China Plane Crash: चीन की राजधानी बीजिंग की सबसे ऊंची इमारत सिटिक टावर से शुक्रवार को एक छोटा विमान टकरा गया। जिसकी वजह से सिटिक टावर सुर्खियों में छाया रहा। यह इमारत चाइना जुन (China Zun) के नाम से भी जानी जाती है। हादसे के बाद इमारत से मलबा और विमान के कई टुकड़े नीचे सड़क पर गिर पड़े, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग इधर-उधर भागने लगे।
बीजिंग की सबसे ऊंची इमारत चाइन जुन
सोशल मीडिया पर इस विमान हादसे का वीडियो भी तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें देखा जा सकता है कि विमान के टकराने से इमारत की खिड़कियां टूट गईं और कांच व मलबा सड़कों पर जा गिरा। यह हादसा उस वक्त हुआ जब आसपास की सड़कों पर भारी यातायात था।
सिटिक टावर को कराया गया खाली
हादसे के बाद सिटिक टावर को खाली कराया गया। हालांकि, अभी इसकी कोई पुख्ता जानकारी नहीं है कि हादसे में कितने लोग घायल हुए हैं या किसी की मौत हुई है। घटनास्थल पर भारी संख्या में पुलिस को तैनात किया गया है।
गगनचुंबी इमारत की क्या है खासियत?
बीजिंग की जिस गगनचुंबी इमारत से विमान टकराया है, वह राजधानी की सबसे ऊंची और चीन की तीसरी सबसे ऊंची इमारत है। इस इमारत की ऊंचाई 528 मीटर यानी 1,732 फीट है, जो इसे दुनिया की आठवीं सबसे ऊंची गगनचुंबी इमारत होने का गौरव दिलाती है। सिटिक टावर 2018 में बनकर तैयार हुआ था।
चीन की पहचान बना चाइना जुन
इस इमारत को चाइन चुन भी कहा जाता है। इसका डिजाइन प्राचीन चीनी कांस्य युग के एक पारंपरिक 'जुन' नामक अनुष्ठानिक मदिरा पात्र से प्रेरित है। इसकी चौड़ी नींव, बीच का पतला हिस्सा और ऊपर की ओर फैला हुआ स्वरूप समृद्धि, शक्ति और आधुनिक चीन की पहचान का प्रतीक माना जाता है।
बीजिंग की सबसे ऊंची इमारत चाइन जुन
कहां स्थित है सिटिक टावर
सिटिक टावर बीजिंग के चाओयंग जिले के केंद्रीय व्यापारिक क्षेत्र (CBD) में मौजूद है। इसकी शुरुआती डिजाइन बीजिंग इंस्टीट्यूट ऑफ आर्किटेक्चरल डिजाइन और ब्रिटेन की आर्किटेक्चर फर्म टीएफपी फैरेल्स (TFP Farrells) ने तैयार की थी। इसके बाद, लोकप्रिय आर्किटेक्चर कंपनी कोह्न पेडरसन फॉक्स (Kohn Pedersen Fox) ने अंतिम डिजाइन विकसित किया।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: बीजिंग की गगनचुंबी इमारत से टकराया विमान, सामने आया डरावना VIDEO; मलबे के साथ दिख रहा धुआं
कोह्न पेडरसन फॉक्स के डिजाइन प्रमुख रॉबर्ट व्हिटलॉक के मुताबिक, यह इमारत आधुनिक वास्तुकला और पारंपरिक चीनी संस्कृति के बीच संतुलन स्थापित करने का शानदार उदाहरण है।
108 मंजिला सिटिक टावर
सिटिक टावर में कुल 108 मंजिलें हैं, जहां कई बड़ी कंपनियों के ऑफिस और बिजनेस सेंटर हैं। इसके अलावा आठ भूमिगत स्तर भी हैं, जिनमें रिटेल स्पेस, पार्किंग और आसपास के मेट्रो स्टेशनों से सीधा संपर्क उपलब्ध है। बीजिंग की सबसे ऊंची इमारत होने का गौरव हासिल कर चुके सिटिक टावर को शहर के लगभग हर हिस्से से देखा जा सकता है।
