बीयर मार्केट में धमाल मचाने के बाद अब ग्लोबल बीयर कंपनी कार्ल्सबर्ग (Carlsberg) जल्द ही भारत में आईपीओ (IPO) लाने की तैयारी कर रही है। मनीकंट्रोल की रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी ने इस आईपीओ को सफल बनाने के लिए Citi और JPMorgan को अपने वित्तीय सलाहकार के रूप में चुना है। बताया जा रहा है कि इन्वेस्टमेंट बैंकिंग टीम ने इस डील पर शुरुआती काम भी शुरू कर दिया है, और आने वाले समय में कुछ और बैंक भी इस प्रक्रिया से जुड़ सकते हैं।
कार्ल्सबर्ग इंडिया अपनी भारतीय यूनिट को स्टॉक मार्केट में लिस्ट करने की योजना बना रही है। इस पर बातचीत सितंबर 2025 से ही शुरू हो चुकी है। कंपनी का प्रदर्शन भी पिछले कुछ वर्षों में काफी मजबूत रहा है। वित्त वर्ष 2023-24 में कार्ल्सबर्ग इंडिया का राजस्व 8,000 करोड़ रुपये से ज्यादा रहा, जबकि इसका मुनाफा 60% बढ़कर 323 करोड़ रुपये तक पहुंच गया। वहीं कंपनी ने Excise Duty के रूप में करीब 4,878 करोड़ रुपये चुकाए, जो पिछले साल के मुकाबले 13% ज्यादा है।
भारत में कार्ल्सबर्ग की 7 ब्रुअरीज हैं और इसके लोकप्रिय ब्रांड्स में Carlsberg Green, Carlsberg Elephant, Tuborg Green, Tuborg Strong और Tuborg Classic शामिल हैं।
भारतीय बीयर बाजार में कार्ल्सबर्ग की सीधी टक्कर United Breweries (Heineken समूह) और AB InBev (Budweiser, Corona, Hoegaarden) जैसी बड़ी कंपनियों से है। United Breweries का मार्केट कैप करीब 47,000 करोड़ रुपये है और FY25 में कंपनी ने 441 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ कमाया।
फिलहाल कार्ल्सबर्ग इंडिया भारत के बीयर मार्केट में दूसरे नंबर पर है, और इसका मार्केट शेयर लगभग 21% बताया जाता है। हाल ही में कंपनी ने गुरुग्राम में अपना पहला Global Capability Centre (GCC) शुरू किया है, जिससे भारत में उसकी टेक्नोलॉजी और बिज़नेस मौजूदगी और मजबूत हो सके।