Bhopal:"भाजपा सांसद प्रज्ञा ठाकुर को ढूंढकर लाने वाले को 10,000 रूपये का इनाम''

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Apr 27, 2021, 09:42 PM IST

Pragya Thakur News: प्रदेश कांग्रेस के महासचिव एवं वरिष्ठ प्रवक्ता रवि सक्सेना ने मंगलवार को कहा कि कोरोना महामारी के गहन संकट के समय भोपाल सांसद प्रज्ञा ठाकुर नदारद है।

Bhopal:"भाजपा सांसद प्रज्ञा ठाकुर को ढूंढकर लाने वाले को 10,000 रूपये का इनाम''

भोपाल: कांग्रेस नेता रवि सक्सेना ने कोरोना महामारी के संकट के समय में अपनी भोपाल लोकसभा सीट से अनुपस्थित रहने वाली भाजपा सांसद प्रज्ञा ठाकुर को ढूँढकर लाने वाले को 10,000 रूपये का इनाम देने की घोषणा की है।वहीं, प्रदेश भाजपा ने प्रज्ञा ठाकुर के खराब स्वास्थ्य का हवाला देते हुए कांग्रेस नेता की इस घोषणा को शर्मनाक बताया है।

रवि सक्सेना ने कहा, 'भोपाल सांसद प्रज्ञा ठाकुर के इस संक्रमण काल में लगातार गायब रहने तथा भोपाल की जनता के इस विपत्ति काल में नदारद रहने पर मैं उन्हें ढूंढकर लाने वाले को 10,000 रुपयों का इनाम देने की घोषणा करता हूं।'

सक्सेना ने कहा कि 'ये भोपालवासियों के लिए अत्यंत दुःख और दुर्भाग्य की बात है कि जब दवाइयों, इंजेक्शनों ,वेंटिलेटरों, बिस्तरों और समुचित इलाज के अभाव में हजारों कोरोना पीड़ित दर-दर की ठोकरें खा रहे हैं और अपनी जान गंवा रहे हैं, ऐसे संकट के समय में सांसद प्रज्ञा ठाकुर कहां अंतर ध्यान में है।'

मध्य प्रदेश भाजपा सचिव एवं प्रवक्ता रजनीश अग्रवाल ने बताया, 'यह सबको पता है कि गंभीर रूप से बीमार होने पर प्रज्ञा को हवाई मार्ग से मुंबई ले जाया गया था। इसके वाबजूद कांग्रेस के नेता का ऐसा बयान शर्मनाक है।' उन्होंने कहा कि राजनीतिक दल होने के नाते कांग्रेस नेताओं में संवेदनशीलता होनी चाहिए।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!