Patna : कोचिंग की चौथी मंजिल से गिरी छात्रा, हत्या या हादसा? परिजनों ने रखी ये डिमांड
- Edited by: Pushpendra Kumar
- Updated Feb 13, 2026, 08:08 PM IST
बिहार की राजधानी पटना के फुलवारीशरीफ स्थित एक कोचिंग सेंटर की चौथी मंजिस से 12 वीं की छात्रा की गिरकर संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।
(सांकेतिक फोटो-Istock)
पटना : फुलवारीशरीफ स्थित एक निजी कोचिंग संस्थान की बिल्डिंग से गिरकर 12वीं की एक छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। घटना के बाद परिजनों ने इसे हादसा मानने से इनकार करते हुए हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम रिपोर्ट के लिए भेजकर अंतिम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है कि आखिर मौत कैसे हुई?
मीडिया खबरों के अनुसार 16 वर्षीय छात्रा 13 फरवरी की सुबह करीब 7 बजकर 45 मिनट पर घर से कोचिंग के लिए निकली थी। उसी के कुछ देर बाद सूचना मिली कि वह कोचिंग संस्थान की इमारत की चौथी मंजिल से गिर गई है। घायल अवस्था में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया है। इसके बाद परिजनों ने हत्या की आशंका हुई।
बताया जा रहा है कि कोचिंग सेंटर पहली मंजिल पर संचालित है। ऐसे में छात्रा का चौथी मंजिल पर जाना कई सवाल खड़े कर रहा है। परिजनों का आरोप है कि घटना संदिग्ध है और इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। पुलिस को प्रारंभिक जांच में सीसीटीवी फुटेज मिले हैं। फुटेज में छात्रा को सीढ़ियों से ऊपर जाते हुए देखा गया है। कुछ देर बाद एक युवक भी उसी दिशा में जाता दिखाई देता है। इसके बाद छात्रा के गिरने की सूचना मिलती है। लिहाजा, पुलिसफुटेज के आधार पर यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि छात्रा चौथी मंजिल पर क्यों गई और उस दौरान वहां कौन-कौन मौजूद था?
परिजनों का हत्या का आरोप
मृतक छात्रा के परिजनों का कहना है कि छात्रा के शरीर पर चोट के निशान थे, जिससे हत्या का संदेह हो रहा है। आशंका जताई है कि छात्रा के साथ किसी तरह की जबरदस्ती या दुर्व्यवहार हुआ हो सकता है। परिवार ने प्रशासन से निष्पक्ष और गहन जांच की मांग की है। उन्होंने कहा कि जब तक सच्चाई सामने नहीं आती, वे इसे हादसा मानने को तैयार नहीं हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। फिलहाल पुलिस ने संबंधित लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है और कोचिंग संस्थान के संचालकों से भी जानकारी ली जा रही है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
