LIVE

बंगाल-बिहार से लेकर तमिलनाडु तक होगी बरसात, चक्रवात 'शक्ति' को लेकर महाराष्ट्र में आया अलर्ट; जानें आपके शहर में कैसा रहेगा आज का मौसम

उत्तर भारत में सक्रिय वेस्टर्न डिस्टर्बेंस और बंगाल की खाड़ी में बने साइक्लोनिक सर्कुलेशन के प्रभाव से देशभर में मौसम का मिजाज बदलने वाला है। कश्मीर से लेकर कन्याकुमारी तक कई इलाकों में बदलाव देखने को मिलेगा। विशेष रूप से उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, बिहार, राजस्थान और दिल्ली-एनसीआर में तेज़ आंधी-तूफान और अन्य मौसमी गतिविधियों की संभावना जताई जा रही है।

Nishant TiwariUpdated Oct 4, 2025, 20:15 IST
Follow on Google News
बंगाल-बिहार से लेकर तमिलनाडु तक होगी बरसात, चक्रवात 'शक्ति' को लेकर महाराष्ट्र में आया अलर्ट; जानें आपके शहर में कैसा रहेगा आज का मौसम

बंगाल-बिहार से लेकर तमिलनाडु तक होगी बरसात, चक्रवात 'शक्ति' को लेकर महाराष्ट्र में आया अलर्ट; जानें आपके शहर में कैसा रहेगा आज का मौसम

महीने की शुरुआत में ही मौसम ने अपने नजारे दिखाने शुरू कर दिए हैं। अक्टूबर में कई मौसमी गतिविधियों के आसार हैं जिससे जल्द ही गुलाबी ठंड का एहसास होने लगेगा। 15 अक्टूबर तक देश के विभिन्न हिस्सों पर बादलों की आवाजाही जारी रहेगी और कहीं-कहीं बारिश की बूंदे मौसम को सुहावना रखेंगी। आज उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा, पंजाब और मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में गरज चमक के साथ मध्यम से भारी बारिश दर्ज की जा सकती है। आइए नजर रखते हैं इसपर और जानते हैं आपके शहर के मौसम का पल-पल का हाल।

OCT 04, 2025 20:15 IST

नरकटियागंज में जलभराव


नरकटियागंज नगर परिषद क्षेत्र में भी कागजों पर हुई। नालों की सफाई की पोल एक दिन की बारिश ने खोल कर रख दी। यहां वार्ड नंबर 13 ,14, और 3 में पानी का जमाव से लोगों का आना जाना दुर्लभ हो गया। नगरवासी वीडियो बना नगर परिषद को सफाई का आईना दिखा रहें। वही कुछ लोग इसे आपदा बता रहें। हालांकि 1 दिन की मूसलधार बारिश में नगर का ये हाल ।
OCT 04, 2025 20:15 IST

बेतिया में मूसलाधार बारिश से सड़कें जलमग्न


पश्चिम चंपारण जिले में 3 अक्टूबर की शाम से लगातार मूसलाधार बारिश हो रही हैं। मूसलाधार बारिश होने से बेतिया की सड़कें समुद्र में तब्दील हो गईं। नगर के तीन लालटेन चौक, पावर हाउस चौक सहित कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात हो गए। वहीं पानी सड़कों पर अत्यधिक होने के कारण कई बंद दुकानों में पानी प्रवेश कर गया, जिससे दुकानदारों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
OCT 04, 2025 17:23 IST

आज का मौसम, Aaj Ka Mausam Live Updates: गुजरात में भारी बारिश की आशंका

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, अगले सात दिनों तक देश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश जारी रह सकती है। चक्रवात 'शक्ति' 5 अक्टूबर तक तेजी से आगे बढ़ेगा और 6 अक्टूबर को गुजरात की ओर यू-टर्न लेगा। इसके बाद इसकी गति धीमी पड़ने की संभावना है। 8 अक्टूबर को द्वारका, जामनगर, पोरबंदर, सूरत, नवसारी और वलसाड जैसे जिलों में मध्यम से भारी बारिश की आशंका जताई गई है। हालांकि, चक्रवात 'शक्ति' का गुजरात पर अपेक्षाकृत कम प्रभाव पड़ेगा। मौसम विभाग ने मछुआरों को अगले पांच दिनों तक समुद्र से दूर रहने की सलाह दी है।
OCT 04, 2025 14:54 IST

आज का मौसम, Aaj Ka Mausam Live Updates: गुजरात में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना

गुजरात में अगले 7 दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान जताया गया है। मौसम विभाग के अनुसार 8 अक्टूबर को द्वारका, जामनगर, पोरबंदर, सूरत, नवसारी और वलसाड में मध्यम से भारी बारिश की संभावना है।

OCT 04, 2025 13:51 IST

आज का मौसम, Aaj Ka Mausam Live Updates: खराब मौसम के चलते 3 दिन वैष्णो देवी यात्रा स्थगित

खराब मौसम के चलते माता वैष्णो देवी यात्रा को तीन दिन के लिए स्थगित कर दिया गया है। 5 अक्टूबर से 7 अक्टूबर तक यात्रा बंद रहेगी। जिसके बाद 8 अक्टूबर से फिर से वैष्णो देवी यात्रा शुरू हो जाएगी।
OCT 04, 2025 12:49 IST

