म्यूचुअल फंड (Mutual Funds) में निवेश करने वाले लाखों लोग SIP (Systematic Investment Plan) करते हैं। SIP के जरिए हर महीने एक निश्चित राशि निवेश की जाती है और लंबे समय में बड़ा फंड तैयार किया जाता है। लेकिन कई बार बैंक खाते में पर्याप्त बैलेंस न होने, ऑटो-डेबिट फेल होने या किसी अन्य कारण से SIP की किस्त मिस हो जाती है। ऐसे में निवेशकों के मन में सवाल उठता है कि SIP मिस होने पर क्या होता है। आइए समझते हैं-
- एसआईपी मिस हो जाए तो क्या होगा (AI Generated Image)
सबसे पहले तो यही समझें कि SIP की किस्त मिस होने का मतलब यह नहीं है कि आपका पूरा निवेश प्रभावित हो जाएगा या आपका म्यूचुअल फंड खाता बंद हो जाएगा। हालांकि इसके कुछ महत्वपूर्ण प्रभाव जरूर हो सकते हैं।
SIP की किस्त मिस होने पर क्या होता है
अगर तय तारीख पर आपके बैंक खाते से SIP की राशि नहीं कट पाती, तो उस महीने का निवेश नहीं हो पाता। इसका सीधा मतलब है कि उस माह आपके म्यूचुअल फंड में नई यूनिट्स नहीं खरीदी जाएंगी। हालांकि, अच्छी बात ये है कि म्यूचुअल फंड कंपनी आमतौर पर एक SIP किस्त मिस होने पर कोई पेनल्टी नहीं लगाती। हालांकि बैंक ऑटो-डेबिट फेल होने या खाते में पर्याप्त बैलेंस न होने की स्थिति में शुल्क वसूल सकता है।
क्या पुराना निवेश सुरक्षित रहता है
SIP की एक या कुछ किस्तें मिस होने से पहले से किया गया आपका निवेश पूरी तरह सुरक्षित रहता है। आपके द्वारा पहले खरीदी गई यूनिट्स बाजार के अनुसार बढ़ती या घटती रहेंगी और उन पर रिटर्न मिलता रहेगा। SIP फेल होने का असर केवल नई किस्त पर पड़ता है।
लगातार कई किस्तें मिस होने पर क्या होगा
अगर लगातार कई बार SIP की किस्तें फेल होती हैं, तो म्यूचुअल फंड हाउस SIP को रद्द कर सकता है। आमतौर पर लगातार तीन किस्तें मिस होने के बाद SIP बंद की जा सकती है। हालांकि आपका पहले से निवेश किया गया पैसा फंड में बना रहता है और निवेश जारी रहता है।
निवेश पर क्या असर पड़ता है
SIP की सबसे बड़ी ताकत नियमित निवेश और कंपाउंडिंग का लाभ है। जब आप किसी महीने निवेश नहीं करते, तो उस अवधि में मिलने वाले संभावित रिटर्न का अवसर भी छूट जाता है। उदाहरण के लिए मान लीजिए आप हर महीने 5,000 रुपये की SIP करते हैं और एक या दो किस्तें मिस हो जाती हैं। इससे लंबी अवधि में बनने वाला कुल कॉर्पस थोड़ा कम हो सकता है। इसलिए निवेश विशेषज्ञ नियमितता बनाए रखने की सलाह देते हैं।
अगर SIP की किस्त मिस हो जाए तो क्या करें
अगर किसी वजह से आपकी SIP किस्त कट नहीं पाई है, तो परेशान होने की जरूरत नहीं होती। आप उसी फंड में एकमुश्त (Lump Sum) निवेश कर उस महीने की कमी को पूरा कर सकते हैं। कुछ प्लेटफॉर्म निवेशकों को Pay Now जैसी सुविधा भी देते हैं, जिससे मिस हुई किस्त का भुगतान किया जा सकता है।
