Russia-Ukraine War: रूस और यूक्रेन का युद्ध पिछले कई सालों से जारी है। आए दिन भारी मात्रा में मिसाइलों व ड्रोन्स का इस्तेमाल होता है और तबाही हर दिन के साथ बढ़ती जाती है। इस बीच एक वीडियो सामने आया है, जिसमें देखा जा सकता है कि कैसे रूस की एक मिसाइल को यूक्रेन के सिस्टम ने कितने बढ़िया से इंटरसेप्ट किया। वीडियो में वह पल एक दम साफ दिखता है जैसे ही मिसाइल आगे तेजी से जा रही होती है, इतने में कीव की काउंटर मिसाइल उसे अटैक करती है, जिससे वह एक साइड में बने टेनिस कोर्ट में गिर जाती है।
बताया गया कि कीव में एक कैमरा ऑपरेटर के ठीक ऊपर एक रूसी Kh-101 क्रूज मिसाइल को इंटरसेप्ट किया गया और वह पास के एक टेनिस कोर्ट पर जा गिरी। देखा जा सकता है कि मिसाइल में धमाका नहीं हुआ, केवल उसका ईंधन टैंक में आग लगी।
कीव पर हमले में रूसी हाइपरसोनिक ओरेश्निक मिसाइल का इस्तेमाल
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने रविवार को कहा कि रूस ने रविवार को कीव पर हमले में ड्रोन और मिसाइल हमले के दौरान शक्तिशाली हाइपरसोनिक ओरेश्निक बैलिस्टिक मिसाइल का इस्तेमाल किया। यह चार साल के युद्ध में तीसरी बार है जब इस हथियार का इस्तेमाल किया गया है। भीषण हवाई हमले से यूक्रेन की राजधानी कीव में सरकारी कार्यालय, आवासीय भवन और स्कूल के पास की इमारत समेत कई इमारतें क्षतिग्रस्त हो गई हैं।
जेलेंस्की ने ’टेलीग्राम’ पर एक पोस्ट में बताया कि परमाणु या पारंपरिक युद्धक सामग्री ले जाने में सक्षम ओरेश्निक मिसाइल से कीव क्षेत्र के बिला त्सेरक्वा शहर पर निशाना साधा गया। उन्होंने बताया कि लक्ष्य का तुरंत पता नहीं चल पाया है। रूस ने पहली बार नवंबर 2024 में यूक्रेन के निप्रो शहर पर ओरेश्निक मिसाइल का इस्तेमाल किया था। दूसरी बार इसका इस्तेमाल जनवरी में पश्चिमी लवीव क्षेत्र में किया गया था।
यूक्रेन की वायु सेना के अनुसार, इस संयुक्त हमले में 600 ड्रोन और 90 हवाई, समुद्री और जमीनी मिसाइलें शामिल थीं। यूक्रेन ने दावा किया कि उसकी वायु रक्षा प्रणाली ने 549 ड्रोन और 55 मिसाइलों को नष्ट कर दिया या बीच में रोक दिया। वायु सेना ने बताया कि लगभग 19 मिसाइलें अपने लक्ष्य तक नहीं पहुंच पाईं।
