दुनिया

ईरान में शांति के लिए हो रही थी मीटिंग, स्वागत के दौरान ही गिर गए पाकिस्तानी विदेश मंत्री; हो गया हेयरलाइन फ्रैक्चर

पाकिस्तान के विदेश मंत्री इशाक डार को एक आधिकारिक कार्यक्रम के दौरान फिसलकर गिरने से कंधे में हेयरलाइन फ्रैक्चर हो गया। यह घटना पाकिस्तान में आयोजित चतुष्पक्षीय शिखर सम्मेलन के दौरान हुई, जहां वे मिस्र के विदेश मंत्री का स्वागत कर रहे थे।

Image

पाकिस्तानी विदेश मंत्री इशाक डार को हुआ हेयरलाइन फ्रैक्चर (फोटो- X & AP)

ईरान के साथ अमेरिका और इजराइल के बीच शांति के लिए पाकिस्तान इस समय एक्टिव दिख रहा है। कई मुस्लिम देशों के साथ मीटिंग कर चुका है। इसी मीटिंग के दौरान एक ऐसा हादसा हुआ है, जिसने पाकिस्तान के विदेश मंत्री इशाक डार को अस्पताल पहुंचा दिया है। पाकिस्तानी विदेश मंत्री एक मीटिंग के दौरान ऐसा फिसले कि उन्हें हेयरलाइन फ्रैक्चर हो गया है।

कब और कहां गिरे पाकिस्तान के विदेश मंत्री?

यह घटना पाकिस्तान में आयोजित उस चतुष्पक्षीय शिखर सम्मेलन के दौरान हुई, जिसमें सऊदी अरब, तुर्की और मिस्त्र के विदेश मंत्री पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष और शांति प्रयासों पर चर्चा करने के लिए एकत्र हुए थे। रिपोर्ट के अनुसार, विदेश मंत्रालय पहुंचने के बाद इशाक डार मंच पर मिस्र के विदेश मंत्री बद्र अब्देलअत्ती को आमंत्रित करने के दौरान अचानक फिसलकर गिर पड़े। इस दौरान उन्हें कंधे में चोट लग गई।

मेडिकल जांच में फ्रैक्चर की पुष्टि

डार के बेटे Ali Dar ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि उनके पिता को चोट लगने के बावजूद उन्होंने सभी महत्वपूर्ण बैठकों में भाग लिया और अपने आधिकारिक दायित्वों को पूरा किया। अली डार ने बताया कि रात करीब नौ बजे इशाक डार की मेडिकल जांच कराई गई, जिसमें उनके कंधे में हेयरलाइन फ्रैक्चर होने की पुष्टि हुई। डॉक्टरों ने उन्हें आराम की सलाह दी है, हालांकि उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है।

ईरान युद्ध पर वार्ता कहां तक पहुंची?

पाकिस्तान के विदेश मंत्री इसहाक डार ने रविवार को कहा कि सऊदी अरब, मिस्र और तुर्किये के विदेश मंत्रियों के साथ बैठक के बाद इस्लमाबाद अमेरिका और ईरान के बीच वार्ता आयोजित करेगा। इसहाक डार ने विदेश मंत्रियों द्वारा पश्चिम एशिया संघर्ष पर परामर्श किए जाने के दौरान यह टिप्पणी की। पश्चिम एशिया संघर्ष के कारण वैश्विक अर्थव्यवस्था में गंभीर संकट पैदा हुए हैं। उन्होंने कहा, ’’हम इस बात पर सहमत हुए कि यह युद्ध किसी के हित में नहीं है और इससे केवल मृत्यु तथा विनाश ही होगा; इन चुनौतीपूर्ण समय में मुस्लिम समुदाय की एकता बहुत जरूरी है।’’

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article