बिजनेस

ज्यादा क्रेडिट कार्ड रखना सही है? क्या इससे घटता या बढ़ता है सिबिल स्कोर

एक से ज्यादा क्रेडिट कार्ड रखना फायदे का सौदा भी हो सकता है और नुकसान का भी ये पूरी तरह इस बात पर निर्भर करता है कि आप उनका इस्तेमाल कैसे करते हैं। अगर आप समय पर बिल चुकाते हैं, सीमित खर्च करते हैं और बार-बार नए कार्ड के लिए आवेदन नहीं करते, तो आपका क्रेडिट स्कोर तेजी से बढ़ सकता है। लेकिन अगर पेमेंट में लापरवाही या जरूरत से ज्यादा खर्च करते हैं, तो इससे स्कोर गिर सकता है और कर्ज का बोझ भी बढ़ सकता है।

Image

credit card

आज के जमाने में हर किसी के पास एक या उससे ज्यादा क्रेडिट कार्ड हैं। क्रेडिट कार्ड आपके खर्चों को मैनेज करने में बहुत काम आते हैं लेकिन ये कई बारे आपके लिए मुसीबत भी बन जाते हैं। हाल ही की रिपोर्ट के अनुसार, लगभग 42% क्रेडिट कार्ड यूजर्स ने त्योहारों के दौरान 50,000 रुपये से ज्यादा खर्च किए। ऐसे में कई लोगों के मन में सवाल आता है क्या एक से ज्यादा क्रेडिट कार्ड रखना फायदेमंद होता है या इससे सिबिल स्कोर पर बुरा असर पड़ सकता है? आइए जानते हैं इसके पीछे का माजरा?

एक से ज्यादा क्रेडिट कार्ड सही या गलत?

दरअसल, अगर क्रेडिट कार्ड्स का सही और समझदारी से इस्तेमाल किया जाए, तो ये आपके क्रेडिट स्कोर को बेहतर बना सकते हैं। एक से ज्यादा कार्ड होने से आपकी कुल क्रेडिट लिमिट बढ़ जाती है, जिससे आपका क्रेडिट यूटिलाइजेशन रेश्यो (CUR) कम होता है। यानी अगर आप अपनी लिमिट का बहुत छोटा हिस्सा खर्च करते हैं, तो यह आपके स्कोर पर पॉजिटिव असर डालता है। साथ ही, अगर आप हर कार्ड को अलग-अलग जरूरतों जैसे शॉपिंग, ट्रैवल या फ्यूल के लिए इस्तेमाल करते हैं, तो यह आपकी वित्तीय अनुशासन (Financial Discipline) को दर्शाता है। इसके अलावा, हर कार्ड की समय पर पेमेंट करना आपकी रीपेमेंट हिस्ट्री को मजबूत बनाता है, जिससे बैंक और लोन कंपनियों के नजर में आपकी विश्वसनीयता बढ़ती है।

हो सकते हैं ये नुकसान

लेकिन अगर आप कई कार्ड्स को संभालने में लापरवाही करते हैं, तो नुकसान भी बड़ा हो सकता है। किसी एक कार्ड की पेमेंट मिस करने से भी क्रेडिट स्कोर पर बुरा असर पड़ता है। इसी तरह, अगर आप थोड़े समय में कई कार्ड के लिए आवेदन करते हैं, तो इससे हार्ड इंक्वायरी बढ़ जाती है और आपकी औसत क्रेडिट उम्र (Credit Age) घट जाती है। पुराने कार्ड बंद करने से आपकी कुल लिमिट कम हो जाती है और क्रेडिट हिस्ट्री भी छोटी हो सकती है।

कई क्रेडिट कार्ड्स को संभालने के लिए कुछ बातों का ध्यान रखना जरूरी है कोशिश करें कि कुल क्रेडिट लिमिट का 30% से ज्यादा खर्च न करें, सभी कार्ड की पेमेंट समय पर करें और पुराने कार्ड्स को एक्टिव रखें। नई क्रेडिट कार्ड के लिए आवेदन करने में जल्दबाजी न करें और समय-समय पर अपनी क्रेडिट रिपोर्ट जांचते रहें। अगर जरूरत हो, तो किसी फाइनेंशियल एक्सपर्ट से सलाह लेना भी फायदेमंद रहेगा।

Richa Tripathi
रिचा त्रिपाठीauthor

रिचा त्रिपाठी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में बिजनेस डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया इंडस्ट्री में 7 वर्षों के अनुभव के साथ रिचा, पर्सनल फाइनेंस, स्टॉक मार्केट, टैक्स प्लानिंग और अर्थव्यवस्था से जुड़े विषयों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। अब तक 8,000 से अधिक कंटेंट लिख चुकी रिचा की विशेषता है—जटिल वित्तीय जानकारियों को सरल, स्पष्ट और भरोसेमंद तरीके से पाठकों तक पहुंचाना। वह ऐसी स्टोरीज तैयार करती हैं जो न केवल जानकारीपूर्ण होती हैं, बल्कि आम पाठक की वित्तीय समझ को बेहतर बनाने में भी मदद करती हैं।

और पढ़ें
End of Article