Donald Trump : जी-7 शिखर सम्मेलन से तय समय से पहले निकलने पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सफाई और फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों को निशाने पर लिया है। ट्रंप ने अपने एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि कनाडा में चल रहे जी-7 शिखर सम्मेलन से उनकी जल्दी वापसी का 'इजरायल-ईरान के बीच सीजफायर से कोई लेना-देना नहीं है। वह उससे कुछ बड़ा करने जा रहे हैं।' ट्रंप ने कहा कि फ्रांस के राष्ट्रपति पब्लिसिटी के भूखे हैं।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप।
मैक्रों हमेशा गलत होते हैं-ट्रंप
अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि 'फ्रांस के राष्ट्रपति का यह कहना कि मैं इजरायल-ईरान के बीच सीजफायर कराने के लिए वाशिंगटन डीसी जा रहा हूं, यह सही नहीं है। मैक्रों को नहीं पता है कि मैं वाशिंगटन वापस क्यों जा रहा हूं लेकिन एक बात बिल्कुल साफ है कि इसका सीजफायर से कोई लेना देना नहीं है। मैं उससे कुछ बड़ा करने जा रहा हूं। मैक्रों चाहे जानबूझकर या अनजाने में इस तरह की बातें करें, लेकिन वह हमेशा गलत होते हैं।'
ट्रंप ने लोगों से तेहरान तुरंत खाली करने को कहा
इजरायल और ईरान के बीच संघर्ष तेज होने के मद्देनजर अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप यहां जारी जी-7 शिखर सम्मेलन को बीच में ही छोड़कर अमेरिका के लिए रवाना हो गए। दोनों देशों के बीच संघर्ष तेज होने का अंदाजा उस वक्त दुनिया को हुआ जब ट्रंप ने सोमवार को कहा कि ‘सभी को तुरंत तेहरान खाली कर देना चाहिए।’दुनिया भर के नेता पूरे विश्व में अनेक क्षेत्रों में जारी तनाव को कम करने में मदद के विशिष्ट लक्ष्य के साथ जी-7 में एकत्र हुए, लेकिन ईरान के परमाणु कार्यक्रम को लेकर टकराव के कारण यह बाधित हो गया है। इजराइल ने चार दिन पहले ईरान के खिलाफ हवाई हमले शुरू किए थे।
ट्रंप ने ईरान को दी थी चेतावनी
शिखर सम्मेलन में ट्रंप ने चेतावनी दी कि इससे पहले कि ‘बहुत देर हो जाए’ईरान को अपने परमाणु कार्यक्रम पर लगाम लगानी चाहिए।
ट्रंप ने कहा कि ईरानी नेता ‘बातचीत करना चाहते होंगे’लेकिन उनके पास अपने परमाणु कार्यक्रमों को लेकर सहमति बनाने के लिए 60 दिन थे और फिर भी इजरायली हवाई हमले शुरू होने से पहले वे ऐसा करने में विफल रहे।
