Times Now Navbharat
live-tv
Premium

कहां से आता है रेनियम पाउडर, क्यों Gold में मिलने के बाद हो जाता है गायब?

सोना में मिलावट नई बात नहीं, लेकिन इसके बाद भी सोना खरा बना रहे और मशीनें भी गच्चा खा जाएं, तो फिर यह आम बात नहीं रह जाती। यह कोई काल्पनिक स्थिति नहीं, बल्कि चीन का रचा एक जाल है।

Image
गोल्ड में रेनियम की मिलावट
Authored by: यतींद्र लवानिया
Updated Nov 18, 2026, 15:13 IST
Follow on Google News

Rhenium Mixed Gold चीन का रचा एक ऐसा जाल है, जिसमें करोड़ों भारतीय हंसते-हंसते फंस सकते हैं। क्योंकि, गोल्ड भारतीय परिवारों के लिए संपत्ति और निवेश के जरिये से कहीं ज्यादा है। गोल्ड की हर ज्वेलरी की अपनी कहानी होती है, उस कहानी में रिश्तों की कड़ियां होती हैं।

ज्यादातर भारतीय घरों में गोल्ड निवेश नहीं, बल्कि गहनों के तौर पर रखा है। इन गहनों में अक्सर 22 कैरेट गोल्ड का इस्तेमाल होता है। अभी तक इस गोल्ड में जो भी मिलावट होती थी, उसे कैरेटमीटर (karatmeters) से आसानी से पकड़ा जा सकता है। लेकिन, अब गोल्ड में रेनियम पाउडर मिक्स होने की बातें सामने आ रही हैं।

फिलहाल, भारत में यह पाउडर चीन से आ रहा है। रेनियम मिक्स गोल्ड की सबसे बड़ी खासियत इसकी मिलावट का कैरेटमीटर में पता नहीं लगना है। बहरहाल, जानते हैं कि आखिर यह मिलावटी पाउडर कहां से आता है, कैसे बना और क्या कोई तरीका है, जिससे इसकी मिलावट की पहचान की जा सके?

कहां से आता है रेनियम पाउडर?

भारत में रेनियम पाउडर चीन से आ रहा है। लेकिन, उससे भी बड़ा सवाल यह है कि चीन को यह कहां से मिल रहा है? क्या यह प्राकृतिक रूप से मिलता है या चीन खुद इसे बना रहा है। असल में रेनियम पाउडर मोलिब्डेनम (Molybdenum) और तांबे (Copper) की खदानों से निकलने वाले सह-उत्पाद (By-product) के रूप में मिलता है। यह प्राकृतिक रूप से या अलग खदानों नहीं होती और दुनिया में इसका सबसे बड़ा उत्पादक देश चिली (Chile) है।

रेनियम कैसे निकाला जाता है?

रेनियम पृथ्वी की पपड़ी में अत्यंत दुर्लभ मात्रा में मिलने वाले मोलिब्डेनाइट अयस्क के अंदर सूक्ष्म अशुद्धि के रूप में पाया जाता है। इसे केमिकल प्रॉसेसिंग के जरिये निकाला जाता है। जब तांबे की खदानों से निकले मोलिब्डेनम कंसन्ट्रेट को अत्यधिक तापमान पर भूना (Roasting) जाता है, तो रेनियम वाष्प (गैस) बनकर धुएं के साथ बाहर निकलता है। इसके बाद चिमनियों से इस गैस को पानी या क्षारीय घोल में जमा किया जाता है। इसके बाद रासायनिक शुद्धिकरण और हाइड्रोजन गैस की मदद से इसे शुद्ध धात्विक रेनियम पाउडर (Metallic Rhenium Powder) में बदला जाता है।

कौन से देशों होता है उत्पादक?

पूरी दुनिया में रेनियम का वार्षिक उत्पादन 50 से 62 टन के करीब है। USGS (यूनाइटेड स्टेट्स जियोलॉजिकल सर्वे) के आंकड़ों के हिसाब से चिली इसका सबसे बड़ा उत्पादक है, जो ग्लोबल सप्लाई का लगभग आधा हिस्सा (करीब 45% से 55%) अकेले तैयार करता है। इसके बाद अमेरिका, पोलैंड, चीन, उज्बेकिस्तान, दक्षिण कोरिया और कजाकिस्तान भी इसका उत्पादन करते हैं।

रेनियम की मिलावट ने बढ़ाई टेंशन

रेनियम की मिलावट ने बढ़ाई टेंशन

कहां होता है इसका इस्तेमाल?

