देश की शीर्ष 10 सबसे मूल्यवान कंपनियों में आठ का कंबाइंड मार्केट कैप पिछले सप्ताह 2.24 लाख करोड़ रुपये घट गया। इसमें रिलायंस इंडस्ट्रीज और एचडीएफसी बैंक को सबसे ज्यादा झटका लगा। पिछले सप्ताह बीएसई सेंसेक्स 1,497.2 अंक या 1.84 प्रतिशत गिरा।
किसको फायदा किसको नुकसान?
शीर्ष 10 कंपनियों में रिलायंस इंडस्ट्रीज, एचडीएफसी बैंक, भारती एयरटेल, आईसीआईसीआई बैंक, भारतीय स्टेट बैंक, इंफोसिस, बजाज फाइनेंस और भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) के बाजार मूल्यांकन में गिरावट आई। दूसरी ओर टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) और हिंदुस्तान यूनिलीवर को लाभ हुआ।
अंबानी को सबसे ज्यादा नुकसान
रिलायंस इंडस्ट्रीज का बाजार पूंजीकरण 70,707.17 करोड़ रुपये घटकर 18,36,424.20 करोड़ रुपये रह गया। एचडीएफसी बैंक का मूल्यांकन 47,482.49 करोड़ रुपये घटकर 14,60,863.90 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। आईसीआईसीआई बैंक का बाजार पूंजीकरण 27,135.23 करोड़ रुपये घटकर 9,98,290.96 करोड़ रुपये और भारती एयरटेल का बाजार पूंजीकरण 24,946.71 करोड़ रुपये घटकर 10,77,213.23 करोड़ रुपये रह गया।
इनकी हुई मौज
दूसरी ओर टीसीएस का बाजार पूंजीकरण 11,125.62 करोड़ रुपये बढ़कर 11,15,962.91 करोड़ रुपये और हिंदुस्तान यूनिलीवर का बाजार पूंजीकरण 7,318.98 करोड़ रुपये बढ़कर 6,24,991.28 करोड़ रुपये हो गया। रिलायंस इंडस्ट्रीज सबसे मूल्यवान कंपनी बनी रही। इसके बाद एचडीएफसी बैंक, टीसीएस, भारती एयरटेल, आईसीआईसीआई बैंक, भारतीय स्टेट बैंक, हिंदुस्तान यूनिलीवर, इंफोसिस, बजाज फाइनेंस और एलआईसी का स्थान रहा।
(Disclaimer: यह लेख केवल सूचना देने के उद्देश्य से प्रस्तुत किया गया है और इसे किसी प्रकार की निवेश सलाह के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए। टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल अपने पाठकों/दर्शकों को सलाह देता है कि किसी भी वित्तीय निर्णय से पहले अपने वित्तीय सलाहकार से परामर्श जरूर करें।)
