Nepal Helicopter Crash Video: नेपाल के सोलुखुम्बु जिले से एक दुखद और भयंकर हादसे की खबर सामने आई है। मंगलवार खुंबू पासांग ल्हामू ग्रामीण नगरपालिका के वार्ड नंबर 4 स्थित फेरिचे में लैंडिंग के दौरान दो हेलीकॉप्टर आपस में टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गए। जिला पुलिस कार्यालय के अनुसार, यह हादसा मंगलवार सुबह लगभग 8:11 बजे हुआ। इस दर्दनाक दुर्घटना में एक भारतीय नागरिक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हो गया है।
डायनेस्टी एयर और फिशटेल एयर के हेलीकॉप्टरों में टक्कर
पुलिस अधिकारियों से मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दुर्घटना में शामिल हेलीकॉप्टर डायनेस्टी एयर (Dynasty Air) और फिशटेल एयर (Fishtail Air) द्वारा संचालित किए जा रहे थे।हादसे में फिशटेल एयर के हेलीकॉप्टर में सवार भारतीय नागरिक वसंत कुमार बलारामारामाडु की मौके पर मौत हो गई। वहीं, भारतीय मूल के न्यूजीलैंड नागरिक शैलेश कृष्णा पटेल घायल हो गए, जिन्हें प्रभु हेलीकॉप्टर के जरिए काठमांडू के मेडिसिटी अस्पताल भेजा गया है। दोनों हेलीकॉप्टरों के पायलटों को भी मामूली चोटें आईं और उन्हें उपचार के लिए काठमांडू ले जाया गया। पुलिस ने बताया कि मृत भारतीय पर्यटक के शव को पोस्टमार्टम और अन्य कानूनी प्रक्रिया के लिए लुकला स्थित अस्पताल पहुंचाया गया है। घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें- चक्रवाती तूफान मुरासु आंध्र तट से टकराया, कई जिलों में भारी बारिश
हादसे के कारणों की जांच शुरू
फेरिचे काठमांडू से लगभग 150 किलोमीटर उत्तर-पूर्व में स्थित है और यह दुनिया की सबसे ऊंची चोटी माउंट एवरेस्ट के बेस कैंप जाने वाले प्रमुख मार्ग पर पड़ता है। हिमालयी क्षेत्र के उच्च ऊंचाई वाले इलाके में हुए इस हादसे के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। दोनों हेलीकॉप्टरों में सवार अन्य यात्रियों, पायलटों और क्रू मेंबर्स की सटीक स्थिति और नुकसान की विस्तृत जानकारी का अभी इंतजार किया जा रहा है। नेपाल पुलिस की टीम मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा ले रही है और घटना के संबंध में आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