आज का मौसम, Aaj Ka Mausam Live Updates: लखनऊ के कई इलाकों में हुई बारिश

OCT 04, 2025 09:34 IST

आज का मौसम, Aaj Ka Mausam Live Updates: बिहार के कई जिलों में अलर्ट

बिहार में मौसम विभाग ने कई जिलों के लिए चेतावनी जारी की है। राज्य के वैशाली, दरभंगा और मधुबनी जिलों में एक या दो स्थानों पर अत्यंत भारी वर्षा की संभावना के चलते रेड अलर्ट घोषित किया गया है। वहीं, सुपौल, मुजफ्फरपुर और सारण जिलों में अति-भारी वर्षा की आशंका को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा, राज्य के अधिकांश हिस्सों में मेघगर्जन, वज्रपात और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। गोपालगंज, सीवान, सीतामढ़ी, समस्तीपुर, पटना, सहरसा, मधेपुरा, अररिया और पूर्णिया जिलों में एक या दो स्थानों पर भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।
OCT 04, 2025 08:59 IST

आज का मौसम, Maharashtra Ka Mausam Live Updates: महाराष्ट्र सरकार ने 'शक्ति' को लेकर जारी की एडवाइजरी

चक्रवात शक्ति के कारण कोंकण तट पर घने काले बादल के साथ तेज बारिश होने की संभावना है। महाराष्ट्र सरकार ने भी 'शक्ति' से निपटने के लिए तैयारी शुरू कर दी है। महाराष्ट्र सरकार द्वारा जारी एडवाइजरी में इस चक्रवात के दौरान पर्यटकों के लिए खास चेतावनी जारी की गई है। लोगों को समुद्री तटों से दूर रहने की सलाह दी गई है। यहां पढ़ें पूरी खबर डीटेल में- महाराष्ट्र में चक्रवात ‘शक्ति’ का खतरा, IMD ने जारी किया अलर्ट
OCT 04, 2025 08:04 IST

आज का मौसम, Mumbai Ka Mausam Live Updates: महाराष्ट्र में चक्रवात 'शक्ति' को लेकर कई जिलों में अलर्ट

चक्रवात 'शक्ति' के प्रभाव से मानसून के बाद भी महाराष्ट्र में बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने 4 से 7 अक्टूबर तक राज्य के कई तटीय जिलों में इसका असर दिखने की चेतावनी दी है। मुंबई, रायगढ़, रत्नागिरी, पालघर और सिंधुदुर्ग में भारी बारिश और तेज हवाओं को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। साथ ही, मछुआरों को समुद्र से दूर रहने की सलाह दी गई है।
OCT 04, 2025 07:23 IST

आज का मौसम, West Bengal Ka Mausam Live Updates: बंगाल के इन जिलों में होगी जोरदार बरसात

आईएमडी के बुलेटिन के अनुसार उप-हिमालयी जिले के दार्जिलिंग, कलिम्पोंग, अलीपुरद्वार, जलपाईगुड़ी और कूच बेहार में पांच अक्टूबर तक भारी से बहुत भारी बारिश (7-20 सेंटीमीटर) होने की आशंका है। इसमें कहा गया है कि दक्षिण बंगाल के बीरभूम, पूर्व और पश्चिम मेदिनीपुर, झाड़ग्राम, पुरुलिया, दक्षिण 24 परगना, मुर्शिदाबाद, पूर्व और पश्चिम बर्धमान और बांकुड़ा जिलों में शनिवार तक भारी बारिश (7-11 सेमी) होने की संभावना है।
OCT 04, 2025 07:22 IST

आज का मौसम, Aaj Ka Mausam Live Updates: पश्चिम बंगाल में भी आज भारी बारिश

गहरे दबाव का क्षेत्र कमजोर पड़ने के कारण आज पश्चिम बंगाल के कई जिलों में भारी बारिश का अनुमान है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने बताया है कि ये क्षेत्र कमजोर होकर ओडिशा के अंदरूनी हिस्सों में पहुंच गया है। कई जगहों पर छह अक्टूबर तक हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, अवदाब एक ऐसी स्थिति है जो निम्न दबाव क्षेत्र के बाद और चक्रवाती तूफान से पहले आती है, जिसके कारण आमतौर पर भारी वर्षा होती है और तेज हवाएं चलती हैं।
OCT 04, 2025 07:20 IST

आज का मौसम, Varanasi Ka Mausam Live Updates: वाराणसी में आज भी भारी बारिश

वाराणसी में भारी बारिश के बाद वाराणसी शहर के कई हिस्सों में जलभराव देखने को मिल रहा है। आज भी वाराणसी में पूरे दिन तड़क-गरज के साथ बरसात का दौर चलने वाला है। आज का अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री दर्ज किया जाएगा।
OCT 04, 2025 07:13 IST

आज का मौसम, Aaj Ka Mausam Live Updates: बिहार में क्या रहेगा मौसम का हाल

बिहार में मौसम ने अचानक करवट ली है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, अगले सात दिनों तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में तेज हवाओं के साथ बारिश और ठनका गिरने की आशंका बनी रहेगी। विभाग ने पटना, बक्सर, भोजपुर, सारण, सीतामढ़ी, शिवहर, बांका, जमुई, जहानाबाद, शेखपुरा, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद, अरवल, पूर्वी और पश्चिमी चंपारण, गोपालगंज, सिवान, नवादा और गया जिलों के लिए मूसलाधार बारिश का अलर्ट जारी किया है।
OCT 04, 2025 07:13 IST

आज का मौसम, Aaj Ka Mausam Live Updates: कैसा रहेगा यूपी का मौसम

उत्तर प्रदेश में मौसम ने करवट ले ली है। कई जिलों में बादलों की आवाजाही के साथ तेज मौसमी गतिविधियां देखने को मिल रही हैं। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने अगले 24 घंटों के भीतर 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने की संभावना जताई है। इस दौरान गरज के साथ बारिश, ओलावृष्टि और बिजली गिरने की आशंका भी है। खासतौर पर बुंदेलखंड क्षेत्र के बांदा, चित्रकूट, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, कौशांबी, सोनभद्र, चंदौली और वाराणसी में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।