UP Assembly Elections: यूपी में कांग्रेस का सीएम चेहरा कौन होगा, सलमान खुर्शीद ने दिया जवाब

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Sep 13, 2021, 12:04 PM IST

UP Assembly Polls 2022 : उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव अगले साल होंगे। इसके लिए सभी राजनीतिक दलों ने अपनी तैयारी शुरू कर दी है। कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद (Salman Khurshid) ने सीएम चेहरे पर बयान दिया है।

आगरा : पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद ने कहा है कि पार्टी प्रियंका गांधी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव लड़ेगी। समाचार एजेंसी एएनआई के साथ बातचीत में खुर्शीद ने कहा कि आगामी विस चुनाव के लिए कांग्रेस उत्तर प्रदेश में किसी दल के साथ गठबंधन नहीं करेगी। हालांकि, उन्होंने कहा, 'गठबंधन दिल से होता है और यदि कोई कांग्रेस के साथ जुड़ना चाहता है तो उसका स्वागत है।'  

प्रियंका गांधी के नेतृत्व में चुनाव लड़ेगी कांग्रेस

उत्तर प्रदेश में कांग्रेस की ओर से सीएम उम्मीदवार के बारे में पूछे जाने पर खुर्शीद ने कहा कि हम पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी के नेतृत्व में यूपी विधानसभा चुनाव लड़ेंगे। पार्टी की जीत के लिए वह काफी परिश्रम कर रही हैं। बाद में सीएम पद के लिए चेहरे की घोषणा भी कर सकती है। 

घोषणापत्र में किसानों पर होगा जोर

विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस के घोषणापत्र के बारे में उन्होंने कहा,  'घोषणापत्र के लिए हम आम लोगों से बातचीत कर रहे हैं। हमने घोषणापत्र के लिए एक उचित रणनीति बनाई है। घोषणापत्र में आम लोगों की आवाज होगी। इसमें किसानों एवं महिला सुरक्षा पर जोर होगा। हमने आज आगरा के लोगों से मुलाकात की है और उनसे यहां के मुद्दों पर चर्चा हुई है।' 

2017 के चुनाव में कांग्रेस को हुआ नुकसान

उत्तर प्रदेश में विधानसभा की 403 सीटों के लिए अगले साल चुनाव होंगे। पिछले विस चुनाव में भाजपा ने 312 सीटों पर जीत दर्ज की। जबकि सपा को 47 सीटें, बसपा को 19 सीटें और कांग्रेस को मात्र सात सीटें मिलीं। कांग्रेस को बड़ा झटका उसे रायबरेली में भी लगा। रायबरेली में विधानसभा की पांच सीटें हैं जिनमें से दो सीटों पर ही कांग्रेस जीत पाई।  

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!