SEBI Self Certification Exam:पूंजी बाजार नियामक सेबी ने मंगलवार को निवेशकों के लिए एक निःशुल्क एवं स्वैच्छिक ऑनलाइन सर्टिफिकेशन परीक्षा शुरू की है। जो व्यक्तियों को शेयर बाजार में निवेश के बारे में विस्तृत जानकारी हासिल करने में मदद करेगी। भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) ने बयान में कहा कि राष्ट्रीय प्रतिभूति बाजार संस्थान (NISM) के सहयोग से विकसित इस स्वैच्छिक सर्टिफिकेशन का उद्देश्य निवेशकों को बाजारों और निवेश के बारे में अपनी जानकारी को परखने में मदद करना है। इस परीक्षा को सेबी और NISM की वेबसाइट पर जाकर फ्री में दिया जा सकेगा।
क्यों पड़ी जरूरत
इस परीक्षा की शुरुआत के मौके पर सेबी के पूर्णकालिक सदस्य अनंत नारायण जी ने कहा कि नई प्रमाणन परीक्षा प्रतिभूति बाजार में डिजिटल वित्तीय शिक्षा को बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।उन्होंने कहा कि यह ऑनलाइन परीक्षा निवेश प्रक्रिया और प्रतिभूति बाजार में संबंधित जोखिमों के बारे में निवेशकों की समझ बढ़ाने में मदद करेगी। इस तरह यह जोखिम उठाने की क्षमता के अनुरूप निवेश का एक कुशल नजरिया अपनाने को बढ़ावा देगी।
केनरा रोबेको से सुलझा विवाद
केनरा रोबेको एसेट मैनेजमेंट कंपनी लिमिटेड ने मंगलवार को सेबी के साथ म्यूचुअल फंड मानदंडों के कथित उल्लंघन से संबंधित एक मामले को निपटाया।इसके लिए बाजार नियामक को निपटान शुल्क के रूप में 84.82 लाख रुपये का भुगतान किया गया।यह मामला अप्रैल, 2020-मार्च, 2021 के लिए म्यूचुअल फंड की ऑफसाइट सह निगरानी से संबंधित था।परिसंपत्ति प्रबंधन कंपनी ने सेबी के समक्ष एक आवेदन कर कथित नियामकीय उल्लंघनों के लिए उसके खिलाफ शुरू की गई कार्यवाही को ‘‘तथ्यों के निष्कर्षों को स्वीकार या अस्वीकार किए बिना’’ निपटाने की पेशकश की थी।केनरा रोबेको एसेट मैनेजमेंट कंपनी ने निपटान राशि के रूप में सेबी को 84.82 लाख रुपये का भुगतान किया है।
