US Navy Attack Video: नाइजीरिया के उत्तर-पश्चिमी इलाके में ISIS के ठिकानों पर अमेरिका ने बड़ा सैन्य अभियान चलाते हुए घातक हमला किया है। अमेरिका के डिपार्टमेंट ऑफ वॉर ने हमले का वीडियो जारी किया है, जिसमें युद्धपोत से दागी गई मिसाइलें और लक्ष्य पर सीधी मार दिखाई गई। यह हमला ऐसे समय हुआ है जब कुछ दिन पहले ही पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने नाइजीरिया सरकार पर आरोप लगाया था कि वह देश में ईसाइयों पर बढ़ रहे हमलों को रोकने में नाकाम रही है।
अमेरिकी नेवी का नाइजीरिया में घातक हमला (फोटो- @DeptofWar)
ट्रंप का पोस्ट
क्रिसमस की शाम अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर ट्रंप ने पोस्ट कर बताया कि उनके आदेश पर यह “शक्तिशाली और घातक” हमला किया गया। उन्होंने कहा कि ये हमले उन ISIS आतंकियों पर किए गए जो निर्दोष ईसाइयों की बड़ी संख्या में हत्या कर रहे थे।
नाइजीरिया में अमेरिका ने कहां हमला किया
अमेरिकी अफ्रीका कमांड ने भी प्रेस रिलीज जारी कर हमले की पुष्टि की और बताया कि यह कार्रवाई सोकोटो राज्य में नाइजीरियाई अधिकारियों के समन्वय में की गई, जिसमें कई ISIS आतंकवादी मारे गए। पहले यह भी कहा गया था कि नाइजीरिया के अनुरोध पर हमला किया गया, हालांकि बाद में वह बयान हटा लिया गया।
नाइजीरिया सरकार ने क्या कहा
दूसरी ओर, नाइजीरिया के विदेश मंत्रालय ने इसे अमेरिका के साथ जारी सुरक्षा सहयोग का हिस्सा बताया। मंत्रालय ने कहा कि दोनों देशों के बीच खुफिया जानकारी साझा करने और रणनीतिक समन्वय के तहत सटीक हमले संभव हो सके हैं। नाइजीरिया सरकार ने कहा कि यह अभियान अंतरराष्ट्रीय कानून और आपसी संप्रभुता के सम्मान के दायरे में किया गया है। सरकार ने यह भी दोहराया कि नाइजीरिया में आतंकवाद का शिकार केवल ईसाई नहीं, बल्कि सभी समुदाय हुए हैं, इसलिए आतंकवाद के खिलाफ यह लड़ाई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय शांति के लिए जरूरी है।
