बिजनेस

Closing Bell : लगातार 7वें दिन लुढ़का बाजार, Sensex 326 और Nifty 77 अंक फिसलकर बंद

भारतीय शेयर बाजार आज लगातार 7वें दिन गिरावट में बंद हुआ। बेंचमार्क इंडेक्स Sensex 326 और Nifty 77 अंक लुढ़ककर बंद हुआ है।

Image

शेयर बाजार में कमजोरी का रुख

Share Market Closing Analysis: भारतीय शेयर बाजार में बुधवार, 19 अगस्त को लगातार 7वें दिन गिरावट देखने को मिली। Nifty 76.60 अंक यानी 0.32% फिसलकर 24,078.30 पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह 24,025.65 के निचले स्तर तक गया, जबकि ऊपरी स्तर 24,172.85 रहा। वहीं Sensex 325.78 अंक यानी 0.42% टूटकर 76,909.68 पर बंद हुआ। Sensex का दिन का निचला स्तर 76,822.89 रहा।

लगातार 7वें दिन बाजार में गिरावट

Nifty ने मंगलवार के 24,154.90 के बंद स्तर से नीचे शुरुआत की और पूरे दिन दबाव में रहा। बाजार में बिकवाली का दायरा व्यापक रहा। Nifty 50 में सिर्फ 16 शेयर बढ़त के साथ बंद हुए, जबकि 34 शेयरों में गिरावट रही। यानी बाजार की कमजोरी कुछ चुनिंदा शेयरों तक सीमित नहीं रही।

ब्रॉडर मार्केट में भी सेंटीमेंट कमजोर रहा। Nifty Smallcap 250 में 0.63%, Smallcap 100 में 0.51% और Midcap 150 में 0.25% की गिरावट रही। हालांकि Midcap Select 0.18% चढ़ा। India VIX 0.59% गिरकर 11.32 पर आया, जिससे बाजार में घबराहट फिलहाल बहुत ज्यादा बढ़ी हुई नहीं दिखी।

Crude Oil फिर बना बड़ा सिरदर्द

बाजार पर सबसे बड़ा दबाव कच्चे तेल की कीमतों से आया। Brent Crude 1.17% बढ़कर 92.09 डॉलर प्रति बैरल और Crude Oil 85.93 डॉलर पर पहुंच गया। Reuters के मुताबिक Middle East में तनाव और Strait of Hormuz को लेकर अनिश्चितता के कारण तेल तीन हफ्ते के उच्च स्तर के करीब पहुंच गया है। भारत दुनिया के बड़े तेल आयातकों में शामिल है। ऐसे में लंबे समय तक ऊंचा क्रूड चालू खाते, महंगाई, रुपये और कंपनियों की लागत पर दबाव बढ़ा सकता है। इसके अलावा रुपये में भी कमजोरी आई है। डॉलर के मुकाबले रुपया 95.76 पर बंद हुआ है।

वैश्विक बाजारों का हुआ असर

भारतीय बाजार को एशियाई बाजारों की भारी गिरावट से भी झटका लगा। KOSPI 6.16%, Nikkei 3.19%, Shanghai Composite 2.46% और Taiwan Weighted 1.32% नीचे रहे। अमेरिकी बाजार में भी मंगलवार को Nasdaq 1.33% और S&P 500 0.69% गिरा था। ग्लोबल बॉन्ड यील्ड में तेजी और महंगाई की चिंता ने निवेशकों के जोखिम लेने की क्षमता को कम किया है।

IT ने दिया सहारा, मेटल-केमिकल में दबाव

सेक्टोरल प्रदर्शन मिला-जुला रहा। Nifty IT 0.73% चढ़ा और Consumer Durables 0.03% ऊपर रहा। वहीं Chemicals 1.03%, Media 0.91%, Cement 0.77% और FMCG 0.55% टूटे। Financial Services 0.36% नीचे रहा, हालांकि Nifty Bank लगभग सपाट यानी 0.04% की मामूली गिरावट के साथ बंद हुआ।

Yateendra Lawaniya
यतींद्र लवानियाauthor

प्रिंट और डिजिटल मीडिया में बिजनेस एवं इकोनॉमी कैटेगरी में 10 वर्षों से अधिक का अनुभव। पिछले 7 वर्षों से शेयर बाजार, कॉरपोरेट सेक्टर और आर्थिक नीतियों से जुड़ी खबरों पर विशेष पकड़। लेखन में केवल हेडलाइन तक सीमित न रहकर आंकड़ों, नीतिगत फैसलों और कॉरपोरेट दावों के पीछे की वास्तविक तस्वीर को बैलेंस्ड और आसान शब्दों में पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास। वर्तमान में Times Now Hindi के लिए बाजार की हर हलचल और आर्थिक घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं।

और पढ़ें
End of Article