बिजनेस

RIL Profit: रिलांयस इंडस्ट्रीज का पहली तिमाही में मुनाफा 5 फीसदी गिरा, जानें Jio और रिटेल से कितनी कमाई

RIL Profit: आरआईएल का एक साल पहले की समान अवधि में शुद्ध लाभ 16,011 करोड़ रुपये यानी 23.66 रुपये प्रति शेयर रहा था।इससे पहले की जनवरी-मार्च तिमाही में कंपनी का लाभ 18,951 करोड़ रुपये रहा था।

Image

रिलायंस इंडस्ट्रीज रिजल्ट

Photo : BCCL

RIL Profit:देश की सबसे मूल्यवान कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड (आरआईएल) का चालू वित्त वर्ष की जून तिमाही में शुद्ध लाभ पांच प्रतिशत घटकर 15,138 करोड़ रुपये रहा। रिफाइनिंग मार्जिन में गिरावट और उच्च मूल्यह्रास लागत के कारण मुनाफे में कमी आई है।रिलायंस इंडस्ट्रीज के अनुसार अप्रैल-जून 2024 की तिमाही में उसने 15,138 करोड़ रुपये यानी 22.37 रुपये प्रति शेयर का एकीकृत शुद्ध लाभ अर्जित किया।

एक साल पहले की समान अवधि में उसका शुद्ध लाभ 16,011 करोड़ रुपये यानी 23.66 रुपये प्रति शेयर रहा था।इससे पहले की जनवरी-मार्च तिमाही में कंपनी का लाभ 18,951 करोड़ रुपये रहा था। इस तरह बीती तिमाही में कंपनी के लाभ में क्रमिक रूप से 20 प्रतिशत की गिरावट आई। रिलायंस इंडस्ट्रीज का तिमाही में परिचालन कमाई बढ़कर 2.36 लाख करोड़ रुपये हो गया जबकि अप्रैल-जून 2023 की अवधि में उसने 2.10 लाख करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित किया था।

Jio की कितनी कमाई

देश की सबसे बड़ी दूरसंचार सेवा प्रदाता रिलायंस जियो इन्फोकॉम का चालू वित्त वर्ष की जून तिमाही में एकल आधार पर शुद्ध लाभ 12 प्रतिशत बढ़कर 5,445 करोड़ रुपये रहा। समान तिमाही में कंपनी का परिचालन राजस्व सालाना आधार पर 10 प्रतिशत बढ़कर 26,478 करोड़ रुपये हो गया। तिमाही के लिए रिलायंस जियो का शुद्ध लाभ 5,445 करोड़ रुपये रहा, जो सालाना आधार पर 11.9 प्रतिशत और मार्च तिमाही की तुलना में दो प्रतिशत अधिक है।

रिलायंस रिटेल की कमाई

रिलायंस रिटेल वेंचर लि. (आरआरवीएल) का शुद्ध लाभ चालू वित्त वर्ष की जून तिमाही में 4.63 प्रतिशत बढ़कर 2,549 करोड़ रुपये हो गया।

अरबपति कारोबारी मुकेश अंबानी की अगुवाई वाली रिलायंस इंडस्ट्रीज की खुदरा इकाई का सकल राजस्व अप्रैल-जून के दौरान 8.1 फीसदी बढ़कर 75,615 करोड़ रुपये रहा।रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड (आरआईएल) ने शुक्रवार को शेयर बाजार को बताया कि एक साल पहले अप्रैल-जून में आरआरवीएल ने 69,948 करोड़ रुपये की सकल आय और 2,436 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ दर्ज किया था। कंपनी की कुल कमाई में डिजिटल वाणिज्य और नये वाणिज्य ने 18 प्रतिशत का योगदान दिया। देश की अग्रणी खुदरा कंपनी का कर-पूर्व लाभ (EBITDA) भी समीक्षाधीन अवधि में 10.47 प्रतिशत बढ़कर 5,664 करोड़ रुपये हो गया।

Prashant Srivastav
प्रशांत श्रीवास्तवauthor

करीब 17 साल से पत्रकारिता जगत से जुड़ा हुआ हूं। और इस दौरान मीडिया की सभी विधाओं यानी टेलीविजन, प्रिंट, मैगजीन, डिजिटल और बिजनेस पत्रकारिता में काम करने का मौका मिला। इस समय Timesnowhindi.com में टीम लीड के रुप में बिजनेस, ऑटो, यूटीलिटी, टेक सेक्शन में अपना योगदान दे रहा हूं। करियर का पहला ब्रेक हैदराबाद स्थित मीडिया संस्थान ईटीवी से टेलीविजन के जरिए हुआ। यहां पर टेलीविजन पत्रकारिता की बारीकियों को समझने का मौका मिला। और उसके बाद अगला पड़ाव दिल्ली स्थित दैनिक भास्कर समूह का बिजनेस भास्कर रहा। यहां से बिजनेस पत्रकारिता में कदम रखा। और यह सफर वित्त मंत्रालय की रिपोर्टिंग से लेकर बैंकिंग, इंश्योरेंस, ऑटो, एफएमसीजी, एमएमएमई, टेलीकॉम सेक्टर की ग्राउंड रिपोर्ट से लेकर कॉरपोरेट जगत की खबरें और इकोनॉमी से जुड़ी खबरों से गुजरते हुए अमर उजाला, मनी भास्कर वेबसाइट से होकर आउटलुक मैगजीन पहुंचा। यहां पर पॉलिटिकल खबरों को करने का मौका मिला। आउटलुक में रहते हुए भाजपा और कांग्रेस पार्टी को भी कवर किया। इस दौरान दिल्ली दंगों पर ग्राउंड रिपोर्ट से लेकर सीएए आंदोलन, किसान आंदोलन और कृषि जगत, वाइल्ड लाइफ से जुड़ी ग्राउंड रिपोर्ट भी करने का मौका मिला। करियर के इस सफर में 2014 लोक सभा चुनाव, 2019 लोक सभा चुनाव, इसके अलावा उत्तर प्रदेश विधान सभा चुनाव, राजस्थान विधान सभा, मध्य प्रदेश विधान सभा चुनाव की ग्राउंड रिपोर्ट भी की। पिछले 16 साल से केंद्रीय बजट की बारीकियों को समझकर उसे आम भाषा में लोगों तक पहुंचाने का भी प्रयास किया है। 17 साल के करियर में करीब 10 साल डिजिटल मीडिया का अनुभव रहा है। पिछले 3 साल से टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। पत्रकारिता का ककहरा माखन लाल चतुर्वेदी पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से सीखा है।

और पढ़ें
End of Article