भारत में मंदिर सदियों से अटूट आस्था के केंद्र रहे हैं। सतयुग से लेकर आज कलयुग तक, भगवान के प्रति भक्तों का विश्वास मजबूत ही हुआ है। लेकिन आज के दौर में मंदिरों की भूमिका केवल धार्मिक स्थल तक सीमित नहीं है, बल्कि रोजगार, पर्यटन और अर्थव्यवस्था की रफ्तार देने वाला हो गया है। हालांकि, राम मंदिर में चंदा चोरी मामले ने करोड़ों श्रद्धालुओं की भावनाओं को आहत जरूर किया है। इसके बावजूद देशभर के अधिकांश बड़े मंदिर धार्मिक और सामाजिक गतिविधियों के साथ-साथ आर्थिक गतिविधियों के भी प्रमुख केंद्र बने हुए हैं।
मंदिरों में मिलने वाले दान से अस्पताल, शिक्षा और जनकल्याण से जुड़े काम हो रहे हैं। वहीं, मंदिरों के आसपास होटल, रेस्टोरेंट, प्रसाद की दुकानें, फूल-माला विक्रेता, परिवहन, पार्किंग और अन्य छोटे-बड़े कारोबार लाखों लोगों को रोजगार मुहैया करा रहे हैं।
पिछले 10 वर्षों में भारत के प्रमुख मंदिरों के आसपास धार्मिक, सांस्कृतिक और व्यापारिक गतिविधियों का एक ऐसा नेटवर्क विकसित हुआ है, जिसे अब दुनिया 'टेंपल इकोनॉमी' के नाम से जान रही है। एक अनुमान के मुताबिक, 'स्पिरिचुअल इकोनॉमी' देश की कुल GDP में 2.32% का योगदान दे रही है। आइए समझते हैं कि देश की अर्थव्यवस्था को बड़ा करने में यह स्पिरिचुअल इकोनॉमी कैसे योगदान दे रही है?
क्या है टेंपल इकोनॉमी?
टेंपल इकोनॉमी या धार्मिक अर्थव्यवस्था का सीधा सा मतलब उस पूरे इकोनॉमिक साइकल से है, जो किसी धार्मिक स्थल या मंदिर के इर्द-गिर्द चल रहा है। आसान शब्दों में कहें तो, टेंपल इकोनॉमी वह इकोसिस्टम है, जो मंदिरों और धार्मिक पर्यटन से पैदा हुआ है। इसमें दान के अलावा होटल, धर्मशाला, परिवहन, प्रसाद, फूल-माला, पूजा सामग्री, स्थानीय बाजार, हस्तशिल्प और डिजिटल सेवाओं से होने वाली आर्थिक गतिविधियां शामिल हैं। यह मॉडल लाखों लोगों को रोजगार देता है और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाता है।
स्पिरिचुअल इकोनॉमी बढ़ने की क्या है वजह?
भारत की आबादी में लगभग 80% हिंदू हैं। 2014 में सत्ता में आने के बाद से मोदी सरकार ने मंदिरों को विस्तार देने पर काम किया। काशी से लेकर अयोध्या इसके उदाहरण है। इसका असर हुआ कि धार्मिक पर्यटन तेजी से बढ़ा। बता दें कि सरकार ने पिछले एक दशक में तीर्थस्थलों के विकास पर करोड़ों डॉलर खर्च किए हैं, जिससे परिवहन, पार्किंग और मंदिरों में वर्चुअल रियलिटी (VR) हेडसेट जैसी तकनीकों को बढ़ावा मिला है। यह निवेश सिर्फ हिंदू स्थलों तक सीमित नहीं है; सरकार ने बौद्ध सर्किट (जैसे बिहार का बोधगया), सिखों के अमृतसर (स्वर्ण मंदिर) और अजमेर शरीफ जैसी जगहों के इंफ्रास्ट्रक्चर पर भी भारी निवेश किया है। इससे मंदिरों में जाने वाले लोगों की संख्या में बड़ी बढ़ोतरी हुई है। इससे स्पिरिचुअल इकोनॉमी मॉडल को बूस्ट मिला है।
आंकड़ों में 'टेंपल इकॉनमी'
नेशनल सैंपल सर्वे ऑफिस (NSSO) और अन्य रिपोर्टों के अनुसार, भारत का धार्मिक बाजार किसी भी अन्य सेक्टर से तेज रफ्तार से बढ़ रहा है:
- भारत की टेंपल इकोनॉमी लगभग ₹3.02 लाख करोड़ (40 बिलियन डॉलर) की है, जो देश की कुल जीडीपी का 2.3% है।
- धार्मिक मार्केट 2034 तक 151.89 अरब डॉलर पहुंचने
- भारत के भीतर होने वाली कुल घरेलू यात्राओं में से 60% से अधिक हिस्सेदारी धार्मिक पर्यटन की है।
- अब आध्यात्मिक यात्राओं पर जाने वाले 50% से अधिक यात्री युवा हैं।
- प्रीमियम और लग्जरी की मांग तेजी से बढ़ी है। तीर्थयात्री अब केवल धर्मशालाओं तक सीमित नहीं हैं। वीआईपी (VIP) दर्शन, डायरेक्ट चार्टर्ड हेलीकॉप्टर सेवाएं, कस्टमाइज्ड गाइड और फोर/फाइव-स्टार होटलों की मांग में रिकॉर्ड बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
अभी करीब 8 करोड़ लोगों को मिल रहा रोजगार
