Times Now Navbharat
live-tv
Premium

AI कैसे बदल रहा है Ad Market का खेल? विज्ञापन से लेकर ग्राहक की खरीदारी तक समझें पूरा असर

ताजा डेटा से पता चलता है कि जनवरी-जुलाई 2026 में डिजिटल एडवरटाइजिंग में साल-दर-साल 44% की बढ़ोतरी हुई। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) इस ग्रोथ में कंपनियां की मदद कर रही है।

Image
AI की एंट्री, आपकी खरीदारी तक
Authored by: आलोक कुमार
Updated Sep 28, 2026, 13:07 IST
Follow on Google News

AI (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) की एंट्री के बाद से लगभग हर क्षेत्र में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। नौकरियों से लेकर सर्विसेज तक, एआई की भूमिका तेजी से बढ़ी है और आने वाले समय में इसका दायरा और बढ़ने की उम्मीद है। इसी बदलाव का असर अब डिजिटल मार्केटिंग की दुनिया में भी साफ दिखाई देने लगा है।

अब तक जब हम इंटरनेट पर किसी प्रोडक्ट के बारे में सर्च करते थे, तो उससे जुड़े विज्ञापन हमें मोबाइल, वेबसाइट और सर्च के अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर दिखाई देने लगते थे। लेकिन डिजिटल मार्केटिंग का यह तरीका अब तेजी से बदल रहा है। AI ने विज्ञापन की दुनिया में सिर्फ एंट्री नहीं की है, बल्कि इसके काम करने का तरीका भी बदलना शुरू कर दिया है। कंपनियों को AI सिर्फ विज्ञापन बनाने में मदद नहीं कर रहा, बल्कि वह ग्राहक के व्यवहार और पसंद को समझने में भी मदद कर रहा है। AI यह अनुमान लगाने में मदद करद रहा है कि ग्राहक क्या चाहता है, किस प्रोडक्ट में उसकी दिलचस्पी हो सकती है, वह कब खरीदारी कर सकता है और उसके सामने कौन-सा ऑफर रखा जाना चाहिए।

यही वजह है कि AI डिजिटल मार्केटिंग और विज्ञापन बाजार को एक नए दौर में ले जा रहा है। अब सवाल सिर्फ यह नहीं है कि विज्ञापन ग्राहक तक कैसे पहुंचेगा, बल्कि यह है कि AI ग्राहक की अगली जरूरत को कैसे पहचानेगा और उसकी खरीदारी के फैसले को कैसे प्रभावित करेगा। आइए समझते हैं कि डिजिटल मार्केटिंग में AI की बढ़ती भूमिका से कंपनियों से लेकर आम ग्राहक और उसकी खरीदारी तक पर क्या असर पड़ सकता है।

AI के आने से क्या बदला?

अभी तक डिजिटल विज्ञापन में कंपनियां उम्र, शहर, रुचि और कुछ ऑनलाइन गतिविधियों के आधार पर लोगों को अलग-अलग समूहों में बांटती थीं। लेकिन AI इस प्रक्रिया को और बारीक बना रहा है। मान लीजिए आपने इंटरनेट पर कई बार किसी कार की कीमत, माइलेज और कार लोन की जानकारी खोजी। AI इन गतिविधियों को एक साथ समझकर यह अनुमान लगा सकता है कि आप कार खरीदने की तैयारी कर रहे हैं।

इसके बाद आपको कार, इंश्योरेंस, लोन, एक्सेसरीज या डीलर से जुड़े विज्ञापन ज्यादा दिखाई दे सकते हैं। यानी विज्ञापन अब सिर्फ आप कौन हैं? पर आधारित नहीं है, बल्कि यह समझने की कोशिश कर रहा है कि आप अगला कदम क्या उठा सकते हैं? आसान भाषा में कहें तो AI का काम अब केवल आकर्षक पोस्टर या विज्ञापन की कॉपी लिखना भर नहीं रह गया है, बल्कि एआई यह गहराई से समझ रहे हैं कि ग्राहक असल में क्या चाहता है? यूं कहें तो एआई इंसान का मन टटोल रहा है।

विज्ञापन से खरीदारी तक: क्या पड़ेगा असर?

