Times Now Navbharat
live-tv
Premium

फ्लैट की चाबी मिलने से खत्म नहीं होता मुआवजे का हक, SC के ऐतिहासिक फैसले का मतलब समझिए

होम बायर्स के साथ अब बिल्डर मनमानी नहीं कर पाएंगे। पजेशन लेने के बाद भी सर्विस में कमी या देरी से पजेशन मिलने को लेकर होम बायर्स कंज्यूमर फोरम का दरवाजा खटखटा सकता है।

Image
नहीं चलेगी बिल्डर मनमानी
Edited by: आलोक कुमार
Updated Jun 28, 2026, 15:16 IST
Follow on Google News

देश की सर्वोच्च अदालत, सुप्रीम कोर्ट (SC) ने लाखों होम बायर्स के पक्ष में ऐतिहासिक फैसला सुनाया है। सर्वोच्च न्यायालय ने अपने फैसले में स्पष्ट किया है कि अगर किसी खरीदार को फ्लैट का कब्जा तय समय से देरी से मिला है, तो वह कब्जा लेने के बाद भी बिल्डर के खिलाफ शिकायत दर्ज करा सकता है और मुआवजे की मांग कर सकता है। सुप्रीम कोर्ट ने अपने फैसले में कहा कि फ्लैट का पजेशन स्वीकार कर लेना इस बात का संकेत नहीं है कि खरीदार ने अपने सभी कानूनी अधिकार छोड़ दिए हैं। अगर बिल्डर ने समय पर घर नहीं दिया या सर्विस में किसी तरह की कमी रही है, तो होम बायर कंज्यूमर फोरम का दरवाजा खटखटा सकता है और उचित मुआवजे की मांग कर सकता है।

प्रॉपर्टी एक्सपर्ट का कहना है कि सुप्रीम कोर्ट का यह फैसला न केवल होम बायर्स के अधिकारों को मजबूत करता है, बल्कि बिल्डरों की मनमानी पर लगाम लगाएगा। आइए विस्तार से समझते हैं कि इस फैसले का घर खरीदारों पर क्या असर पड़ेगा और यह बिल्डर्स की मनमानी पर किस तरह रुकेगी।

टाइमलाइन: ऐतिहासिक फैसले का सफर

  • जनवरी 2003: दिल्ली की कोऑपरेटिव ग्रुप हाउसिंग सोसाइटी में सदस्यता मिली, द्वारका प्रोजेक्ट में फ्लैट आवंटित।
  • 2005: फ्लैट मिलने में देरी पर खरीदार ने जिला उपभोक्ता फोरम में शिकायत दर्ज कराई।
  • 2009–2016: जिला फोरम, राज्य आयोग और NCDRC ने आर्बिट्रेशन क्लॉज और पजेशन का हवाला देकर खरीदार की शिकायत खारिज कर दी।
  • 4 जून (सुप्रीम कोर्ट का फैसला): सुप्रीम कोर्ट ने सभी पुराने आदेश रद्द किए और कहा कि पजेशन लेने के बाद भी देरी के लिए मुआवजा मांगा जा सकता है। कोर्ट ने 2005 की मूल शिकायत को दोबारा बहाल करते हुए द्वारका जिला उपभोक्ता फोरम को निर्देश दिया कि वे दोनों पक्षों को सबूत पेश करने का मौका दें और एक साल के भीतर इस मामले पर गुण-दोष (Merits) के आधार पर अंतिम फैसला सुनाएं।

सुप्रीम कोर्ट का फैसला क्यों अहम?

