बिजनेस

खुद अपना मुकाम बनाने वाली अमीर महिलाओं की सूची में इंद्रा नूयी, जयश्री उल्लाल भी हुईं शामिल

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jul 10, 2023, 03:46 PM IST

Forbes List: भारतीय मूल की चार महिलाएं फोर्ब्स की ‘अपना मुकाम खुद हासिल करने वाली’ 100 सबसे अमीर महिलाओं की सूची में जगह बनाने में कामयाब रही हैं।

Image

जयश्री उल्लाल और इंदिरा नूयी

Photo : Twitter

Forbes List: भारतीय मूल की चार महिलाएं फोर्ब्स की ‘अपना मुकाम खुद हासिल करने वाली’ 100 सबसे अमीर महिलाओं की सूची में जगह बनाने में कामयाब रही हैं। भारतीय मूल की इन चारों महिलाओं की संपत्तियां सामूहिक रूप से 4.06 अरब डॉलर हैं। फोर्ब्स की इस सूची में कंप्यूटर नेटवर्किंग फर्म अरिस्टा नेटवर्क्स की अध्यक्ष एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) जयश्री उल्लाल, आईटी परामर्श और आउटसोर्सिंग फर्म सिंटेल की सह-संस्थापक नीरजा सेठी, क्लाउड कंपनी कॉन्फ्लूएंट की सह-संस्थापक एवं पूर्व मुख्य प्रौद्योगिकी अधिकारी (सीटीओ) नेहा नारखेड़े और पेप्सिको की पूर्व चेयरमैन एवं सीईओ इंद्रा नूयी शामिल हैं।

उल्लाल सूची में 15वें स्थान पर

शेयर बाजारों में जारी तेजी के बीच फोर्ब्स की 100 अमीर महिलाओं की सूची में शामिल महिला उद्यमियों की कुल संपत्ति एक साल पहले की तुलना में 12 प्रतिशत बढ़कर 124 अरब डॉलर पर पहुंच गई है। उल्लाल सूची में 15वें स्थान पर हैं और उनकी कुल संपदा 2.4 अरब डॉलर है। वह 2008 से सार्वजनिक रूप से कारोबार करने वाले अरिस्टा नेटवर्क्स की अध्यक्ष और सीईओ हैं। अरिस्टा ने 2022 में लगभग 4.4 अरब डॉलर का राजस्व दर्ज किया। वह क्लाउड कंप्यूटिंग कंपनी स्नोफ्लेक के निदेशक मंडल में भी हैं।

नारखेडे सूची में 38वें स्थान पर

सूची में 25वें स्थान पर मौजूद 68 वर्षीया सेठी की कुल संपत्ति 99 करोड़ डॉलर है। सेठी और उनके पति भरत देसाई द्वारा 1980 में सह-स्थापित सिंटेल को अक्टूबर, 2018 में फ्रांसीसी आईटी फर्म एटोस एसई ने 3.4 अरब डॉलर में खरीदा था। सेठी को अपनी हिस्सेदारी के लिए अनुमानित तौर पर 51 करोड़ डॉलर मिले थे। वहीं 38 वर्षीया नारखेडे 52 करोड़ डॉलर की संपदा के साथ सूची में 38वें स्थान पर हैं।

पेप्सिको की पूर्व चेयरमैन एवं सीईओ है इंदिरा नूयी

पेप्सिको की पूर्व चेयरमैन एवं सीईओ नूयी कंपनी के साथ 24 साल तक रहने के बाद 2019 में सेवानिवृत्त हुई थीं। उनकी कुल संपदा 35 करोड़ डॉलर आंकी गई है और वह सूची में 77वें स्थान पर हैं। इस सूची में एबीसी सप्लाई की सह-संस्थापक डेन हेंड्रिक्स लगातार छठी बार पहले स्थान पर रही हैं। हेंड्रिक्स की कुल संपदा 15 अरब डॉलर है।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article