असरAI के आने से क्या बदलेगा?
हाइपर-पर्सनलाइजेशनहर यूजर की पसंद, बजट और जरूरत के हिसाब से कंटेंट और प्रोडक्ट दिखाए जा सकते हैं।
सटीक टाइमिंग और टार्गेटिंगAI डेटा का विश्लेषण करके यह अनुमान लगा सकता है कि ग्राहक कब और किस चीज की खरीदारी कर सकता है।
स्मार्ट चैटबॉट्स और Agentic AIग्राहक सीधे AI से बातचीत कर अपनी जरूरत समझ सकता है और प्रोडक्ट या सर्विस से जुड़े सुझाव पा सकता है।
मार्केटिंग बजट की बचतकंपनियां गलत ऑडियंस पर विज्ञापन खर्च कम करके ज्यादा संभावित ग्राहकों तक पहुंच सकती हैं।

कंटेंट बनाने का तरीका बदला

डिजिटल मार्केटिंग में सबसे बड़ा बदलाव कंटेंट को लेकर भी है। AI की मदद से कंपनियां कुछ ही समय में विज्ञापन कॉपी, ईमेल, सोशल मीडिया पोस्ट, हेडलाइन और दूसरे मार्केटिंग कंटेंट के कई वर्जन तैयार कर रही हैं। यानी जहां पहले एक विज्ञापन तैयार करने में काफी समय लगता था, वहीं AI के जरिए कंपनियां तेजी से कई विकल्प तैयार करके उनका परीक्षण कर सकती हैं।

चैटबॉट बन गया नया ग्राहक सेवा केंद्र

AI का असर सिर्फ विज्ञापन तक सीमित नहीं है। ग्राहक सेवा में भी इसका इस्तेमाल बढ़ रहा है। AI चैटबॉट ग्राहक के सवालों का जवाब 24 घंटे दे रहा है। वे पिछली बातचीत और उपलब्ध जानकारी के आधार पर जवाब को ज्यादा बेहतर बना रहा है।

कंपनियों को मिल रही सटीक जानकारी

AI से कंपनियों को सबसे अधिक फायदा सटीक जानकारी मिलना है। कंपनियों के पास वेबसाइट, सोशल मीडिया, खरीदारी और ग्राहक समीक्षा से बड़ी मात्रा में डेटा होता है। AI इस डेटा को तेजी से पढ़कर सटीक जानकारी उपलब्ध करा रहा है। उदाहरण के लिए, किसी कंपनी को यह पता चल सकता है कि उसके कौन से ग्राहक दोबारा खरीदारी कर सकते हैं, कौन-से ग्राहक किसी प्रोडक्ट में रुचि खो रहे हैं या किस तरह के ग्राहक किसी खास ऑफर पर ज्यादा प्रतिक्रिया दे रहे हैं। इसके आधार पर कंपनियां अपनी मार्केटिंग रणनीति बदल सकती हैं।

Google और सोशल मीडिया जल्द बीते दिनों की बात!

AI के आने से विज्ञापन अब Google और सोशल मीडिया तक सीमित नहीं रह गया है। AI के आने के बाद से ग्राहक को सीधे कई वेबसाइटों पर जाने के बजाय AI से जवाब ले रहा है। इससे कंपनियों के लिए मार्केटिंग की रणनीति बदलने की चुनौती है। अब सवाल सिर्फ यह नहीं होगा कि विज्ञापन Google या सोशल मीडिया पर कितने लोगों ने देखा। सवाल यह भी होगा कि जब ग्राहक AI से सलाह मांगे तो उसके जवाब में कौन-सा ब्रांड दिखाई देता है।

डिजिटल मार्केटिंग का नया दौर

डिजिटल मार्केटिंग का नया दौर

आम खरीदार पर क्या होगा असर?

AI आधारित मार्केटिंग का सबसे सीधा असर ग्राहक को मिलने वाले विज्ञापनों और सुझावों पर पड़ेगा। आपको ऐसे विज्ञापन ज्यादा मिल सकते हैं जो आपकी जरूरत से जुड़े हों। इससे सही प्रोडक्ट या ऑफर खोजने में समय कम लग सकता है।

लेकिन इसका दूसरा पहलू भी है।

AI जितना ज्यादा आपके ऑनलाइन व्यवहार को समझेगा, उतने ही महत्वपूर्ण सवाल डेटा और प्राइवेसी को लेकर होंगे। ग्राहक को यह समझना जरूरी होगा कि उसका डेटा किस तरह इस्तेमाल किया जा रहा है और AI द्वारा दिया गया सुझाव वास्तव में निष्पक्ष है या उसके पीछे किसी कंपनी का व्यावसायिक हित है।

विज्ञापन से जुड़े लोगों कीक्या AI नौकरी खत्म कर देगा?

AI कई दोहराव वाले काम अपने हाथ में ले सकता है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि इंसान की भूमिका खत्म हो जाएगी। AI डेटा का विश्लेषण, कंटेंट का शुरुआती ड्राफ्ट और कैंपेन के कई हिस्सों को ऑटोमेट कर सकता है। लेकिन रणनीति बनाना, सही क्रिएटिव आइडिया चुनना, ब्रांड की दिशा तय करना और नैतिक फैसले लेना अभी भी इंसानी भूमिका का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसलिए आने वाले समय में मुकाबला शायद AI बनाम इंसान का नहीं होगा। असली मुकाबला उन लोगों के बीच हो सकता है जो AI का प्रभावी इस्तेमाल करना जानते हैं और जो इसका इस्तेमाल नहीं करते।

End of Article