सुप्रीम कोर्ट ने 2016 में नेशनल कंज्यूमर डिस्प्यूट्स रिड्रेसल कमीशन (NCDRC) के उस आदेश को रद्द कर दिया, जिसमें कहा गया था कि फ्लैट का कब्जा मिलने के बाद घर खरीदार 'उपभोक्ता' नहीं रह जाता और वह देरी के लिए मुआवजा नहीं मांग सकता। जस्टिस विक्रम नाथ और जस्टिस वी. मोहना की बेंच ने स्पष्ट किया कि कब्जा मिलने के बाद भी अगर फ्लैट सौंपने में देरी हुई है, तो घर खरीदार मुआवजे का दावा कर सकता है। कोर्ट ने कहा कि देरी के लिए मुआवजे का अधिकार केवल इसलिए समाप्त नहीं हो जाता क्योंकि खरीदार ने फ्लैट का कब्जा स्वीकार कर लिया है।

सुप्रीम फैसले की 3 सबसे बड़ी बातें

कंज्यूमर फोरम जाने का पूरा हक: सुप्रीम कोर्ट ने साफ किया है कि फ्लैट का पजेशन मिलने के बाद भी खरीदार का 'कंज्यूमर' (उपभोक्ता) होने का अधिकार खत्म नहीं होता। वे बिल्डर की खराब सर्विस या देरी के खिलाफ शिकायत दर्ज करा सकते हैं।

एग्रीमेंट की शर्तें नहीं बनेंगी रुकावट: सुप्रीम कोर्ट ने स्पष्ट किया कि होम बायर्स और बिल्डर के बीच हुए एग्रीमेंट की कोई भी शर्त या 'आर्बिट्रेशन क्लॉज' (मध्यस्थता की शर्त) खरीदार को कंज्यूमर फोरम जाने से नहीं रोक सकती।

बिल्डरों की मनमानी पर लगाम: अक्सर पजेशन देते समय बिल्डर कई तरह के एक्स्ट्रा चार्ज वसूलते हैं या सालों की देरी के बाद भी खरीदार को चुप रहने पर मजबूर करते हैं। यह फैसला ऐसी मनमानी पर पूरी तरह रोक लगाएगा।

22 साल बाद मिली मंजूरी

बता दें कि यह मामला दिल्ली की एक कोऑपरेटिव ग्रुप हाउसिंग सोसाइटी से जुड़ा है। याचिकाकर्ता जनवरी 2003 में सोसाइटी का सदस्य बना था और उसे एक फ्लैट आवंटित किया गया था। द्वारका स्थित हाउसिंग प्रोजेक्ट में फ्लैट का कब्जा मिलने के 22 साल बाद भी उसने देरी के लिए मुआवजे की मांग की। सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि NCDRC का यह तर्क स्वीकार नहीं किया जा सकता कि कब्जा मिलने के बाद खरीदार उपभोक्ता नहीं रहता। बेंच ने कहा कि शिकायत केवल फ्लैट का कब्जा पाने की नहीं, बल्कि कब्जा देने में हुई देरी और उसके लिए मुआवजे की थी।

जिला उपभोक्ता फोरम में सुनवाई का निर्देश

सुप्रीम कोर्ट ने 2005 में जिला उपभोक्ता फोरम में दायर शिकायत को फिर से बहाल करते हुए फोरम को एक साल के भीतर मामले का निपटारा करने का निर्देश दिया है। कोर्ट ने कहा कि फोरम यह तय करे कि क्या वास्तव में फ्लैट देने में देरी हुई थी, क्या इसके लिए प्रतिवादी जिम्मेदार था, क्या खरीदार ने बिना किसी शर्त के कब्जा स्वीकार किया था और क्या उसे मुआवजा मिलना चाहिए। बेंच ने कहा कि इन सवालों का फैसला साक्ष्यों के आधार पर होना चाहिए, न कि केवल इस आधार पर कि शिकायत दर्ज होने से पहले फ्लैट का कब्जा दे दिया गया था।

उपभोक्ता के अधिकार नहीं छीन सकता

सुप्रीम कोर्ट ने यह भी स्पष्ट किया कि बिल्डर और खरीदार के बीच हुए एग्रीमेंट में मौजूद आर्बिट्रेशन क्लॉज (मध्यस्थता की शर्त) उपभोक्ता को कंज्यूमर फोरम जाने से नहीं रोक सकता। कोर्ट ने कहा कि उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम, 1986 उपभोक्ताओं को अतिरिक्त कानूनी उपाय उपलब्ध कराता है। इसलिए यदि किसी उपभोक्ता ने कंज्यूमर फोरम का दरवाजा खटखटाया है और शिकायत स्वीकार हो गई है, तो केवल आर्बिट्रेशन क्लॉज का हवाला देकर उसे उस फोरम से बाहर नहीं किया जा सकता। संसद द्वारा दिए गए इस कानूनी अधिकार को किसी निजी अनुबंध की शर्त से खत्म नहीं किया जा सकता।

होम बायर्स के लिए इसके क्या मायने हैं?

