PM Modi UK Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रक्षा, व्यापार और प्रौद्योगिकी के क्षेत्रों में द्विपक्षीय संबंधों को विस्तार देने के लिए बुधवार को ब्रिटेन की अपनी दो दिवसीय यात्रा शुरू की। पीएम मोदी का लंदन में भव्य स्वागत हुआ। इस यात्रा के दौरान भारत-ब्रिटेन मुक्त व्यापार समझौते (FTA) को औपचारिक रूप दिया जाना है।
पीएम मोदी की दो दिवसीय ब्रिटेन यात्रा (फोटो साभार: @narendramodi)
भारतीय समुदाय से मिल गदगद हुए PM मोदी
पीएम मोदी ने भारतीय समुदाय द्वारा किए गए जबरदस्त स्वागत के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने 'एक्स' पर तस्वीरें साझा करते हुए कहा, ''ब्रिटेन में भारतीय समुदाय के गर्मजोशी भरे स्वागत से अभिभूत हूं। भारत की प्रगति के प्रति उनका स्नेह और जुनून सचमुच उत्साहवर्धक है।''
यह भी पढ़ें: 'आतंकवाद में डूबा देश हमें न दे उपदेश...', UN में भारत ने PAK को दिखाया आईना, कहा- IMF से बार-बार ले रहा कर्ज
स्टार्मर से मिलेंगे PM मोदी
पीएम मोदी ब्रिटेन के अपने समकक्ष केअर स्टार्मर के साथ व्यापक वार्ता करेंगे, जिसमें दोनों देशों के बीच रणनीतिक संबंधों को नयी गति प्रदान करने पर ध्यान केंद्रित किए जाने की उम्मीद है। स्टार्मर, चेकर्स में वार्ता के लिए मोदी की मेजबानी करने वाले हैं। चेकर्स ब्रिटिश प्रधानमंत्री का आधिकारिक निवास है, जो लंदन से 50 किलोमीटर उत्तर-पश्चिम में स्थित है।
सूत्रों ने बताया कि वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल और उनके ब्रिटिश समकक्ष जोनाथन रेनॉल्ड्स दोनों प्रधानमंत्रियों की मौजूदगी में मुक्त व्यापार समझौते (FTA) पर हस्ताक्षर कर सकते हैं। रवाना होने से पहले अपने वक्तव्य में पीएम मोदी ने कहा कि भारत और ब्रिटेन एक व्यापक रणनीतिक साझेदारी साझा करते हैं, जिसमें हाल के वर्षों में उल्लेखनीय प्रगति हुई है।
पीएम मोदी ने कहा कि हमारा सहयोग व्यापार, निवेश, प्रौद्योगिकी, नवाचार, रक्षा, शिक्षा, अनुसंधान, स्थिरता, स्वास्थ्य और लोगों के बीच संबंधों सहित कई क्षेत्रों में फैला हुआ है। उन्होंने कहा कि उन्हें और स्टार्मर को द्विपक्षीय आर्थिक साझेदारी को और बढ़ाने का अवसर मिलेगा।इस यात्रा के दौरान मोदी महाराजा चार्ल्स तृतीय से भी मिलेंगे।
