बिजनेस

Eid Bank Holiday: ईद के दिन 31 मार्च को छुट्टी के बावजूद क्या खुले रहेंगे बैंक, RBI ने क्यों दिया यह निर्देश?

Eid Bank Holiday: भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने सोमवार 31 मार्च 2025 को ईद की छुट्टी के बावजूद देश भर में बैंकों खुले रखने का निर्देश क्यों जारी किया। आखिर इस दिन बैंकों में कौन से काम होंगे।

Image

ईद के दिन क्यों खुलेंगे बैंक

Photo : iStock

Eid Bank Holiday: भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने वित्तीय वर्ष के अंत में वित्तीय लेन-देन के लिए बैंकों को चालू रखने के लिए 31 मार्च को निर्धारित छुट्टी रद्द कर दी गई है। हिमाचल प्रदेश और मिजोरम को छोड़कर रमजान-ईद (ईद-उल-फित्र) के लिए बैंक बंद होने वाले थे। नए निर्देश वित्तीय समापन (Financial Closure processing) की निर्बाध प्रक्रिया सुनिश्चित करते हैं, क्योंकि 31 मार्च को वित्तीय वर्ष का अंत होता है, जिससे खातों और वित्तीय डिटेल को अंतिम रूप देने जैसी बैंकिंग गतिविधियों में वृद्धि होती है। 29 मार्च को भी बैंकों में छुट्टी नहीं है क्योंकि यह महीने का 5वां शनिवार है। नियमों के अनुसार बैंक सभी रविवारों के साथ-साथ दूसरे और चौथे शनिवार को भी बंद रहते हैं।

31 मार्च को क्यों खुले रहेंगे बैंक?

भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने सभी बैंकों से 2024-25 के लिए सभी सरकारी लेनदेन के लेखांकन की सुविधा को लेकर 31 मार्च को विशेष समाशोधन परिचालन (special clearing operations) में अनिवार्य रूप से शामिल होने का कहा है। मौजूदा वित्त वर्ष 2024-25 (अप्रैल-मार्च) 31 मार्च को समाप्त हो रहा है। देशभर में इनकम टैक्स ऑफिस और केंद्रीय वस्तु एवं सेवा कर (CGST) कार्यालय सप्ताहांत तथा ईद-उल-फितर (जो सोमवार को हो सकता है) के बावजूद 29 से 31 मार्च तक खुले रहेंगे।

RBI ने इससे पहले टैक्सपेयर्स की सुविधा के लिए सरकारी कामकाज करने वाले बैंकों को 31 मार्च को खुले रहने निर्देश जारी किया है। RBI ने कहा कि चालू वित्त वर्ष में ही सरकारी प्राप्तियों तथा भुगतानों का लेखा-जोखा रखने की सुविधा के लिए सभी शाखाओं को सरकारी लेनदेन से संबंधित काम को लेकर 31 मार्च 2025 को सामान्य कामकाजी घंटों तक खुला रखें। RBI ने शुक्रवार को जारी सर्कुलर में कहा कि ‘चेक ट्रंकेशन सिस्टम’ (CTS) के तहत सामान्य समाशोधन समय 31 मार्च 2025 को वही होगा जो अन्य कामकाजी सोमवार को होता है।

CTS के तहत स्पेशल समाशोधन

‘चेक ट्रंकेशन सिस्टम’ के तहत समाशोधन के लिए चेक को भौतिक रूप से भेजे जाने की जगह इलेक्ट्रॉनिक रूप से उसकी तस्वीर और आंकड़ें भेजे जाते हैं। इससे लागत और समय में कमी आती है तथा चेक प्रसंस्करण में सुरक्षा और दक्षता बढ़ती है। इसमें कहा गया कि इसके अलावा चालू वित्त वर्ष के लिए 31 मार्च 2025 तक सभी सरकारी लेनदेन का लेखा-जोखा करने की सुविधा के वास्ते 31 मार्च को विशेष रूप से सरकारी चेक के लिए CTS के तहत विशेष समाशोधन करने का निर्णय लिया गया है।

स्पेशल समाशोधन टाइमिंग

सर्कुलर में कहा गया कि सभी बैंकों के लिए 31 मार्च 2025 को विशेष समाशोधन परिचालन में हिस्सा लेना अनिवार्य है। CTS के तहत विशेष समाशोधन परिचालन के तहत प्रस्तुति समाशोधन समय शाम 5 से साढ़े 5 बजे तक और वापसी समाशोधन का समय शाम 7 से साढ़े 7 बजे तक होगा। CTS के सभी सदस्य बैंकों से कहा गया कि वे विशेष समाशोधन समय के दौरान अपने समाशोधन से संबंधित बुनियादी ढांचे को खुला रखें और विशेष समाशोधन से उत्पन्न निपटान दायित्वों को पूरा करने के लिए अपने समाशोधन निपटान खाते में पर्याप्त शेष राशि बनाए रखें।

Ramanuj Singh
रामानुज सिंहauthor

रामानुज सिंह पत्रकारिता में दो दशकों का व्यापक और समृद्ध अनुभव रखते हैं। उन्होंने टीवी और डिजिटल—दोनों ही प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए बिजनेस, पर्सनल फाइनेंस, शेयर बाजार, इनकम टैक्स, बैंकिंग, बुलियन और कमोडिटी मार्केट जैसे विषयों पर गहरी विशेषज्ञता विकसित की है। जर्नलिज्म में एमए की डिग्री और वर्षों के अनुभव से विकसित विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के साथ, रामानुज जटिल वित्तीय विषयों को सरल, विश्वसनीय और प्रभावी तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। अब तक वे 22,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article