकर 24.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। मौसम विभाग के अनुसार आज इस सिस्टम का असर राज्य के उत्तर-पूर्वी हिस्सों में सबसे ज्यादा रहेगा। 19 फरवरी को तापमान में हल्की गिरावट देखने को मिलेगी, लेकिन इसके बाद तापमान फिर से बढ़ेगा और आसमान साफ रहने की संभावना है।