नई दिल्ली। दुनिया के सबसे अमीर आदमी और अब ट्विटर (Twitter) के नए मालिक एलन मस्क (Elon Musk) अपनी नई कंपनी में इतने व्यस्त हो गए हैं कि उन्होंने टेस्ला (Tesla) के निवेशकों को चिंतित कर दिया है। अरबपति की कुल संपत्ति 200 अरब डॉलर से भी नीचे गिर गई है। जी हां, मस्क अब 200 अरब डॉलर के क्लब से बाहर हो गए हैं। उल्लेखनीय है कि मस्क दुनिया के एकमात्र ऐसे व्यक्ति थे जिनकी संपत्ति (Elon Musk Networth) 200 अरब डॉलर से भी ज्यादा थी।
निवेशकों ने टेस्ला के शेयरों को इस डर से छोड़ दिया है कि दुनिया के सबसे मूल्यवान इलेक्ट्रिक वाहन निर्माता के शीर्ष कार्यकारी और सबसे बड़े शेयरधारक ट्विटर में ज्यादा व्यस्त हैं। मस्क टेस्ला इंक और स्पेसएक्स (SpaceX) के सीईओ भी हैं।
अब कितनी संपत्ति के मालिक हैं मस्क?
फोर्ब्स रियल टाइम बिलेनियर्स (Forbes Billionaires List) के मुताबिक, अब उनकी संपत्ति 200 अरब डॉलर से कम होकर 197.4 अरब डॉलर हो गई है। इसमें से एक बड़ा हिस्सा टेस्ला में उनकी लगभग 15 फीसदी हिस्सेदारी से आता है, जिसका बाजार मूल्य 622 अरब डॉलर है। रॉयटर्स के मुताबिक मस्क की ओर से अप्रैल में ट्विटर के लिए पहली बोली लगाने के बाद से कंपनी का लगभग आधा बाजार मूल्य कम हो गया है और उनकी कुल संपत्ति में 70 अरब डॉलर की गिरावट आई है।
एक दिन में हुआ अरबों का नुकसान
वहीं ब्लूमबर्ग बिलेनियर्स लिस्ट (Bloomberg Billionaires List) के मुताबिक मस्क 179 अरब डॉलर की संपत्ति के मालिक हैं। इस साल अब तक उनकी संपत्ति 90.8 अरब डॉलर कर हुई है। एक दिन में ट्विटर के नए मालिक की संपत्ति 3.78 अरब डॉलर कम हो गई है।
मस्क ने बेचे टेस्ला के शेयर
एसईसी फाइलिंग के अनुसार, टेस्ला के प्रमुख मस्क ने इलेक्ट्रिक कार कंपनी में लगभग 4 अरब डॉलर के शेयर बेचे हैं। यूएस सिक्योरिटीज एंड एक्सचेंज कमीशन के दस्तावेजों से पता चला है कि मस्क ने टेस्ला स्टॉक के साथ अपनी ट्विटर खरीद का अधिकांश हिस्सा वित्तपोषित किया। उन्होंने 3.9 अरब डॉलर से ज्यादा के मूल्य के 19 मिलियन से भी ज्यादा शेयर बेचे।