एक अनुमान के मुताबिक, वर्तमान में लगभग 7 से 8 करोड़ लोगों की आजीविका मंदिरों से जुड़ी हुई है। साल 2028 तक यह बढ़कर 10 करोड़ होने का अनुमान है। मंदिरों के आसपास धार्मिक पर्यटन बढ़ने से होटल, होमस्टे, धर्मशालाएं और गेस्ट हाउस तेजी से विकसित हुए हैं। इसके साथ ही रेलवे, टैक्सी, ऑटो, बस और अन्य स्थानीय परिवहन सेवाओं की मांग में भी उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। वहीं, रेस्टोरेंट, ढाबे, प्रसाद की दुकानें, फूल-माला विक्रेता और स्थानीय खाद्य कारोबार भी तेजी से फल-फूल रहे हैं। ये सारे मिलकर एक मजबूत इकोसिस्टम बना रहे हैं जो बिजनेस से लेकर बड़े पैमाने पर रोजगार मुहैया करा रहे हैं।
आगे भी तेजी से ग्रोथ जारी रहेगी
अर्थशास्त्रियों का कहना है कि स्पिरिचुअल इकोनॉमी मॉडल का विस्तार आने वाले समय में और तेजी से होगा। ऐसा इसलिए कि अब अध्यात्म और वैलनेस का संगम तेजी से हो रहा है। अब लोग सिर्फ मंदिर में दर्शन करने नहीं जाते, बल्कि वाराणसी और ऋषिकेश जैसे शहरों में योग, आयुर्वेद, मेडिटेशन और तीर्थयात्रा का एक कंबाइंड पैकेज ढूंढते हैं। वैश्विक स्तर पर वैलनेस टूरिज्म 1.2 खरब डॉलर का मार्केट है। भारत में तो अभी शुरुआत हुई है। इसलिए इसमें ग्रोथ की पूरी संभावना है। भारत में जो परिवार वाराणसी पूजा के लिए आ रहा है, उसे बच्चों के लिए साफ पूल और स्पा भी चाहिए।
धार्मिक पर्यटन से होटल, होमस्टे, रेस्टोरेंट, टैक्सी, ऑटो, रेलवे, एयरलाइन, प्रसाद, फूल-माला, पूजा सामग्री, गाइड और स्थानीय दुकानों जैसे कई क्षेत्रों में रोजगार और कारोबार बढ़ रहा है। मंदिरों के आसपास एक बड़ा स्पिरिचुअल इकोनॉमी इकोसिस्टम विकसित हो चुका है, जो स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत बना रहा है। 2034 तक यह बाजार लगभग दोगुना होकर 11.2 लाख करोड़ तक पहुंचने का अनुमान है।
ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के अनुसार, भारत का आध्यात्मिक पर्यटन बाजार 2028 तक लगभग 59 बिलियन डॉलर (लगभग ₹5 लाख करोड़) का होने और 10 करोड़ लोगों को रोजगार देने की उम्मीद है। अकेले पिछले साल 11 करोड़ (110 मिलियन) लोगों ने वाराणसी का दौरा किया, जो 2019 की तुलना में 1,500% की रिकॉर्ड बढ़ोतरी है। इस उछाल के पीछे कई कारण हैं, जिनमें एक संपन्न मध्यम वर्ग का उदय (जिसके पास यात्रा पर खर्च करने के लिए पैसा है)।
मंदिरों से जुड़े रोजगार केवल पुजारियों तक सीमित नहीं हैं।
इस इकोसिस्टम में शामिल हैं-
होटल कर्मचारी
टैक्सी और ऑटो चालक
टूर गाइड
प्रसाद विक्रेता
फूल-माला कारोबारी
हस्तशिल्प विक्रेता
सुरक्षा कर्मचारी
सफाई कर्मी
इवेंट मैनेजमेंट
डिजिटल सेवा प्रदाता
ऑनलाइन बुकिंग कंपनियां
यानी मंदिरों के आसपास पूरी स्थानीय अर्थव्यवस्था विकसित होती है।
स्थानीय लोगों को बड़ा फायदा
टेंपल इकोनॉमी का सबसे बड़ा फायदा स्थानीय लोगों को मिला है। मंदिर के आसपास का पूरा इकोसिस्टम सीधे तौर पर स्थानीय लोगों से जुड़ा है। फूल बेचने वाले, नाविक, ऑटो-रिक्शा चालक, स्थानीय गाइड, प्रसाद (जैसे मथुरा के पेड़े या तिरुपति के लड्डू) बनाने वाले कारीगर, और पीतल की मूर्तियां व कपड़े सिलने वाले छोटे बुनकर—इन सभी की आजीविका मंदिरों पर निर्भर है। अकेले वाराणसी में काशी विश्वनाथ कॉरिडोर बनने के बाद, पर्यटकों की संख्या में 1,500% का उछाल आया है, जिससे स्थानीय दुकानदारों की आय औसतन 3 से 4 गुना बढ़ गई है।
India Spiritual Economy Model
होटल और रियल एस्टेट सेक्टर के लिए मौके बढ़े
धार्मिक स्थलों पर उमड़ती भीड़ को देखते हुए दुनिया के बड़े होटल ब्रांड्स ने मेट्रो शहरों को छोड़कर टियर-2 और टियर-3 धार्मिक शहरों का रुख कर लिया है। ताज, रैडिसन, हयात और ओयो (OYO) जैसे ब्रांड्स वाराणसी, अयोध्या, अमृतसर और पुरी जैसे शहरों में एग्रेसिवली हजारों नए कमरे जोड़ रहे हैं। इन शहरों में जमीन की कीमतें पिछले तीन वर्षों में 300% से 500% तक बढ़ी हैं, जिसने स्थानीय रियल एस्टेट बाजार को भी जबरदस्त बूस्ट मिला है।
