Rekha Gupta Attacked BJP Claims: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर बुधवार सुबह सिविल लाइंस स्थित उनके सरकारी आवास पर आयोजित 'जन सुनवाई' कार्यक्रम के दौरान हमला किया गया। पुलिस ने इस हमलावर को तुरंत दबोच लिया। सीएम आावास की तरफ से बयान जारी कर इस घटना की पुष्टि की गई है। दिल्ली पुलिस ने हमलावर को हिरासत में ले लिया है और उससे सिविल लाइंस थाने में पूछताछ की जा रही है। बीजेपी नेताओं ने सीएम पर हुए हमले की कड़ी निंदा की है।
पुलिस ने हमलावर को दबोचा
आज जनसुनवाई के दौरान एक शख्स ने सीएम रेखा गुप्ता पर हमला करने की कोशिश की। हमलावर की उम्र करीब 41 साल है और उसका नाम राजेश भाई खिमजी बताया जा रहा है। वह अपने हाथ में कुछ कागज लिए हुए था और जन सुनवाई के दौरान अपनी शिकायत लेकर सीएम रेखा गुप्ता के नजदीक पहुंचा। फिर अचानक उसने सीएम पर हमला करने की कोशिश की और अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया। पुलिस ने उसे तुरंत दबोच लिया और सिविल लाइंस थाने ले गई।
सूत्रों के मुताबिक, दिल्ली पुलिस ने आरोपी राजेश भाई खिमजी परिवार से संपर्क किया है। आरोपी की मां भानु बेन ने कहा कि मेरा बेटा पशु प्रेमी है और डॉग वाले मुद्दे को लेकर दुखी था। इस वजह से वो दिल्ली गया था। दिल्ली पुलिस आरोपी से ये पूछताछ कर रही है कि क्या आरोपी राजेश इससे पहले सीएम आवास जन सुनवाई के दौरान आ चुका है। पुलिस यह भी जानने की कोशिश कर रही है कि अगर वह आज से पहले भी जन सुनवाई में मुख्यमंत्री के आवास पर पहुंचा था, तो क्या उस दौरान भी उसने मुख्यमंत्री पर हमला करने की प्लानिंग की थी।

हमलावर राजेश खिमजी
सीएम हमेशा की तरह काम करेंगी- प्रवीण खंडेलवाल
मुख्यमंत्री आवास पर भाजपा सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने कहा, सीएम जनता से बात करते हुए उनके बीच जाती हैं। इसलिए, उसने (आरोपी ने) इसका फायदा उठाया...मुख्यमंत्री स्थिर हैं। वह हमेशा की तरह काम करेंगी। चिंता करने की कोई जरूरत नहीं है। पुलिस जांच चल रही है।
वीरेंद्र सचदेवा ने की निंदा
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने साप्ताहिक जनसुनवाई के दौरान मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर हुए हमले की कड़ी निंदा की है। पुलिस जांच से मामले का खुलासा होगा। इसे लेकर बीजेपी नेताओं ने आक्रोश जाहिर करते हुए बयान दिए हैं। बीजेपी नेता हरीश खुराना ने कहा कि हमला राजनीति से प्रेरित हो सकता है। वहीं, रमेश विधूड़ी ने कहा कि विपक्ष ने साजिशन हमला कराया है।
बड़ी चूक की आंतरिक जांच करेगी पुलिस
दिल्ली पुलिस सूत्रों के मुताबिक, दिल्ली पुलिस सीएम सुरक्षा में हुई ये बड़ी चूक की आंतरिक जांच करवाएगी। लापरवाही किसकी रही, कहां रही, कैसे सीएम तक कोई शख्स पहुंच गया, इसकी जांच होगी। दिल्ली पुलिस कमिश्नर की निगरानी में यह जांच होगी। इस घटना को दिल्ली पुलिस की बड़ी चूक माना जा रहा है।
