ट्विटर के मालिक एलन मस्क ने कहा कि जैसे ही उन्हें ‘‘अपने पद के लिए कोई पर्याप्त मूर्ख इंसान’ मिल जाएगा, वह सोशल मीडिया कंपनी के मुख्य कार्यकारी (सीईओ) के पद से इस्तीफा दे देंगे। उन्होंने यह बात मंगलवार (20 दिसंबर, 2022) को ट्वीट के जरिए यह बात कही। उनके मुताबिक, ‘‘ जैसे ही मुझे कोई इस पद पर काम करने लायक कोई मूर्ख मिल जाएगा, मैं सीईओ के पद से इस्तीफा दे दूंगा। उसके बाद, मैं सिर्फ सॉफ्टवेयर और सर्वर टीम का संचालन करूंगा।’’
ट्विटर के मालिक एलन मस्क। (फाइलः एपी)
दरअसल, 51 साल मस्क ने रविवार को माइक्रो ब्लॉगिंग मंच पर एक ‘पोल’ किया था। उन्होंने इसमें लोगों से पूछा था कि उन्हें ट्विटर के प्रमुख का पद छोड़ना चाहिए या नहीं? इस ‘सर्वे’ में कुल 1.7 करोड़ वोट आए, जिनमें से करीब 57.5 प्रतिशत लोगों ने ‘हां’, जबकि 42.5 प्रतिशत ने ‘न’ का विकल्प चुना था। मस्क ने ट्वीट किया था, ‘‘मैं ‘पोल’ के परिणाम का पालन करूंगा।’’
टि्वटर यूजर्स ने मस्क के पद से हटने के पक्ष में वोट किया था। हालांकि, मस्क ने वोट के परिणाम पर तत्काल कोई टिप्पणी नहीं की थी। रोचक बात है कि मस्क ने लोगों से यह अपील ऐसे समय की थी, जब सोशल मीडिया कंपनी के विवादास्पद नीतिगत बदलावों के परिणामस्वरूप कंपनी के भीतर व्यापक उथल-पुथल मची है।
मस्क ने सर्वे वाले ट्वीट के बाद एक और ट्वीट में कहा था, ‘‘आप वोट करते समय सावधानी बरतें, क्योंकि आप जो चाहते हैं, वह आपको प्राप्त हो सकता है।’’ चौवालीस अरब अमेरिकी डालर में ट्विटर को खरीदने और अक्टूबर के अंत में इसके सीईओ के रूप में पदभार संभालने के बाद से उद्योगपति के कदमों से एक के बाद विवाद पनपे हैं।
