Gold And Silver Price Today In India (सोना का भाव आज का) 14 July 2025 : सोने की कीमतों में एक बार फिर बदलाव देखने को मिला है। सोमवार को इंडिया बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन (IBJA) की वेबसाइट के अनुसार, 24 कैरेट सोने की कीमत बढ़कर 98303 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया, जबकि चांदी की कीमत बढ़कर 113867 रुपये प्रति किलो हो गई। चांदी रिकॉर्ड लेवल पर पहुंच गई है। आगे जानिए 23, 22, 18 और 14 कैरेट सोने के ताजा दाम क्या हैं।
सोने-चांदी का भाव इंडिया बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन की वेबसाइट (ibjarates.com) के मुताबिक सोने-चांदी के 22K, 24K और 18K ताजा भाव क्या है, नीचे जानिए।
आज का सोने-चांदी का भाव इस प्रकार है :- (Gold, Silver Rate Today in Hindi)
| सोना-चांदी की शुद्धता | सुबह का रेट: प्रति 10 ग्राम सोने का भाव | दोपहर का रेट: प्रति 10 ग्राम सोने का भाव | शाम का रेट: प्रति 10 ग्राम सोने का भाव |
| सोना 24 कैरेट | 97511 रुपये | 98097 रुपये | 98303 रुपये |
| सोना 23 कैरेट | 97121 रुपये | 97705 रुपये | 97909 रुपये |
| सोना 22 कैरेट | 89320 रुपये | 89857 रुपये | 90045 रुपये |
| सोना 18 कैरेट | 73133 रुपये | 73753 रुपये | 73727 रुपये |
| सोना 14 कैरेट | 57044 रुपये | 57387 रुपये | 57507 रुपये |
| चांदी 999 | 110290 रुपये/किलो | 113773 रुपये/किलो | 113867 रुपये/किलो |
पिछले सत्र में सोने-चांदी के दाम
पिछले सत्र शुक्रवार 11 जुलाई को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के सर्राफा बाजार में सोने की कीमत 700 रुपये बढ़कर 99,370 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गई। वैश्विक व्यापार तनाव बढ़ने से निवेशकों में चिंता के बीच सुरक्षित निवेश के रूप में सोने की मांग बढ़ने से इसकी कीमत में तेजी आई है। अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार, 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना बृहस्पतिवार को 98,670 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। वहीं 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना 600 रुपये बढ़कर 98,800 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी करों सहित) पर पहुंच गया। पिछले बाजार बंद के समय यह 98,200 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। इसके अलावा, शुक्रवार को चांदी की कीमत भी 1,500 रुपये बढ़कर 1,05,500 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी करों सहित) हो गईं। बृहस्पतिवार को चांदी 1,04,000 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी। अंतरराष्ट्रीय बाजारों में, हाजिर सोना 24.63 डॉलर या 0.74 प्रतिशत बढ़कर 3,348.67 डॉलर प्रति औंस हो गया। विदेशी बाजारों में हाजिर चांदी भी 1.64 प्रतिशत बढ़कर 37.61 डॉलर प्रति औंस हो गई।
क्यों बढ़े सोने-चांदी के दाम?
एचडीएफसी सिक्योरिटीज में वरिष्ठ विश्लेषक (जिंस) सौमिल गांधी ने कहा कि बढ़ती व्यापार चिंताओं ने आम तौर पर स्थिर अमेरिकी डॉलर के संतुलित रुख को बिगाड़ दिया, जिससे शुक्रवार को सोने की कीमतों में तेजी आई। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की हाल में शुल्क संबंधी चेतावनियों के कारण वैश्विक जोखिम धारणा में कमी आई। इससे वैश्विक व्यापार युद्ध की आशंका बढ़ गई। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक अगस्त से कनाडा से आयातित वस्तुओं पर 35 प्रतिशत शुल्क लगाने की घोषणा की है और अन्य व्यापारिक साझेदारों पर 15 से 20 प्रतिशत शुल्क लगाने की योजना का संकेत दिया है। गांधी ने कहा कि शुल्क संबंधी अनिश्चितता इस सप्ताह फिर से सामने आई है और यह सुरक्षित निवेश वाली कीमती धातुओं की ओर निवेश को बढ़ावा देने वाला एक प्रमुख कारक है। बाजार के दृष्टिकोण के बारे में, उन्होंने कहा कि टैरिफ संबंधी आगे की गतिविधियां निकट भविष्य में कीमती धातुओं की कीमतों की दिशा को प्रभावित करेंगी। जिंस बाजार विशेषज्ञों के अनुसार, निवेशक मंगलवार को जारी होने वाले जून के अमेरिकी उपभोक्ता मूल्य सूचकांक (सीपीआई) के आंकड़ों का इंतजार करेंगे, जो सर्राफा कीमतों की दिशा के लिए एक महत्वपूर्ण संकेतक होगा।
सोने का वायदा भाव
मजबूत हाजिर मांग के बीच सटोरियों के ताजा सौदों से वायदा कारोबार में सोने का भाव शुक्रवार को 540 रुपये तेजी के साथ 97,231 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) में अगस्त में आपूर्ति वाले सोने की कीमत 540 रुपये यानी 0.56 प्रतिशत की तेजी के साथ 97,231 प्रति 10 ग्राम हो गयी। इसमें 12,125 लॉट के लिए कारोबार हुआ। विश्लेषकों ने बताया कि प्रतिभागियों के ताजा सौदे करने से सोने के कीमतों में तेजी आई है। वैश्विक स्तर पर न्यूयॉर्क में सोना का वायदा भाव 0.30 प्रतिशत की बढ़त के साथ 3,334 डॉलर प्रति औंस रहा।
चांदी का वायदा भाव
प्रतिभागियों द्वारा अपने सौदे बढ़ाने से शुक्रवार को वायदा कारोबार में चांदी की कीमत 1,762 रुपये बढ़कर 1,10,885 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज में सितंबर डिलीवरी के लिए चांदी अनुबंध की कीमत 1,762 रुपये या 1.61 प्रतिशत बढ़कर 1,10,885 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई। इसमें 19,114 लॉट के लिए कारोबार हुआ। विश्लेषकों ने कहा कि प्रतिभागियों द्वारा ताजा सौदे करने से चांदी की कीमतों में तेजी आई। वैश्विक स्तर पर, न्यूयॉर्क में चांदी 0.91 प्रतिशत की गिरावट के साथ 37.33 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रही थी।
