Times Now Navbharat
live-tv
Premium

रुपया टूटना क्या होता है? डॉलर के सामने ही क्यों लुढ़कता है Rupya? जानिए गिरता ₹ कैसे बढ़ा रहा आपका खर्च

अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया तेजी से कमजोर हुआ है। रुपया टूटने से आयात बिल से लेकर महंगाई का बोझ बढ़ा है। आखिर भारतीय करेंसी क्यों लुढ़क रहा है? आइए जानते हैं।

Image
रुपया क्यों गिरता है?
Authored by: Alok Kumar
Updated May 31, 2026, 12:58 IST
Follow on Google News

इन दिनों हर तरफ रुपये की गिरावट का शोर है। डॉलर के मुकाबले गिरता रुपया लगातार सुर्खियां बटोर रहा है। रुपये टूटने से बेचैनी फैली हुई है। अब बड़ा सवाल यह है कि आखिर, रुपये टूटने (गिरावट) का मतलब क्या है? क्यों टूट रहा है रुपया? आखिर क्यों डॉलर लगातार मजबूत हो रहा है और रुपया घुटने टेकने पर मजबूर है? रुपये की गिरावट की पूरी इनसाइड स्टोरी को बेहद आसान और सीधे शब्दों में आपको समझते हैं।

रुपये टूटने (गिरावट) का मतलब क्या है?

'रुपये का टूटना' या कमजोर होने का सीधा मतलब है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में विदेशी मुद्रा (खासकर अमेरिकी डॉलर) के मुकाबले भारतीय रुपये की कीमत कम होना है। इसे ऐसे समझिए: अगर पहले 1 अमेरिकी डॉलर की कीमत ₹80 थी, और अब यह ₹95 हो गई है। इसका मतलब है कि रुपये का अवमूल्यन हुआ है। यानी अब उसी डॉलर को खरीदने के लिए ज्यादा रुपये खर्च करने पड़ेंगे।

अवमूल्यन और डीवैल्यूएशन में क्या अंतर?

अवमूल्यन (depreciation) तथा डीवैल्यूएशन (devaluation) दोनों में रुपये का वैल्यूएशन गिरता है। लेकिन अवमूल्यन आमतौर पर बाजार की ताकतों से तय होता है और 'फ्लोटिंग एक्सचेंज रेट सिस्टम' में होता है, जबकि डीवैल्यूएशन सरकार या RBI द्वारा मुद्रा की कीमत कम करने का एक जान-बूझकर लिया गया फैसला होता है।

US डॉलर से ही तुलना क्यों?

डॉलर को ग्लोबल बेंचमार्क माना जाता है, क्योंकि ज्यादातर इंटरनेशनल कमोडिटीज, इंटरनेशनल ट्रेड और वैल्यूएशन डॉलर में ही किए जाते हैं। अमेरिकी डॉलर दुनिया की सबसे बड़ी रिजर्व करेंसी है। दुनिया के ज्यादातर देशों के केंद्रीय बैंक (जैसे भारत का RBI) अपने विदेशी मुद्रा भंडार का बड़ा हिस्सा डॉलर में ही रखते हैं। इसलिए, करेंसी की कीमत में बढ़ोतरी या गिरावट को आमतौर पर US डॉलर के मुकाबले ही मापा जाता है।

इंटरनेशनल मार्केट में करेंसी की कीमत में होने वाला उतार-चढ़ाव-चाहे वह बढ़ रहा हो या घट रहा हो मूल रूप से मांग और आपूर्ति (Demand and Supply) के नियमों से ही तय होता है। पूरी दुनिया में डॉलर की मांग बहुत ज्यादा है, क्योंकि इंटरनेशनल ट्रेड (जिसमें तेल, गाड़ियां, हथियार, सोना, खाद वगैरह शामिल हैं) ज्यादातर डॉलर में ही होता है, जिससे डॉलर की कीमत बढ़ जाती है।

इसके उलट, जब भारत (जो कि तेल, रक्षा उपकरण, सोना जैसी ज़रूरी चीजों का एक बड़ा आयातक देश है) आयात का भुगतान करने के लिए डॉलर के बदले लगातार रुपये देता रहता है, तो रुपये की आपूर्ति बढ़ जाती है। रुपये की इस ज्यादा आपूर्ति और डॉलर की ज्यादा मांग की वजह से ही रुपये की कीमत गिर जाती है।

रुपये टूटने की 5 अहम वजह

1. कच्चे तेल की बढ़ती कीमतें: भारत अपनी जरूरत का करीब 85% तेल आयात करता है। ईरान संकट के कारण तेल की कीमत तेजी से बढ़ी है। जब भी वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की कीमतें बढ़ती हैं, तो भारत को उतनी ही मात्रा में तेल खरीदने के लिए ज्यादा डॉलर की जरूरत होती है। डॉलर की इस बढ़ी हुई मांग के कारण रुपया कमजोर हुआ है।

2. अमेरिकी डॉलर का मजबूत होना: ईरान संकट और वैश्विक अस्थिरत के कारण डॉलर की मांग बढ़ी है। इससे डॉलर मजबूत हुआ है। जब वैश्विक स्तर पर अमेरिकी डॉलर मज़बूत होता है, तो इसका मतलब है कि अन्य मुद्राओं के मुकाबले डॉलर ज्यादा महंगा हो जाता है। इस कारण भी रुपया कमजोर हो रहा है।

3. विदेशी निवेशकों की निकासी: विदेशी संस्थागत निवेशक (FIIs) लगातार भारतीय बाजार से पैसा निकाल रहे हैं। इससे विदेशी मुद्रा के प्रवाह में कमी आई है, जिससे रुपया कमजोर हो रहा है।