रेनियम पाउडर का इस्तेमाल एयरोस्पेस इंडस्ट्री में हाई टेम्परेचर वाले जेट इंजन के कलपुर्जे बनाने में होता है। इसके अलावा पेट्रोलियम रिफाइनरियों में केमिकल कैटेलिस्ट के तौर पर भी इसका इस्तेमाल होता है। क्योंकि, इसका मेल्टिंग पॉइंट 3180°C तक होता है।मोटे तौर पर यह अत्यधिक गर्मी और दबाव सहने वाले उद्योगों के लिए बेहद जरूरी धातु है। दुनिया का करीब 80% रेनियम निकल-बेस्ड सुपरअलॉय बनाने में होता है। इन अलॉय से जेट इंजनों के टरबाइन ब्लेड और कम्बशन चैंबर बनाए जाते हैं। इसके अलावा पेट्रोकेमिकल इंडस्ट्री में सीसा-रहित (Lead-free), हाई-ऑक्टेन पेट्रोल बनाने में इसका इस्तेमाल होता है। एक्स-रे मशीनों के एनोड, रॉकेट इंजन के नोजल और मिसाइलों के कई कलपुर्जों में यह काम आता है।

क्यों पकड़ में नहीं आती मिलावट?

रेनियम पाउडर सोने में मिलाने के बाद बेहद बारीक कणों के रूप में उसके अंदर मौजूद रहता है, जिससे सामान्य जांच में इसकी मिलावट पकड़ना मुश्किल हो सकता है। रेनियम का घनत्व सोने के करीब होने के कारण वजन और आकार में खास अंतर नजर नहीं आता। वहीं, सोने और रेनियम की एक्स-रे स्पेक्ट्रल लाइनों में संभावित ओवरलैप के कारण XRF कैरेटमीटर गलत रीडिंग दे सकता है। साधारण एसिड टेस्ट और कसौटी जांच से भी इसकी पहचान नहीं होती है। इसकी एक वजह दोनों धातुओं का रासायनिक प्रतिरोध और रेनियम का बेहद अधिक मेल्टिंग पॉइंट है, जिसके कारण सोना पिघलने पर भी रेनियम के कण पूरी तरह नहीं पिघलते और उसके भीतर रह सकते हैं।

कितनी है इसकी कीमत

भारत में रेनियम पाउडर B2B और केमिकल सप्लायर्स के पास अलग-अलग शुद्धता के साथ ₹450 से ₹8,674 प्रति ग्राम के बीच मिलता है। आयात नियमों के तहत रेनियम पाउडर HSN कोड 8112 41 30 के अंतर्गत आता है। इसे भारत सरकार के क्रिटिकल मिनरल (Critical Minerals) मिशन के तहत आयात शुल्क में विशेष छूट दी गई है। गोल्डन/येलो ग्रेड और गोल्ड में मिक्स किया जाने वाला 99.99% शुद्ध 'गोल्डन रेनियम पाउडर' ₹4,811 प्रति ग्राम में मिल रहा है। वहीं, दैनिक भास्कर की एक रिपोर्ट के मुताबिक अनधिकृत एजेंटों के जरिए 1 ग्राम पाउडर का सैंपल ₹5,000 (प्लस ₹300 कूरियर) में बेचा जा रहा है।

मिलावट कहां से शुरू हुई?

द स्ट्रेट्स टाइम्स (The Straits Times) की रिपोर्ट के मुताबिक, अगस्त 2025 में झेजियांग पुलिस ने एक ऐसे सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया था, जिसने पुराने सोने के गहनों के नाम पर रेनियम-मिश्रित सोना बेचकर ज्वेलर्स और ग्राहकों को करीब 8,00,000 युआन का चूना लगाया था। माना जा रहा है कि भारत में भी इस मिलावट के पीछे चीनी सिंडिकेट है।

कैसे पता चलेगी मिलावट?

सोने में रेनियम पाउडर की मिलावट को आम दुकानों पर होने वाले एसिड टेस्ट, टचस्टोन (कसौटी) या साधारण कैरेट मीटर (XRF) से नहीं पकड़ा जा सकता। इसका पता सिर्फ ICP-OES, फायर एसे (Fire Assay), या अल्ट्रासोनिक जैसे लैब टेस्ट से ही संभव है। क्योंकि, रेनियम की डेंसिटी (21.02 g/cm³) और गोल्ड की (19.32 g/cm³) होती है। इसके अलावा मेल्टिंग पॉइंट 3180°C होने की वजह से पारंपरिक जांच को आसानी से धोखा दे देता है।

क्या है सबसे सटीक जांच का तरीका?

इंडक्टिवली कपल्ड प्लाज्मा ऑप्टिकल एमिशन स्पेक्ट्रोमेट्री (ICP-OES) या मास स्पेक्ट्रोमेट्री (ICP-MS) इस मिलावट को पकड़ने का सबसे सटीक तरीका है। इसमें सोने के एक सूक्ष्म नमूने को एसिड में घोलकर हाई टेम्परेचर वाले प्लाज्मा में जलाया जाता है, जिससे मेटल हर तत्व (जैसे रेनियम) की सटीक मात्रा सामने आ जाती है।

End of Article