Karachi Blast: पाकिस्तान के कराची में यूनिवर्सिटी रोड के पास भारी गोलीबारी और एक संदिग्ध धमाके की खबर सामने आई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, यह घटना पाकिस्तान रेंजर्स मुख्यालय के मुख्य प्रवेश द्वार के पास हुई। प्राप्त जानकारी के मुताबिक, गोलीबारी और धमाके के चलते लगभग 8 लोगों के मारे जाने की खबर है, जबकि कई लोगों के घायल होने की भी आशंका जताई जा रही है।
कराची में धमाके के बाद मची अफरा-तफरी
बताया जा रहा है कि गोलीबारी में 3 बंदूकधारी ढेर हो गए, जबकि पाकिस्तान रेंजर्स के भी 3 सैनिक मारे गए हैं। सिंध के इंस्पेक्टर जनरल जावेद आलम ओधो ने कन्फर्म किया है।
इलाके में मची अफरा-तफरी
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, पहले एक जोरदार धमाका हुआ, जिसकी आवाज कई किलोमीटर दूर तक सुनी गई। इसके तुरंत बाद इलाके में लगातार गोलियां चलने की आवाजें आने लगीं, जिससे आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, पाकिस्तान रेंजर्स मुख्यालय के मुख्य गेट पर ग्रेनेड हमला किया गया। हालांकि, अधिकारियों ने अभी तक इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इस घटना में सुरक्षा बलों के कुछ जवान घायल हुए हैं। वहीं, कुछ रिपोर्टों में हमलावरों के मारे जाने का भी दावा किया गया है। हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: क्या लंदन में भारतवंशी छात्र ने की आत्महत्या? कमरे में मिला मृत; परिवार ने भारत लाने के लिए सरकार से लगाई गुहार
भारी पुलिस बल तैनात
घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी ईस्ट जुबैर नजीर शेख भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। पूरे इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
सिंध के CM ने IG से की बात
वहीं, दूसरी तरफ सिंध के मुख्यमंत्री मुराद अली शाह ने मसामियात चौरंगी के पास हुई इस घटना का संज्ञान लेते हुए आईजी सिंध और एडिशनल आईजी कराची से संपर्क किया तथा पूरे घटनाक्रम की विस्तृत रिपोर्ट तलब की है।
सुरक्षाबलों ने 8 आतंकी किए ढेर
इससे पहले, अशांत बलूचिस्तान प्रांत में सुरक्षाबलों के दो अलग-अलग अभियानों में आठ आतंकवादी मारे गए। पाकिस्तानी सेना की मीडिया शाखा अंतर-सेवा जनसंपर्क विभाग (ISPR) के अनुसार, सुरक्षाबलों ने प्रांत के खारान और मस्तुंग जिलों में 25 और 26 जून को खुफिया जानकारी पर आधारित दो अभियान चलाए।
