पिछले हफ्ते शेयर बाजार में अच्छी तेजी देखने को मिली और इसका फायदा देश की टॉप 10 सबसे बड़ी कंपनियों में से 7 कंपनियों को हुआ। इन सात कंपनियों के कुल बाजार मूल्य (Market Cap) में 1.28 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा की बढ़ोतरी दर्ज की गई। सबसे ज्यादा फायदा रिलायंस इंडस्ट्रीज और भारती एयरटेल को मिला, जिनका मार्केट कैप हजारों करोड़ रुपये बढ़ गया।
सेंसेक्स भी बढ़ा, निवेशकों की कमाई में इजाफा
पिछले सप्ताह बीएसई सेंसेक्स में 669 अंक (0.79%) की बढ़त देखने को मिली। कई सेक्टर्स में खरीदारी बढ़ी और इसका सीधा असर बड़ी कंपनियों के मूल्यांकन पर पड़ा। रिलायंस, एचडीएफसी बैंक, टीसीएस, इंफोसिस और एयरटेल जैसी दिग्गज कंपनियों की वैल्यू बढ़ी, जिससे निवेशकों की संपत्ति भी बढ़ी है।
किस कंपनी को मिला सबसे ज्यादा फायदा?
- सबसे बड़ा उछाल रिलायंस इंडस्ट्रीज में आया। कंपनी का मार्केट कैप लगभग
- 36,673 करोड़ रुपये बढ़कर 20.92 लाख करोड़ रुपये हो गया।
- इसके बाद भारती एयरटेल का नंबर आया, जिसका बाजार मूल्यांकन करीब
- 36,579 करोड़ रुपये बढ़कर 12.33 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गया। टीसीएस और इंफोसिस जैसी आईटी कंपनियां भी फायदे में रहीं।
इंफोसिस का मार्केट कैप 17,490 करोड़ रुपये बढ़ा और यह 6.41 लाख करोड़ पर पहुंच गया।
इसके अलावा एचडीएफसी बैंक, एसबीआई और हिंदुस्तान यूनिलीवर के मार्केट कैप में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई। बाजार की मजबूती और निवेशकों का भरोसा इन कंपनियों के लिए फायदेमंद साबित हुआ।
किन कंपनियों में गिरावट आई?
हालांकि सभी बड़ी कंपनियां फायदे में नहीं रहीं। टॉप 10 में शामिल तीन कंपनियों में बजाज फाइनेंस, एलआईसी, और आईसीआईसीआई बैंक को नुकसान हुआ। बजाज फाइनेंस का बाजार मूल्य 8,244 करोड़ रुपये घटकर 6.25 लाख करोड़ रह गया। एलआईसी का मार्केट कैप भी 4,522 करोड़ रुपये कम हुआ।आईसीआईसीआई बैंक का मूल्यांकन 1,248 करोड़ रुपये घट गया।
क्या मतलब है इस बदलाव का?
मार्केट कैप में उतार-चढ़ाव बताता है कि किन कंपनियों में निवेशकों का भरोसा बढ़ रहा है और किन में कम हो रहा है। रिलायंस, एयरटेल और आईटी सेक्टर की कंपनियों में तेजी यह दिखाती है कि बाजार इन कंपनियों की ग्रोथ को लेकर सकारात्मक है। वहीं, बजाज फाइनेंस और एलआईसी जैसे बड़े ब्रांडों में गिरावट यह संकेत देती है कि कुछ सेक्टर्स में फिलहाल निवेशकों की सतर्कता बढ़ी है।