रियल एस्टेट के जानकारों के मुताबिक, यह फैसला देश के उन हजारों-लाखों बायर्स के लिए एक बड़ी ढाल है जो सालों से अपने सपनों के घर का इंतजार कर रहे हैं। अब कोई भी बिल्डर पजेशन सौंपने की आड़ में अपनी जवाबदेही से बच नहीं सकेगा। देरी से हुए नुकसान की भरपाई के लिए कानूनी रास्ता अब हमेशा खुला रहेगा।

यह फैसला किन खरीदारों के लिए महत्वपूर्ण है-

  • जिन्हें वर्षों की देरी से फ्लैट मिला।
  • जिन्होंने पजेशन लेने के बाद भी नुकसान उठाया।
  • जिनसे देरी के बावजूद अतिरिक्त चार्ज वसूले गए।
  • जिन्हें आर्बिट्रेशन क्लॉज दिखाकर उपभोक्ता आयोग जाने से रोका गया।
  • जिनकी शिकायत केवल कब्जा नहीं, बल्कि सेवा में कमी और देरी से जुड़े नुकसान की है।

बिल्डरों के वसूली का खेल खत्म होगा

रेरा के आने के बाद भी कई बिल्डर मनमानी करने से बाज नहीं आ रहे हैं। कई बिल्डर फ्लैट तैयार होने के बाद खरीदार को ब्लैकमेल कर रहे हैं। पजेशन सौंपते समय बिल्डर अचानक से 'सुपर एरिया बढ़ा दे रहे हैं', 'अतिरिक्त विकास शुल्क (EDC/IDC)', या 'बिजली कनेक्शन चार्ज' के नाम पर लाखों रुपये के नए बिल थमा रहे हैं। होम बायर्स विवाद में नहीं पड़ने के लिए पैसा चुका दे रहे हैं। नोएडा एक्सपटेंशन में एक बिल्डर ऐसा कर रहा है और होम बायर्स पेरशान हैं। जानकारों का कहना है कि अब बिल्डर ऐसा नहीं कर पाएंगे। अब खरीदार पजेशन लेकर, शांति से इन गलत चार्जेज और देरी के खिलाफ उपभोक्ता अदालत में मुकदमा कर सकता है।

घर खरीदार

घर खरीदार

'सर्विस में कमी' पर चौतरफा कार्रवाई

यह फैसला सिर्फ देरी (Delay) तक सीमित नहीं है। सुप्रीम कोर्ट ने 'सर्विस में कमी' (Deficiency in Service) शब्द का इस्तेमाल किया है। इसका मतलब है कि अगर बिल्डर ने आपको फ्लैट का पजेशन दे दिया, लेकिन जो वादे किए थे (जैसे- स्विमिंग पूल, क्लब हाउस, खास तरह की टाइल्स, लिफ्ट की क्वालिटी या कार पार्किंग) वे पूरे नहीं किए या निर्माण की क्वालिटी घटिया है, तो आप कब्जा लेने के बाद भी बिल्डर को कोर्ट में घसीट सकते हैं।

रेरा और कंज्यूमर फोरम की ताकत बढ़ी

यह मामला उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम के तहत तय हुआ है, लेकिन इसका सिद्धांत पूरे रियल एस्टेट कानून पर लागू होता है। इससे खरीदारों को यह हौसला मिलेगा कि वे बिना डरे अपने घरों का पजेशन लें और साथ ही साथ अपनी कानूनी लड़ाई भी जारी रखें।

End of Article