जेल में बंद पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान के समर्थकों के 27 सितंबर को होने वाले मार्च से पहले पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद को एक छावनी में बदल दिया गया है। सड़कों पर नजर रखने के लिए हज़ारों सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं, जबकि बड़े हाईवे को शिपिंग कंटेनरों से ब्लॉक कर दिया गया है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, सेना समर्थित पाकिस्तानी सरकार ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने का हवाला देते हुए हाल के दिनों में खान की तीन बहनों और पार्टी के सैकड़ों कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया है।
इमरान खान (फाइल फोटो)
20 सितंबर को, खान की पार्टी तहरीक-ए-इंसाफ पाकिस्तान (PTI) ने दावा किया कि पुलिस ने मार्च से पहले लाहौर में उनके घर से पाकिस्तान के जेल में बंद पूर्व प्रधानमंत्री की बहन अलीमा खान को गिरफ्तार कर लिया।
TIMES NOW Navbharat पर यह भी पढ़ें: इमरान खान की बहन की गिरफ्तारी से पाकिस्तान को रोजाना 120 अरब रुपये का नुकसान! जानिए कैसे?
खान की PTI ने आखिरी बार दो साल पहले बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन किया था, जो पार्टी समर्थकों और सुरक्षा बलों के बीच हिंसक झड़पों में खत्म हुआ था।
दो हाईवे ब्लॉक, सुरक्षा बढ़ाई गई
गृह मंत्रालय के एक अज्ञात अधिकारी के हवाले से कहा गया है कि राजधानी और उसके आसपास लगभग 35,000 अतिरिक्त पुलिस और अर्धसैनिक बल के जवान तैनात किए गए हैं। पाकिस्तान के अन्य हिस्सों में भी सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं क्योंकि सरकार को डर है कि प्रदर्शनकारी कहीं और भी इकट्ठा हो सकते हैं। नेशनल हाईवे अथॉरिटी का हवाला देते हुए एजेंसी ने बताया कि संघीय राजधानी के आसपास आवाजाही को और सीमित करते हुए, अधिकारियों ने इस्लामाबाद को उत्तर-पश्चिमी प्रांत खैबर पख्तूनख्वा (जहां खान की पार्टी की सरकार है) से जोड़ने वाले दो प्रमुख हाईवे को सील कर दिया है।
अगर मार्च हिंसक होता है तो पुलिस को सख्ती से निपटने का निर्देश
खबरों के मुताबिक, इस्लामाबाद के सरकारी इलाके-जहां संसद, प्रधानमंत्री का आवास और विदेशी दूतावास हैं की घेराबंदी के लिए शिपिंग कंटेनर लगाए गए हैं। गृह मंत्री मोहसिन नकवी ने भी चेतावनी दी है कि अगर मार्च हिंसक होता है तो पुलिस को सख्ती से निपटने का निर्देश दिया गया है। उन्होंने कहा, 'ऐसा नहीं है कि वे आएं और गोलियां चलाएं और आप कुछ न करें। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, इन मार्च के कराची और लाहौर से इस्लामाबाद तक शुरू होने की उम्मीद है।'
पाकिस्तानी सरकार ‘हमले की तैयारी’ कर रही है
पाकिस्तानी समाचार आउटलेट 'द डॉन' के एक संपादकीय में सुरक्षा के कड़े इंतजामों की आलोचना की गई और कहा गया कि ऐसा लग रहा है जैसे सरकार किसी राजनीतिक कार्यक्रम के बजाय किसी हमले की तैयारी कर रही हो। 'द डॉन' के अनुसार, खाइयां भी खोदी गई हैं और अधिकारी मनमाने ढंग से नागरिकों को गिरफ्तार और हिरासत में ले रहे हैं, जिनमें खान की बहनें भी शामिल हैं।
