किआ इंडिया ने भारतीय बाजार में अपनी दो पॉपुलर 3-रो एमपीवी Carens और Carens Clavis के फैक्ट्री-फिटेड CNG वेरिएंट लॉन्च कर दिए हैं। Carens CNG की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 12.12 लाख रुपये है, जबकि Carens Clavis CNG की शुरुआती कीमत 12.39 लाख रुपये रखी गई है।
Kia Carens Clavis CNG and Carens CNG हो गई लॉन्च (Photo: Kia)
Carens CNG में मिलेगा एक वेरिएंट
Kia Carens CNG को केवल Premium (O) CNG वेरिएंट में पेश किया गया है। इसकी कीमत 12,11,800 रुपये है। वहीं Carens Clavis CNG को दो वेरिएंट- HTE CNG और HTE (O) CNG में उतारा गया है। इनकी कीमत 12,38,800 रुपये और 13,34,800 रुपये है। यानी ग्राहकों को दोनों 3-रो मॉडल्स में अपनी जरूरत और बजट के हिसाब से CNG विकल्प चुनने का मौका मिलेगा।
| मॉडल | वेरिएंट | पावरट्रेन | एक्स-शोरूम कीमत |
|---|---|---|---|
| Kia Carens CNG | Premium (O) CNG | 1.5L CNG 6MT | ₹12,11,800 |
| Kia Carens Clavis CNG | HTE CNG | 1.5L CNG 6MT | ₹12,38,800 |
| Kia Carens Clavis CNG | HTE (O) CNG | 1.5L CNG 6MT | ₹13,34,800 |
1.5 लीटर इंजन और 6-स्पीड मैनुअल गियरबॉक्स
Carens और Carens Clavis के CNG वर्जन में 1.5 लीटर Smartstream पेट्रोल इंजन दिया गया है, जिसे सीएनजी के लिए खास तौर पर कैलिब्रेट किया गया है। इंजन सीएनजी मोड में 96hp की पावर और 123Nm का टॉर्क जनरेट करता है। इसे 6-स्पीड मैनुअल गियरबॉक्स के साथ जोड़ा गया है। दोनों मॉडल में पेट्रोल के साथ सीएनजी फ्यूल सिस्टम दिया गया है।
60 लीटर CNG टैंक और स्पेयर व्हील
कंपनी ने सीएनजी सिस्टम को फैक्ट्री से ही इंटीग्रेट किया है। इसमें 60 लीटर का सीएनजी टैंक दिया गया है। खास बात यह है कि सीएनजी किट लगाने के बावजूद स्पेयर टायर को बरकरार रखा गया है। इससे लंबे सफर के दौरान टायर से जुड़ी स्थिति में अतिरिक्त सुविधा मिल सकती है।
CNG मॉडल में मिलेंगे खास फीचर्स
दोनों मॉडल्स में सीएनजी से जुड़े कई अपडेट किए गए हैं। इनमें इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर में CNG Mode के साथ Distance to Empty (DTE) लॉजिक, CNG Fuel Change Switch और 4.2-इंच कलर TFT MID शामिल हैं। इसके अलावा 16-इंच व्हील्स और 16-इंच फ्रंट डिस्क ब्रेक भी दिए गए हैं।
सीएनजी वर्जन में बेहतर ड्राइविंग और आराम के लिए CNG-स्पेसिफिक इंजन कैलिब्रेशन और मॉडिफाइड सस्पेंशन दिया गया है। तीसरी रो के सीट-बैक फ्रेम में भी बदलाव किया गया है, जिससे इसके रिक्लाइन एंगल में सुधार होता है।
फैक्ट्री-फिटेड सीएनजी सिस्टम के साथ Kia ने Carens और Carens Clavis के मौजूदा स्पेस, कम्फर्ट और फैमिली-फोकस्ड प्रैक्टिकलिटी को बरकरार रखते हुए ग्राहकों के लिए एक नया पावरट्रेन विकल्प जोड़ा है।
