Iran US Conflict: अमेरिकी संघीय एजेंटों ने ईरान के दिवंगत सैन्य कमांडर कासिम सुलेमानी (Qassem Soleimani) की भतीजी और उनकी बेटी को गिरफ्तार किया है। इससे पहले, उनका ग्रीन कार्ड रद्द कर दिया गया था।
ईरान के दिवंगत सैन्य कमांडर कासिम सुलेमानी (फाइल फोटो साभार: AP)
अमेरिकी विदेश विभाग ने शनिवार को एक बयान जारी कर बताया कि हामिदेह सुलेमानी अफशर और उनकी बेटी अब अमेरिकी इमिग्रेशन एंड कस्टम्स एनफोर्समेंट की हिरासत में हैं। बयान में आगे कहा गया कि मार्को रुबियो ने उनके ग्रीन कार्ड रद्द कर दिए थे।
ग्रीन कार्ड विदेशी नागरिकों को अमेरिका में स्थायी रूप से रहने और काम करने की अनुमति देता है, और तीन से पांच साल बाद नागरिकता पाने का रास्ता भी देते हैं।
सुलेमानी की ड्रोन स्ट्राइक में हुई थी मौत
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने पहले कार्यकाल के दौरान बगदाद अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के पास एक ड्रोन स्ट्राइक करवाई थी। इस स्ट्राइक में IRGC की कुद्स फोर्स के पूर्व कमांडर कासिम सुलेमानी की मौत हो गई थी। उस वक्त अमेरिकी ने कासिम सुलेमानी पर ईरान समर्थित मिलिशिया द्वारा अमेरिकी सेना पर किए गए हमलों को निर्देशित करने का आरोप लगाया था।
US ने हामिदेह सुलेमानी पर लगाए गंभीर आरोप
विदेश विभाग ने एक बयान में कहा कि हामिदेह सुलेमानी अफशर ईरान की 'तानाशाही, आतंकवादी शासन' की मुखर समर्थक हैं। विदेश विभाग ने उन पर अमेरिका में रहते हुए ईरानी शासन के दुष्प्रचार को बढ़ावा देने का आरोप लगाया। बयान में कहा गया कि अमेरिकी सैनिकों और सैन्य ठिकानों पर हमले को हामिदेह सुलेमानी ने जश्न मनाया और ईरान के सुप्रीम लीडर की प्रशंसा की।
विदेश विभाग ने आरोप लगाया कि हामिदेह सुलेमानी ने अमेरिका को 'महान शैतान' कहा और इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) के प्रति अपना 'अटूट समर्थन' व्यक्त किया, जिसे वाशिंगटन एक आतंकवादी संगठन मानता है। बयान में आगे कहा गया कि हामिदेह सुलेमानी ने लॉस एंजिल्स में शानदार जिंदगी व्यतीत करते हुए ईरान के आतंकवादी शासन के दुष्प्रचार को आगे बढ़ाया, जो उनके हाल ही में हटाए गए इंस्टाग्राम पोस्ट से पता चलता है।
