Monthly SIP vs Lumpsum: पिछले कुछ सालों में म्यूचुअल फंड लोगों के लिए सबसे लोकप्रिय निवेश विकल्प बनकर उभरे हैं। इसकी बड़ी वजह है मार्केट लिंक्ड रिटर्न और निवेश में लचीलापन। पारंपरिक निवेश साधनों की तुलना में म्यूचुअल फंड आमतौर पर ज्यादा रिटर्न देते हैं।
निवेशक चाहें तो हर महीने छोटी-छोटी किश्तों में सिस्टेमैटिक इन्वेस्टमेंट प्लान (SIP) से निवेश कर सकते हैं, या फिर बड़ी राशि को एक बार में लंपसम (Lumpsum) डाल सकते हैं। लेकिन सवाल है 10 लाख रुपये एकमुश्त निवेश करना बेहतर है या 10,000 रुपये की मासिक SIP?
लंपसम निवेश: फायदे और रिस्क
अगर आप एक बार में ₹10 लाख निवेश करते हैं तो आपकी पूरी राशि उस समय के मार्केट हालात पर निर्भर होगी। अगर निवेश मार्केट के पीक पर किया गया और बाद में गिरावट आई, तो पोर्टफोलियो तुरंत घाटे में जा सकता है। वहीं अगर निवेश मार्केट की गिरावट के दौरान किया जाए तो आगे कीमतें बढ़ने पर अच्छा मुनाफा मिल सकता है।
SIP कैसे करता है काम?
SIP में हर महीने एक निश्चित रकम (जैसे ₹10,000) निवेश की जाती है। इसका फायदा है रुपया लागत औसत (Rupee Cost Averaging)। जब मार्केट नीचे होता है तो ज्यादा यूनिट्स खरीदने को मिलते हैं। मार्केट चढ़ने पर कम यूनिट्स मिलते हैं। इस तरह लंबे समय में औसत लागत संतुलित हो जाती है और रिस्क कम हो जाता है।
10 साल बाद कितना मिलेगा रिटर्न?
अगर आप SIP करते हैं- मासिक निवेश: ₹10,000
- अवधि: 10 साल
- कुल निवेश: ₹12 लाख
- अनुमानित रिटर्न (12%): ₹11.23 लाख
- मैच्योरिटी कॉर्पस: ₹23.23 लाख
अगर आप लंपसम निवेश करते हैं
कुल निवेश: ₹10 लाख
अवधि: 10 साल
अनुमानित रिटर्न (12%): ₹20.75 लाख
मैच्योरिटी कॉर्पस: ₹30.75 लाख
कौन बेहतर है?
ऊपर दिए गए आंकड़ों के मुताबिक, ₹10 लाख का एकमुश्त निवेश 10 साल में ज्यादा रिटर्न देता है, जबकि ₹10,000 मासिक SIP उससे कम रिटर्न देती है। SIP उन लोगों के लिए बेहतर है जो हर महीने छोटी-छोटी राशि निवेश करना चाहते हैं, खासकर सैलरी वाले निवेशकों के लिए। लंपसम निवेश उन निवेशकों के लिए सही है जिनके पास पहले से बड़ा फंड मौजूद है और जिन्हें मार्केट के लंबे समय तक अच्छे प्रदर्शन पर भरोसा है। अंत में, निवेश का चुनाव हमेशा आपकी वित्तीय जरूरतों, लक्ष्य और जोखिम उठाने की क्षमता पर निर्भर करता है।
