Bank Locker Safety Rules 2026: भारत में अधिकांश लोग अपनी सोने की ज्वेलरी को सुरक्षित रखने के लिए बैंक लॉकर का इस्तेमाल करते हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं बैंक लॉकर में रखा सोना पूरी तरह सुरक्षित नहीं होता और बैंक इसकी पूरी जिम्मेदारी नहीं लेते। इसलिए केवल लॉकर पर निर्भर रहना काफी नहीं होगा।
बैंक की सीमित जिम्मेदारी
नियमों के अनुसार, बैंक की जिम्मेदारी सीमित होती है। अगर लॉकर में रखे सोने को नुकसान होता है, तो बैंक केवल लॉकर के वार्षिक किराए के 100 गुना तक ही मुआवजा देते हैं। यानी अगर आपके पास लाखों का सोना है, तो भी आपको पूरी भरपाई नहीं मिल सकती। इसके अलावा, प्राकृतिक आपदाओं जैसे बाढ़ या भूकंप की स्थिति में बैंक की कोई जिम्मेदारी नहीं होती। ऐसे में सोने की सुरक्षा के लिए कुछ और विकल्पों को भी अपनाया जा सकता है।
ऐसे रहेगा सोना सुरक्षित
ज्वेलरी इंश्योरेंस
विशेषज्ञ सलाह देते हैं कि सोने की सुरक्षा के लिए ज्वेलरी इंश्योरेंस लेना बेहद जरूरी है। यह बीमा चोरी, आग, नुकसान और प्राकृतिक आपदाओं जैसी स्थितियों से सुरक्षा देता है। इसकी लागत भी ज्यादा नहीं होती। आमतौर पर सालाना 0.5% से 1% प्रीमियम में आपका सोना सुरक्षित हो सकता है।
Gold ETF
इसके अलावा, एक और सुरक्षित विकल्प Gold ETF (Exchange Traded Fund) भी है। यह उन लोगों के लिए बेहतर माना जाता है जो सोने में निवेश करना चाहते हैं, लेकिन उसे फिजिकल रूप में रखना नहीं चाहते। ETF में आपको शुद्धता, सुरक्षा और आसानी से खरीद-बिक्री की सुविधा मिलती है, जबकि इसकी लागत भी अपेक्षाकृत कम होती है।
Gold Overdraft (OD)
अगर आप अपने सोने से अतिरिक्त फायदा भी लेना चाहते हैं, तो Gold Overdraft (OD) एक स्मार्ट विकल्प हो सकता है। इसमें आप सोना बैंक के पास गिरवी रखते हैं और उसके बदले क्रेडिट लिमिट मिलती है। इस स्थिति में बैंक उस सोने की पूरी जिम्मेदारी लेता है, जो लॉकर के मुकाबले ज्यादा सुरक्षित विकल्प बन जाता है।
विशेषज्ञों के अनुसार, सही रणनीति यह है कि आप अपने सोने को अलग-अलग तरीके से मैनेज करें। भावनात्मक और उपयोग के लिए कुछ फिजिकल गोल्ड रखें, जबकि निवेश के लिए ETF अपनाएं और सुरक्षा के लिए इंश्योरेंस जरूर लें।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। बिज़नेस (Business News) अपडेट और आज का सोने का भाव (Gold Rate Today), आज की चांदी का रेट (Silver Rate Today) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
