Stock Market Today: आज शेयर बाजार के निवेशकों के लिए बेहद खास दिन है। रोजाना होने वाले उतार-चढ़ाव से अलग, इस शुक्रवार भारतीय बाजार एक ऐसे मुकाम के बेहद करीब पहुंच चुका है जिसका इंतजार निवेशक पिछले 14 महीनों से कर रहे थे। सेंसेक्स अपने लाइफटाइम हाई 85,900 के करीब पहुंच गया था, लेकिन अमेरिका से एक खबर आई और शुक्रवार को एक बार फिर निवेशकों के अरमानों पर पानी फिर गया। दो दिन की जबरदस्त रैली के बाद सेंसेक्स निफ़्टी शुक्रवार को धराशाई हो गए।
सेंसेक्स निफ़्टी की शुरुआत शुक्रवार को गिरावट के साथ हुई। घरेलू बाजार का 30 स्टॉक्स का प्रमुख सूचकांक 240 अंकों की गिरावट के साथ 85,479.09 के लेवे पर खुला तो वहीं निफ्टी 82.60 अंक यानी 0.32 फीसदी गिरावट के साथ 26,109.55 अंक पर खुला। घरेलू शेयर बाजार ऐसे समय खुला जब अमेरिकी बाजार में जबरदस्त गिरावट देखने को मिली है। AI शेयरों में भारी बिकवाली, अमेरिकी आर्थिक आंकड़ों का दबाव और फेड की संभावित पॉलिसी को लेकर अनिश्चितता इन सबने निवेशकों का मूड थोड़ा बिगाड़ दिया है। ग्लोबल संकेत भले कमज़ोर हों, लेकिन एफआईआई और डीआईआई की की गई खरीदारी बाजार को कुछ हद तक सहारा देती दिख रही है। इसके साथ ही गुरुवार को सेंसेक्स और निफ्टी ने अपने लाइफटाइम हाई के करीब क्लोज देकर निवेशकों की उम्मीदों को और बढ़ा दिया था। अब हर किसी की नजर इस बात पर है कि आज बाजार नई तेजी दिखाता है या ग्लोबल कमजोरी के सामने लड़खड़ा जाता है।
अमेरिकी बाजारों में बुधवार को भारी गिरावट देखने को मिली। डाओ जोंस दिन के ऊपरी स्तर से 1100 अंक टूटकर अंत में करीब 400 अंक नीचे बंद हुआ। नैस्डैक भी इंट्राडे हाई से 1100 अंक फिसलकर 500 अंक की गिरावट के साथ दो महीने के निचले स्तर पर पहुंच गया। AI सेक्टर में बिकवाली ने माहौल को और खराब कर दिया। Nvidia ने मजबूत नतीजों के बावजूद इंट्राडे हाई से 8% गिरकर अंत में 3% नीचे बंद किया। वहीं, अमेरिकी रोजगार आंकड़ों ने आशंका बढ़ा दी है कि फेडरल रिजर्व जल्द ब्याज दरों में कटौती नहीं करेगा, जिससे टेक शेयरों पर और दबाव बन गया।
एशियाई बाजारों में भी इसका असर साफ दिखाई दे रहा है। GIFT Nifty 70 अंक गिरकर 26,150 के करीब ट्रेड कर रहा है। डाओ फ्यूचर्स हल्की बढ़त के साथ 180 अंक ऊपर है, जबकि जापान का निक्केई 900 अंक टूट गया है। यह मिक्स संकेत बताते हैं कि भारतीय बाजार में शुरुआती कारोबार उतार-चढ़ाव वाला रह सकता है।
(Disclaimer: यह लेख केवल सूचना देने के उद्देश्य से प्रस्तुत किया गया है और इसे किसी प्रकार की निवेश सलाह के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए। टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल अपने पाठकों/दर्शकों को सलाह देता है कि किसी भी वित्तीय निर्णय से पहले अपने वित्तीय सलाहकार से परामर्श जरूर करें।)