RBI Industrial Outlook Survey: भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने मंगलवार को जानकारी दी कि उसने भारतीय विनिर्माण क्षेत्र के कारोबारी माहौल का मूल्यांकन करने के लिए एक नया तिमाही औद्योगिक परिदृश्य सर्वेक्षण (IOS) शुरू किया है। यह सर्वे कारोबारी धारणा को समझने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।
सेवा और बुनियादी ढांचा क्षेत्र के लिए 46वां सर्वेक्षण दौर शुरू
इसके साथ ही, सेवा एवं बुनियादी ढांचा परिदृश्य सर्वेक्षण (SIOS) का 46वां दौर भी शुरू किया गया है। यह सर्वे सेवा और बुनियादी ढांचा क्षेत्र की चुनिंदा कंपनियों की कारोबारी और वित्तीय स्थिति, मांग, रोजगार और मूल्य से संबंधित उम्मीदों का मूल्यांकन करेगा।
विनिर्माण क्षेत्र का 111वां IOS सर्वे चालू तिमाही और अगली तिमाही का करेगा आकलन
न्यूज एजेंसी भाषा के मुताबिक विनिर्माण क्षेत्र के लिए शुरू किया गया 111वां IOS सर्वेक्षण चालू तिमाही (जुलाई–सितंबर 2025) के लिए मौजूदा कारोबारी धारणा और आगामी तिमाही (अक्टूबर–दिसंबर 2025) के लिए कंपनियों की उम्मीदों का आकलन करेगा। इसमें मांग, वित्तीय स्थिति, रोजगार और मूल्य स्थितियों से जुड़े संकेतकों पर कंपनियों की प्रतिक्रियाएं ली जाएंगी।
अगली दो तिमाहियों का भी होगा मूल्यांकन
दोनों सर्वेक्षण वित्तीय वर्ष 2025–26 की चौथी तिमाही और 2026–27 की पहली तिमाही के लिए प्रमुख कारोबारी मापदंडों को लेकर कंपनियों की अपेक्षाओं को भी कवर करेंगे।
कंपनियों से सीधा संपर्क और भागीदारी का विकल्प
सर्वेक्षण के संचालन के लिए आरबीआई द्वारा अधिकृत एजेंसी चयनित कंपनियों से संपर्क करेगी। साथ ही, विनिर्माण, सेवा और बुनियादी ढांचा क्षेत्र की अन्य कंपनियां भी आरबीआई की वेबसाइट से प्रश्नावली डाउनलोड कर इस सर्वे में भाग ले सकती हैं।
परिणामों को वेबसाइट पर किया जाएगा जारी
आरबीआई ने बताया कि इन सर्वेक्षणों के निष्कर्ष नियमित रूप से उसकी वेबसाइट पर सारांश रूप में प्रकाशित किए जाएंगे, ताकि नीति निर्धारण और उद्योग विश्लेषण में मदद मिल सके।