4. वैश्विक जोखिम से बचने का माहौल: ईरान संकट और भू-राजनीतिक तनाव के कारण, निवेशक अमेरिकी बॉन्ड जैसी सुरक्षित संपत्तियों को प्राथमिकता दे रहे हैं, जिससे डॉलर में उछाल आता है और रुपया कमजोर हो रहा है।

5. व्यापार और चालू खाता घाटा: भारत का आयात बिल अक्सर उसकी निर्यात कमाई से ज्यादा होता है, जिससे चालू खाता घाटा होता है। इस अंतर को पूरा करने के लिए, भारत को डॉलर खरीदने की जरूरत होती है, जिससे इस मुद्रा की मांग बढ़ती है और रुपये पर नीचे की ओर दबाव पड़ता है।

कैसे टूटता रुपया बढ़ा रहा आपका खर्च?

महंगाई का बोझ बढ़ा: भारत अपना अधिकतर तेल आयात करता है। रुपया कमजोर होने पर तेल कंपनियों को डॉलर खरीदने के लिए ज्यादा खर्च करने पड़ रहे हैं। हाल के दिनों में पेट्रोल, डीजल से लेकर सीएनजी महंगा हुआ है। तेल महंगा होने से माल ढुलाई महंगी हुई है, जिससे सब्जियां, फल, अनाज और दूध जैसी रोजमर्रा की चीजें महंगी हुई है। यानी कमजोर रुपया आप पर महंगाई का बोझ बढ़ा रहा है।

इलेक्ट्रॉनिक्स और गैजेट्स होंगे महंगे: आप जो स्मार्टफोन, लैपटॉप, या टीवी इस्तेमाल करते हैं, उनके ज्यादातर पार्ट्स विदेशों से आयात होते हैं। रुपये के गिरने से कंपनियों को आयात के लिए ज्यादा पैसा चुकाना पड़ता है, जिसका बोझ वे ग्राहकों पर डालती हैं। यानी कमजोर रुपया इन चीजों की कीमत में बढ़ोतरी करने का काम करेगा।

विदेशी शिक्षा और यात्रा पर अधिक खर्च: अगर आपके बच्चे विदेश में पढ़ाई कर रहे हैं, तो कमजोर रुपया आप पर वित्तीय बोझ बढ़ा रहा है। बच्चों की फीस और रहने का खर्च बढ़ जाएगा। इसी तरह, विदेश घूमने जाने का बजट (होटल, फ्लाइट, शॉपिंग) भी काफी महंगा हो जाएगा।

दवाइयां और इलाज महंगा: भारत की फार्मा कंपनियां दवाइयां बनाने के लिए कच्चा माल चीन और अन्य देशों से डॉलर में खरीदती हैं। रुपया कमजोर होने पर दवाइयों की कीमत बढ़ेगी।

महंगी ईएमआई (EMI): रुपया कमजोर होने से महंगाई बढ़ती है। महंगाई बढ़ने पर रिजर्व बैंक (RBI) महंगाई को कंट्रोल करने के लिए ब्याज दरें (Repo Rate) बढ़ा सकता है। इससे आपके होम लोन, कार लोन और पर्सनल लोन की EMI महंगी हो जाती है।

रुपया कमजोर क्यों होता है?

रुपया कमजोर क्यों होता है?

रुपये को मजबूत कैसे किया जा सकता है?

शॉर्ट-टर्म उपाय

  • फॉरेक्स मार्केट में हस्तक्षेप: भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) रुपये की अत्यधिक गिरावट को नियंत्रित करने और उसे स्थिर करने के लिए अपने भंडार से अमेरिकी डॉलर बेच सकता है।
  • ब्याज दरों में बढ़ोतरी: ब्याज दरों में वृद्धि करने से बेहतर रिटर्न की तलाश में विदेशी निवेशक आकर्षित होते हैं, जिससे रुपये की मांग बढ़ती है।
  • करेंसी स्वैप समझौते: अन्य देशों के साथ इस तरह के समझौते नकदी सुनिश्चित करने और विदेशी मुद्रा भंडार पर दबाव कम करने में मदद करते हैं।
  • आयात घटाकर: गैर-जरूरी चीजों (जैसे सोना) के आयात को सीमित करने से विदेशी मुद्रा (डॉलर) की मांग को कम करने में मदद मिलती है।
  • नियम में राहत: विदेशी पोर्टफोलियो निवेश (FPI) को बढ़ावा देने वाली नीतियां थोड़े समय के लिए रुपये को सहारा दे सकती हैं।

लॉन्ग-टर्म उपाय

  • निर्यात को बढ़ावा देना: निर्यात बढ़ाने पर काम करना होगा, जिससे विदेशी मुद्रा की कमाई बढ़ सके।
  • आयात पर निर्भरता कम करना: ऊर्जा, इलेक्ट्रॉनिक्स और रक्षा जैसे क्षेत्रों में घरेलू उत्पादन को बढ़ावा देना, ताकि विदेशों पर निर्भरता कम हो।
  • रुपये आधारित व्यापार को बढ़ावा: अंतर्राष्ट्रीय व्यापार का निपटान भारतीय रुपये (INR) में करने को प्रोत्साहित करना, जिससे अमेरिकी डॉलर पर निर्भरता कम हो।
  • डिजिटल भुगतान प्रणालियों का विस्तार : यूपीआई (UPI) जैसे प्लेटफॉर्म्स का वैश्विक स्तर पर विस्तार करना, जिससे अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर रुपये का इस्तेमाल और मजबूत हो सके।
End of Article