बिजनेस

IIP: देश का औद्योगिक उत्पादन जून में 4.2% बढ़ा, माइनिंग और पावर सेक्टर्स का रहा जलवा

IIP: माइनिंग और पावर सेक्टर्स के अच्छे प्रदर्शन की वजह से देश का औद्योगिक उत्पादन जून 2024 में 4.2 प्रतिशत की दर से बढ़ा। चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही यानी अप्रैल-जून अवधि में देश के औद्योगिक उत्पादन की वृद्धि दर 5.2 प्रतिशत रही।

Image

औद्योगिक उत्पादन में इजाफा

IIP: देश का औद्योगिक उत्पादन जून के महीने में माइनिंग और पावर सेक्टर्स के अच्छे प्रदर्शन की वजह से 4.2 प्रतिशत की दर से बढ़ा है। सोमवार को जारी आधिकारिक आंकड़ों में यह जानकारी दी गई। पिछले साल जून में औद्योगिक उत्पादन की वृद्धि दर 4 प्रतिशत रही थी। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक जून के महीने में मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर की वृद्धि दर 2.6 प्रतिशत रही जबकि एक साल पहले की समान अवधि में यह 3.5 प्रतिशत थी। इस अवधि में माइनिंग सेक्टर 10.3 प्रतिशत की दर से बढ़ा जबकि पावर की वृद्धि दर 8.6 प्रतिशत रही। इसके साथ ही चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही यानी अप्रैल-जून अवधि में देश के औद्योगिक उत्पादन की वृद्धि दर 5.2 प्रतिशत रही जो पिछले साल की समान तिमाही के 4.7 प्रतिशत से अधिक है।

हालांकि, मासिक आधार पर IIP का प्रदर्शन पिछले 5 महीनों में सबसे कम रहा है। इस साल मई में यह 6.2 प्रतिशत, अप्रैल में 5 प्रतिशत, मार्च में 5.5 प्रतिशत और फरवरी में 5.6 प्रतिशत बढ़ा था। इसके साथ ही चालू वित्त वर्ष की अप्रैल-जून अवधि में आईआईपी वृद्धि पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि के 4.7 प्रतिशत के मुकाबले 5.2 प्रतिशत रही।

सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय ने बयान में कहा कि खनन उत्पादन की वृद्धि जून में बढ़कर 10.3 प्रतिशत हो गई, जबकि एक साल पहले इसी महीने में इसमें 7.6 प्रतिशत की वृद्धि हुई थी। हालांकि, औद्योगिक उत्पादन में अहम स्थान रखने वाले विनिर्माण क्षेत्र की वृद्धि दर जून में घटकर 2.6 प्रतिशत रह गई, जबकि एक साल पहले इसी महीने में इसमें 3.5 प्रतिशत की वृद्धि हुई थी।

आलोच्य महीने में बिजली उत्पादन में 8.6 प्रतिशत की वृद्धि हुई, जबकि पिछले साल इसी महीने में इस क्षेत्र की वृद्धि 4.2 प्रतिशत रही थी। उपयोग-आधारित वर्गीकरण के मुताबिक, पूंजीगत उत्पाद खंड की वृद्धि जून, 2024 में घटकर 2.4 प्रतिशत रह गई जबकि एक साल पहले की समान अवधि में इसमें 2.9 प्रतिशत की वृद्धि हुई थी। इस साल जून में टिकाऊ उपभोक्ता वस्तुओं का उत्पादन 8.6 प्रतिशत बढ़ा जबकि जून, 2023 में इसमें 6.8 प्रतिशत की गिरावट आई थी।

समीक्षाधीन माह में गैर-टिकाऊ उपभोक्ता वस्तुओं के उत्पादन में 1.4 प्रतिशत की गिरावट आई, जबकि मई, 2023 में इसमें 0.5 प्रतिशत की वृद्धि हुई थी। आंकड़ों के मुताबिक, बुनियादी ढांचे एवं निर्माण वस्तुओं की वृद्धि दर जून में घटकर 4.4 प्रतिशत रही जो एक साल पहले की समान अवधि में 13.3 प्रतिशत रही थी।

आंकड़ों से यह भी पता चला कि प्राथमिक वस्तुओं के उत्पादन में इस साल जून में 6.3 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई, जो एक साल पहले 5.3 प्रतिशत थी। समीक्षाधीन महीने में मध्यवर्ती वस्तुओं का खंड 3.1 प्रतिशत बढ़ा जो एक साल पहले दर्ज किए गए 5.2 प्रतिशत के आंकड़े से कम है।

Ramanuj Singh
रामानुज सिंहauthor

रामानुज सिंह पत्रकारिता में दो दशकों का व्यापक और समृद्ध अनुभव रखते हैं। उन्होंने टीवी और डिजिटल—दोनों ही प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए बिजनेस, पर्सनल फाइनेंस, शेयर बाजार, इनकम टैक्स, बैंकिंग, बुलियन और कमोडिटी मार्केट जैसे विषयों पर गहरी विशेषज्ञता विकसित की है। जर्नलिज्म में एमए की डिग्री और वर्षों के अनुभव से विकसित विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के साथ, रामानुज जटिल वित्तीय विषयों को सरल, विश्वसनीय और प्रभावी तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। अब तक वे 22,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article