ऑटो न्यूज़

क्या आपने भी बिना नाम बदले बेच दी अपनी Car? पुराने मालिक को आ सकती हैं ये परेशानियां

कई लोग यह सोचकर निश्चिंत हो जाते हैं कि कार बेच दी है इसलिए अब उससे जुड़ी कोई जिम्मेदारी उनकी नहीं है। लेकिन वाहन के आधिकारिक रिकॉर्ड में मालिक का नाम बदलवाना भी बेहद जरूरी है।

Image

पुरानी कार बेचने के साथ भूलकर भी न करें ये गलती (Photo: iStock)

Sold Your Car Without RC Transfer: अगर आपने अपनी कार (Old Car) किसी दूसरे व्यक्ति को बेच दी है तो सिर्फ कार की चाबी और गाड़ी सौंप देना ही काफी नहीं है। गाड़ी बेचने के बाद RC यानी Registration Certificate में नए मालिक का नाम ट्रांसफर करवाना भी बेहद जरूरी है। अगर RC Transfer नहीं हुआ और सरकारी रिकॉर्ड में गाड़ी अभी भी आपके नाम पर दर्ज है, तो भविष्य में आपको कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। ऐसी स्थिति में पुराने मालिक को कई तरह की परेशानियां आ सकती हैं-

चालान आने पर हो सकती है परेशानी

अगर नया मालिक कार चलाते समय ट्रैफिक नियम तोड़ता है और e-Challan कटता है तो सरकारी रिकॉर्ड में वाहन आपके नाम पर होने के कारण नोटिस या चालान से जुड़ी परेशानी आपके सामने आ सकती है। मान लीजिए आपने कार बेच दी, लेकिन RC Transfer नहीं कराया। इसके बाद नए मालिक ने तेज गति से गाड़ी चलाई या रेड लाइट तोड़ी। ऐसी स्थिति में वाहन के रजिस्ट्रेशन रिकॉर्ड में आपका नाम होने के कारण आपको यह साबित करने के लिए दस्तावेज देने पड़ सकते हैं कि घटना के समय कार आपके पास नहीं थी।

दुर्घटना होने पर बढ़ सकती है परेशानी

RC Transfer नहीं होने का सबसे बड़ा जोखिम तब सामने आ सकता है जब बेची गई कार किसी दुर्घटना में शामिल हो जाए। दुर्घटना के बाद पुलिस जांच में वाहन के रजिस्ट्रेशन रिकॉर्ड की जांच की जा सकती है। अगर सरकारी रिकॉर्ड में अभी भी आपका नाम दर्ज है, तो आपसे वाहन की बिक्री दूसरे दस्तावेज मांगे जा सकते हैं।

अपराध में इस्तेमाल हुई कार से बढ़ सकती है मुश्किल

अगर खरीदार ने कार को किसी गैरकानूनी गतिविधि में इस्तेमाल किया और RC अभी भी आपके नाम पर है, तो पुलिस जांच के दौरान आपसे पूछताछ हो सकती है। पुलिस के रिकॉर्ड में वाहन आपके नाम पर दिखाई दे सकता है और आपको यह बताना पड़ सकता है कि कार किस व्यक्ति को बेची गई थी।

बीमा से जुड़ी दिक्कत भी हो सकती है

कार बेचने के बाद वाहन के बीमा रिकॉर्ड में भी बदलाव जरूरी हो सकता है। अगर नए मालिक ने वाहन अपने नाम पर ट्रांसफर नहीं करवाया और बीमा पॉलिसी को भी अपडेट नहीं करवाया तो दुर्घटना की स्थिति में बीमा क्लेम को लेकर विवाद या देरी हो सकती है। इसलिए कार बेचने के बाद केवल RC ही नहीं, बल्कि Motor Insurance में भी मालिकाना जानकारी अपडेट करवाने की प्रक्रिया पूरी करना जरूरी है।

Shivani Kotnala
शिवानी कोटनालाauthor

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने बिजनेस और टेक से जुड़ी खबरों पर काम किया है। यूटीलिटी, शेयर बाजार, पर्सनल फाइनेंस, बैंकिंग से जुड़ी खबरों पर वह लगातार लिख रही हैं। शिवानी ने डिजिटल के साथ-साथ न्यूज एजेंसी में भी काम किया है।

और पढ़ें
End of Article