बिजनेस

रोज टिकट बुक करने वाले भी रह गए दंग! हर रात 45 मिनट के लिए क्यों बंद हो जाती है रेलवे की वेबसाइट

क्या आप जानते हैं कि रेलवे हर रात 11:45 से 12:30 बजे तक अपनी ऑनलाइन टिकट बुकिंग सेवा बंद रखता है? पहले यह ब्रेक एक घंटे का था, जिसे अब घटाकर 45 मिनट कर दिया गया है।

Image

Indian Railway

डिजिटल इंडिया के इस दौर में हम मानते हैं कि इंटरनेट पर हर सेवा 24 घंटे उपलब्ध है। चाहे शॉपिंग हो या बैंकिंग, हम अपनी सुविधा के अनुसार कभी भी काम कर सकते हैं। Indian Railway की ऑनलाइन टिकट बुकिंग सेवा (IRCTC) के साथ भी लोग यही सोचते हैं, लेकिन यह पूरी तरह सच नहीं है। हर रात एक ऐसा समय आता है जब करोड़ों लोगों की लाइफलाइन मानी जाने वाली यह वेबसाइट पूरी तरह से 'थप' हो जाती है। रात के 11:45 बजे से लेकर 12:30 बजे तक आप न तो टिकट बुक कर सकते हैं और न ही अपना PNR स्टेटस चेक कर सकते हैं। आइए जानते हैं कि आखिर इन 45 मिनटों में रेलवे के सर्वर पर ऐसा क्या होता है।

क्यों बंद हो जाती है बुकिंग?

भारतीय रेलवे दुनिया का चौथा सबसे बड़ा रेल नेटवर्क है। IRCTC की वेबसाइट पर रोजाना औसतन 8 लाख से अधिक टिकट बुक किए जाते हैं और करोड़ों लोग अपनी यात्रा की जानकारी के लिए इस पर निर्भर रहते हैं। इतने भारी ट्रैफिक को संभालने के लिए वेबसाइट के सर्वर पर जबरदस्त दबाव रहता है। इसी दबाव को कम करने और सिस्टम को सुचारू रूप से चलाने के लिए रेलवे हर रात 45 मिनट का 'मेंटेनेंस ब्रेक' लेता है। इस दौरान टेक्निकल टीमें बैकएंड पर काम करती हैं, ताकि अगले दिन की बुकिंग के लिए सर्वर पूरी तरह से तैयार और तेज काम कर सके।

होता है जरुरी काम

क्या आपने कभी सोचा है कि अगर अचानक रेलवे का डाटा डिलीट हो जाए तो क्या होगा? लाखों यात्रियों की जानकारी और उनके टिकटों का हिसाब खो सकता है। इसीलिए, इन 45 मिनटों में केवल रिपेयरिंग ही नहीं होती, बल्कि पूरे दिन के डाटा का 'बैकअप' भी लिया जाता है। मेंटेनेंस के दौरान हर एक टिकट की एक 'सेकंड कॉपी' तैयार की जाती है। यह बैकअप प्रक्रिया यह सुनिश्चित करती है कि अगर भविष्य में कभी मुख्य सर्वर क्रैश हो जाए, तो भी यात्रियों का डाटा सुरक्षित रहे। यह एक तरह का सुरक्षा कवच है जो रेलवे की डिजिटल व्यवस्था को मजबूती प्रदान करता है।

पहले क्या था नियम?

पहले यह मेंटेनेंस ब्रेक थोड़ा लंबा हुआ करता था। पुराने नियमों के मुताबिक, रेलवे दिन के 24 घंटों में से केवल 23 घंटे ही बुकिंग के लिए उपलब्ध रहता था। तब रात 11:30 बजे से लेकर 12:30 बजे तक यानी पूरे एक घंटे के लिए सेवाएं बंद रहती थीं। लेकिन यात्रियों की बढ़ती संख्या और उनकी सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने इसमें सुधार किया। अब इसे घटाकर मात्र 45 मिनट कर दिया गया है। 11:30 के बजाय अब वेबसाइट 11:45 तक खुली रहती है, जिससे देर रात टिकट बुक करने वालों को 15 मिनट का अतिरिक्त समय मिल गया है।

मेंटेनेंस के दौरान क्या-क्या बंद रहता है?

इस 45 मिनट के अंतराल में न केवल IRCTC की वेबसाइट, बल्कि रेलवे के अन्य डिजिटल पोर्टल भी काम करना बंद कर देते हैं। आप इस दौरान टिकट बुक नहीं कर पाएंगे, पहले से बुक टिकट को कैंसिल नहीं कर पाएंगे और अपना PNR स्टेटस भी चेक नहीं कर सकेंगे। यहाँ तक कि इंक्वायरी की सेवाएं भी प्रभावित रहती हैं। इसलिए, यदि आप रात के समय यात्रा की प्लानिंग कर रहे हैं, तो हमेशा कोशिश करें कि रात 11:30 बजे से पहले अपना काम निपटा लें ताकि आपको आधी रात को सर्वर एरर का सामना न करना पड़े।

Richa Tripathi
रिचा त्रिपाठीauthor

रिचा त्रिपाठी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में बिजनेस डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया इंडस्ट्री में 7 वर्षों के अनुभव के साथ रिचा, पर्सनल फाइनेंस, स्टॉक मार्केट, टैक्स प्लानिंग और अर्थव्यवस्था से जुड़े विषयों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। अब तक 8,000 से अधिक कंटेंट लिख चुकी रिचा की विशेषता है—जटिल वित्तीय जानकारियों को सरल, स्पष्ट और भरोसेमंद तरीके से पाठकों तक पहुंचाना। वह ऐसी स्टोरीज तैयार करती हैं जो न केवल जानकारीपूर्ण होती हैं, बल्कि आम पाठक की वित्तीय समझ को बेहतर बनाने में भी मदद करती हैं।

और पढ़ें
End of Article