बिजनेस

IREDA FPO: इरेडा का आएगा FPO, जानें क्या है प्लानिंग और कितना होगा साइज, ये है डिटेल

IREDA FPO: भारतीय अक्षय ऊर्जा विकास एजेंसी (IREDA) पूंजी जुटाने के लिए एफपीओ लाने की तैयारी कर रही है। यह अगले वित्त वर्ष के आखिर या अगले वित्त वर्ष की शुरुआत में आ सकता है। कंपनी करीब कुल 24,200 करोड़ रुपये बाजार से जुटाने का लक्ष्य रखा है। ऐसे में एफपीओ का साइज क्या होगा, इसको लेकर अभी कंपनी ने खुलासा नहीं किया है।

Image

इरेडा का आ सकता है एफपीओ

IREDA FPO:सार्वजनिक क्षेत्र की भारतीय अक्षय ऊर्जा विकास एजेंसी (IREDA) एक बार फिर पूंजी जुटाने के लिए शेयर बाजार में दस्तक दे सकती है। कंपनी पूंजी जुटाने के लिए एफपीओ (FPO) लाने की तैयारी में हैं। इसके पहले नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय के अंतर्गत आने वाली गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनी (एनबीएफसी) पिछले साल नवंबर में 2,150 करोड़ रुपये का आईपीओ (IPO) लेकर आई थी। कंपनी ने कुल 24,200 करोड़ रुपये बाजार से जुटाने का लक्ष्य रखा है। हालांकि एफपीओ का साइज क्या होगा, इसको लेकर अभी कंपनी ने खुलासा नहीं किया है।

क्या है तैयारी

सार्वजनिक क्षेत्र की भारतीय अक्षय ऊर्जा विकास एजेंसी लि. (इरेडा) के चेयरमैन और प्रबंध निदेशक प्रदीप कुमार दास ने सोमवार को कहा कि हम कंपनी में इक्विटी पूंजी बढ़ाने के लिए एफपीओ लाने की योजना बना रहे हैं। दास ने कहा कि हमने 24,200 करोड़ रुपये बाजार से जुटाने का लक्ष्य रखा है। लेकिन हमारा अनुमान है कि नवीकरणीय ऊर्जा और नये उद्योगों (हरित हाइड्रोजन, बैटरी भंडारण आदि) की जरूरतों को पूरा करने के लिए हमें और इक्विटी पूंजी चाहिए। इसके लिए हम एफपीओ लाने पर विचार कर रहे हैं। हालांकि इस समय एफपीओ के आकार के बारे में अभी कुछ बताना मुश्किल होगा। यह अगले वित्त वर्ष के आखिर या अगले वित्त वर्ष की शुरुआत में आ सकता है।

कितना कारोबार

दास ने कहा कि हम चालू वित्त वर्ष में 30,000 करोड़ रुपये से अधिक कर्ज वितरण की उम्मीद कर रहे हैं।उल्लेखनीय है कि गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनी इरेडा का कर्ज वितरण वित्त वर्ष 2023-24 में 15.94 प्रतिशत बढ़कर 25,089.04 करोड़ रुपये रहा। जो एक साल पहले 2022-23 में 21,639.21 करोड़ रुपये था।इरेडा का शुद्ध एनपीए (गैर-निष्पादित परिसंपत्ति) 0.99 प्रतिशत रहा जो 2022-23 में 1.66 प्रतिशत था।

Prashant Srivastav
प्रशांत श्रीवास्तवauthor

करीब 17 साल से पत्रकारिता जगत से जुड़ा हुआ हूं। और इस दौरान मीडिया की सभी विधाओं यानी टेलीविजन, प्रिंट, मैगजीन, डिजिटल और बिजनेस पत्रकारिता में काम करने का मौका मिला। इस समय Timesnowhindi.com में टीम लीड के रुप में बिजनेस, ऑटो, यूटीलिटी, टेक सेक्शन में अपना योगदान दे रहा हूं। करियर का पहला ब्रेक हैदराबाद स्थित मीडिया संस्थान ईटीवी से टेलीविजन के जरिए हुआ। यहां पर टेलीविजन पत्रकारिता की बारीकियों को समझने का मौका मिला। और उसके बाद अगला पड़ाव दिल्ली स्थित दैनिक भास्कर समूह का बिजनेस भास्कर रहा। यहां से बिजनेस पत्रकारिता में कदम रखा। और यह सफर वित्त मंत्रालय की रिपोर्टिंग से लेकर बैंकिंग, इंश्योरेंस, ऑटो, एफएमसीजी, एमएमएमई, टेलीकॉम सेक्टर की ग्राउंड रिपोर्ट से लेकर कॉरपोरेट जगत की खबरें और इकोनॉमी से जुड़ी खबरों से गुजरते हुए अमर उजाला, मनी भास्कर वेबसाइट से होकर आउटलुक मैगजीन पहुंचा। यहां पर पॉलिटिकल खबरों को करने का मौका मिला। आउटलुक में रहते हुए भाजपा और कांग्रेस पार्टी को भी कवर किया। इस दौरान दिल्ली दंगों पर ग्राउंड रिपोर्ट से लेकर सीएए आंदोलन, किसान आंदोलन और कृषि जगत, वाइल्ड लाइफ से जुड़ी ग्राउंड रिपोर्ट भी करने का मौका मिला। करियर के इस सफर में 2014 लोक सभा चुनाव, 2019 लोक सभा चुनाव, इसके अलावा उत्तर प्रदेश विधान सभा चुनाव, राजस्थान विधान सभा, मध्य प्रदेश विधान सभा चुनाव की ग्राउंड रिपोर्ट भी की। पिछले 16 साल से केंद्रीय बजट की बारीकियों को समझकर उसे आम भाषा में लोगों तक पहुंचाने का भी प्रयास किया है। 17 साल के करियर में करीब 10 साल डिजिटल मीडिया का अनुभव रहा है। पिछले 3 साल से टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। पत्रकारिता का ककहरा माखन लाल चतुर्वेदी पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से सीखा है।

और पढ़ें
End of Article