Car maintenance tips for fuel efficiency: पेट्रोल और डीजल की बढ़ती कीमतों ने कार चलाना पहले के मुकाबले काफी महंगा बना दिया है। ऐसे में ज्यादातर लोग अपनी कार की माइलेज बढ़ाने के तरीके तलाश रहे हैं, ताकि ईंधन पर होने वाला खर्च कम किया जा सके। अच्छी बात यह है कि कुछ आसान मेंटेनेंस टिप्स अपनाकर कार की माइलेज बेहतर की जा सकती है। इस आर्टिकल में आपको ऐसी 7 टिप्स दे रहे हैं जो आपकी कार की माइलेज बढ़ाने में मदद कर सकती हैं।
सही टायर प्रेशर
कार के टायर में हवा कम या ज्यादा होने से इंजन पर अतिरिक्त दबाव पड़ता है। कम एयर प्रेशर होने पर कार को आगे बढ़ाने के लिए ज्यादा ताकत लगती है, जिससे पेट्रोल या डीजल ज्यादा खर्च होता है। इसलिए समय-समय पर टायर प्रेशर चेक करवाते रहें और कंपनी द्वारा बताए गए स्तर पर ही हवा भरवाएं।
कार की नियमित सर्विसिंग
नियमित सर्विसिंग कार की अच्छी माइलेज के लिए बेहद जरूरी मानी जाती है। सर्विस के दौरान इंजन ऑयल, फिल्टर और दूसरे जरूरी पार्ट्स की जांच होती है। अगर इंजन सही स्थिति में रहेगा, तो कार स्मूद चलेगी और ईंधन की खपत कम होगी।
एयर फिल्टर की सफाई
गंदा एयर फिल्टर इंजन तक पर्याप्त हवा पहुंचने नहीं देता। इससे इंजन को ज्यादा मेहनत करनी पड़ती है और माइलेज कम हो सकती है। इसलिए एयर फिल्टर को समय-समय पर साफ करवाना या जरूरत पड़ने पर बदलवाना जरूरी है।
स्मूद ड्राइविंग
बार-बार तेजी से एक्सीलेटर दबाने और अचानक ब्रेक लगाने से ईंधन की खपत बढ़ जाती है। अगर आप स्मूद ड्राइविंग करते हैं और स्थिर स्पीड बनाए रखते हैं, तो कार बेहतर माइलेज दे सकती है। हाईवे पर लगातार एक जैसी रफ्तार में ड्राइव करना ज्यादा फायदेमंद माना जाता है।
गाड़ी का वजन
कई लोग कार में जरूरत से ज्यादा सामान रखते हैं, जिससे गाड़ी का वजन बढ़ जाता है। ज्यादा वजन होने पर इंजन को अतिरिक्त ताकत लगानी पड़ती है और ईंधन ज्यादा खर्च होता है। इसलिए कार में केवल जरूरी सामान ही रखें।
इंजन बंद करना
अगर कार लंबे समय तक खड़ी है तो इंजन बंद कर देना बेहतर होता है। ट्रैफिक सिग्नल या लंबी रुकावट के दौरान इंजन चालू रखने से बिना वजह ईंधन खर्च होता रहता है। नई कारों में स्टार्ट-स्टॉप तकनीक भी इसी उद्देश्य से दी जाती है।
सही गियर का इस्तेमाल
गलत गियर में कार चलाने से इंजन पर दबाव बढ़ता है और माइलेज कम हो जाती है। बहुत कम स्पीड पर हाई गियर या ज्यादा स्पीड पर लो गियर इस्तेमाल करने से ईंधन ज्यादा खर्च हो सकता है। इसलिए स्पीड के हिसाब से सही गियर का इस्तेमाल करना जरूरी है।
