US Fed Interest Rate: अमेरिकी फेडरल रिजर्व (यूएस फेड) ने बुधवार 20 मार्च को हुई बैठक में ब्याज दरों में कोई बदलाव नहीं किया। यह लगातार 5वां मौका रहा, जब यूएस फेड ने ब्याज दरें स्थिर रखीं। अमेरिकी सेंट्रल बैंक ने 2% मुद्रास्फीति लक्ष्य की दिशा में अपेक्षित प्रगति की है, मगर इसके बावजूद यूएस फेड के पॉलिसी मेकर्स ने संकेत दिया कि वे अभी भी 2024 के अंत तक ब्याज दरों में तीन-चौथाई प्रतिशत (0.75 फीसदी) कम किये जाने की उम्मीद कर रहे हैं। यूएस फेड के इस साल के अंत तक तीन बार में ब्याज दरों में 0.75 फीसदी कटौती किए जाने की उम्मीद है।
ये भी पढ़ें -
काबू में आई महंगाई
फेडरल रिजर्व की तरफ से जारी किए गए बयान के अनुसार ब्याज दरों को 5.25-5.50 फीसदी के बीच रखने के फेडरल रिजर्व के फैसल से पॉलिसी मेकर्स को इनकमिंग डेटा, आउटलुक और जोखिम के आकलन में मदद मिलती है।
बता दें कि फेडरल रिजर्व को महंगाई को काबू रखने में मदद मिली है। अमेरिका में महंगाई 2022 में कई दशकों के सबसे ऊंचे लेवल पर पहुंच गई थी। फेडरल रिजर्व का टार्गेट महंगाई दर को 2% की रेंज में रखने का होता है। हालांकि इस साल की शुरुआत से अब तक अमेरिका में महंगाई थोड़ी बढ़ी है।
नौकरियों में मजबूत वृद्धि
यूएस फेड ने दो दिवसीय बैठक की समाप्ति के बाद सर्वसम्मति से स्वीकृत बयान में कहा कि आर्थिक गतिविधि मजबूत गति से बढ़ रही है। नौकरियों में मजबूत वृद्धि बनी हुई है और बेरोजगारी दर कम ही बनी हुई है।
दिसंबर में अनुमानित 1.4% की तुलना में अब विकास दर 2.1% देखी जा रही है, जबकि बेरोजगारी दर वर्ष के अंत में 4% पर देखी जा रही है, जो दिसंबर में अनुमानित 4.1% से कम है।
