BSE, SENSEX, Nifty Today: बजट से पहले शेयर बाजार में बहार है। बीएसई सेंसेक्स आज 71 हजार से थोड़ा नीचे खुलने के बावजूद रफ्तार पकड़ चुका है । और दोपहर एक बजे तक बाजार में 1000 अंकों से ज्यादा तेजी आ गई है। वहीं निफ्टी 50 (Nifty 50) भी 21400 के पार खुला और इसमें 347 अंकों की तेजी बनी हुई है। इंट्रा-डे में सेंसेक्स 71764 के पार और निफ्टी 21699 के पार पहुंच गया। बाजार में तेजी की प्रमुख वजह बैंकिंग शेयरों में तेजी और वैश्विक मार्केट से मजबूत संकेत मिलना है। सेंसेक्स आज इंट्रा- में 1063 अंक और निफ्टी 347 अंक बढ़ चुका था।
HDFC Bank ने बनाया माहौल
आज बाजार में एचडीएफसी ने माहौल बनाया। असल में RBI ने देश की सबसे बड़ी जीवन बीमा कंपनी LIC को HDFC Bank में 9.9 फीसदी हिस्सेदारी रखने की मंजूरी दी है। इसका असर आज बैंक के शेयरों पर भी दिखा और शुरुआती कारोबार में ही यह 2% उछल गया। चूंकि बैंक का सेंसेक्स में वेटेज काफी ज्यादा है तो इसकी तेजी ने सेंसेक्स को तगड़ा सपोर्ट दिया। एलआईसी की अभी एचडीएफसी बैंक में 5.19 फीसदी हिस्सेदारी है।
ग्लोबल संकेत मजबूत
अमेरिकी मार्केट को छोड़ यूरोपीय और एशियाई मार्केट में मार्केट सेंटिमेंट काफी मजबूत है। इसके चलते घरेलू मार्केट सेंटिमेंट में भी माहौल बेहतर बना है। इसी तरह अमेरिकी महंगाई दर में लगातार नरमी ने इस बात की उम्मीद बढ़ाई है कि अमेरिकी फेड दरों में कटौती कर सकता है। इस पर फैसला बुधवार की रात तक आ सकता है। इससे बाजार में तेजी का रूख बना हुआ है।
किन शेयरों में तेजी
सेंसेक्स के 30में से 24 शेयरों में तेजी है। इसमें ONGC के शेयर में आज 7 फीसदी और अडाणी एंटरप्राइजेज के शेयर में 4 फीसदी से ज्यादा की तेजी है। वहीं अडाणी पोर्ट्स और रिलायंस का शेयर भी 4 फीसदी ऊपर कारोबार कर रहा है। जबकि एचडीएफसी बैंक और आईसीआईसीआई बैंक 3 फीसदी से ज्यादा की तेजी है।
