Gold Investment Tips : भारत में सोना सिर्फ एक जेवर नहीं, बल्कि सांस्कृतिक धरोहर भी है। यह न सिर्फ शुभ अवसरों पर पहना और गिफ्ट किया जाता है, बल्कि यह एक सुरक्षित निवेश भी माना जाता है। सोना न केवल सांस्कृतिक दृष्टि से, बल्कि पोर्टफोलियो विविधीकरण, महंगाई से बचाव और कठिन समय में सुरक्षा सहित विभिन्न दृष्टिकोणों से भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। यहां हम आपको बताएंगे कि आप अपनी जरूरत और जोखिम के अनुसार सोने को कैसे खरीद सकते हैं या इसमें कैसे निवेश कर सकते हैं। 1 रुपये से भी निवेश शुरू कर सकते हैं। यहां विस्तार से जानिए।
सोने में कहां-कहां कर सकते हैं निवेश (तस्वीर-istock)
क्यों करें सोने में निवेश?
मुद्रास्फीति (Inflation) से सुरक्षा के लिए सोना अक्सर महंगाई के समय में अपनी कीमत बनाए रखता है या बढ़ जाता है। रुपए की गिरावट से बचाव के लिए जब भारतीय मुद्रा कमजोर होती है, तब सोना एक सुरक्षित विकल्प बन जाता है। पोर्टफोलियो विविधता (Diversification) के लिए अन्य निवेशों के साथ सोना जोड़ने से कुल जोखिम कम होता है।
क्या है फिजिकल गोल्ड और इसके फायदे
ज्वेलरी, सिक्के और बिस्किट्स जो आप सीधे खरीदते हैं और घर में रखते हैं। इससे सांस्कृतिक और भावनात्मक जुड़ाव होता है त्योहारों और शादियों में उपयोग होता है। यह पूरी तरह से आपकी मिल्कियत होती है। आपके पास फिजिकली होता है, किसी कंपनी या सरकार के भरोसे नहीं। महंगाई से सुरक्षा देती है समय के साथ इसका मूल्य बढ़ सकता है। जब जरुरत होती है तो इससे गोल्ड लोन भी ले सकते हैं।
फिजिकल गोल्ड: ध्यान देने वाली बातें
- स्टोरेज खर्च:- लॉकर या तिजोरी की जरूरत पड़ सकती है।
- मेकिंग चार्ज:- गहनों पर मेकिंग चार्ज लगता है, जिससे रिसेल पर घाटा हो सकता है।
- तरलता कम: तुरंत कैश में बदलना मुश्किल हो सकता है।
- अगर आप पारंपरिक सोच रखते हैं और परिवार की संपत्ति को पीढ़ियों तक सुरक्षित रखना चाहते हैं।
क्या है डिजिटल गोल्ड, 1 रुपये से भी शुरू कर सकते हैं निवेश
यह ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स जैसे PhonePe, Paytm, आदि से खरीदा जा सकता है। इसमें आप ₹1 से भी निवेश शुरू कर सकते हैं यानी आप अपनी क्षमता के अनुसार जितना निवेश कर सकते हैं, उतना कर सकते हैं। यह किफायती प्राइस प्वाइंट इसे सोने के निवेश बाजार में प्रवेश करने के इच्छुक नए निवेशकों के लिए एक आदर्श प्रवेश द्वार बनाता है। डिजिटल सोना आपके नाम पर सेफ वॉल्ट में रखा जाता है। कम निवेश से शुरुआत करें, छोटे निवेशकों के लिए सही विकल्प है। स्टोरेज की चिंता नहीं होती है। 24x7 लिक्विडिटी पाएं। जब चाहें बेच सकते हैं या फिजिकल गोल्ड में बदल सकते हैं।
डिजिटल गोल्ड: ध्यान देने वाली बातें
- प्लेटफॉर्म फीस: कुछ प्लेटफॉर्म छोटे शुल्क ले सकते हैं।
- कंपनी पर भरोसा जरूरी: किसी विश्वसनीय कंपनी के साथ ही निवेश करें।
- अगर आप टेक-सेवी हैं और कम पैसे से निवेश शुरू करना चाहते हैं।
क्या है गोल्ड ETF और इसके फायदे
गोल्ड ETF, सोने में निवेश का आसान और आधुनिक तरीका है। यह स्टॉक एक्सचेंज पर ट्रेड होने वाली स्कीम है जो सोने की कीमत को फॉलो करती है। इसमें निवेश के लिए डीमैट अकाउंट की जरूरत होती है। शेयर बाजार खुले रहने पर कभी भी खरीद/बिक्री संभव। स्टोरेज की चिंता नहीं होती है, कोई फिजिकल गोल्ड रखने की जरूरत नहीं। सोने की कीमत के अनुसार ही रिटर्न मिलता है।
गोल्ड ETF: ध्यान देने वाली बातें
- फीस: थोड़ी बहुत मैनेजमेंट फीस लगती है।
- सिर्फ कीमत पर आधारित: कोई ब्याज या डिविडेंड नहीं मिलता।
- अगर आप बाजार में सक्रिय रहते हैं और सुविधा को प्राथमिकता देते हैं।
क्या है SGB और इसके फायदे
सरकार द्वारा जारी बांड जिसमें आप सोने के मूल्य में निवेश करते हैं। ये 8 साल की अवधि के लिए होते हैं, लेकिन 5 साल बाद निकासी कर सकते हैं। डबल रिटर्न मिलता है। सोने की कीमत में वृद्धि के साथ-साथ 2.5% सालाना ब्याज मिलता है। टैक्स छूट मिलती है मैच्योरिटी पर मिलने वाला लाभ टैक्स फ्री होता है। सरकारी सुरक्षा मिलती है। RBI और भारत सरकार द्वारा गारंटीशुदा।
SGB: ध्यान देने वाली बातें
- लॉक-इन पीरियड: 5 साल तक नहीं बेच सकते।
- कोई फिजिकल गोल्ड नहीं: मैच्योरिटी पर पैसा मिलता है, सोना नहीं।
- अगर आप सुरक्षित और आय देने वाले निवेश की तलाश में हैं, तो ये सबसे अच्छा विकल्प है।
सोने में निवेश करने के कई विकल्प हैं। पारंपरिक फिजिकल गोल्ड से लेकर आधुनिक डिजिटल गोल्ड तक। हर विकल्प के अपने फायदे और कमियां हैं। आप अपनी जरूरत, उद्देश्य और जोखिम सहने की क्षमता के अनुसार विकल्प चुन सकते हैं। अगर आप सुनिश्चित नहीं हैं कि कौन सा विकल्प आपके लिए बेहतर है, तो किसी वित्तीय सलाहकार से बात करें और अपने गोल्ड इन्वेस्टमेंट को लंबे समय के लिए सफल बनाएं।
(डिस्क्लेमर: यह आर्टिकल सिर्फ जानकारी के लिए है, निवेश की सलाह नहीं है, अगर आपको सोने में निवेश करना है तो एक्सपर्ट की से संपर्क करें।)
