दुनिया

'नेतन्याहू को जहन्नुम भेजेंगे': ईरानी सुरक्षा प्रमुख मोहसेन रेजाई की खुली चेतावनी, अमेरिका को भी दी आर्थिक हितों पर हमले की धमकी

Iran US Blockade Warning: ईरान की सर्वोच्च राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के सचिव मोहसेन रेजाई ने इजरायली पीएम नेतन्याहू को चेतावनी दी। उन्होंने अमेरिका को नाकेबंदी जारी रखने पर गंभीर परिणाम भुगतने और आर्थिक हितों को निशाना बनाने की धमकी दी।

Image

'नेतनयाहू को जहन्नुम भेजेंगे': ईरानी सुरक्षा प्रमुख मोहसेन रजाई की खुली चेतावनी, अमेरिका को भी दी आर्थिक हितों पर हमले की धमकी

Mohsen Rezaei Iran Threat Netanyahu: ईरान की सर्वोच्च राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद (Supreme National Security Council) के सचिव और मेजर जनरल मोहसेन रेजाई (Mohsen Rezaei) ने इजरायल और अमेरिका को लेकर बेहद आक्रामक बयान दिया है। उन्होंने कहा कि अगर इजराइल के साथ दोबारा संघर्ष शुरू होता है तो यह टकराव के एक अलग दौर की शुरुआत होगी। साथ ही, उन्होंने चेतावनी दी कि यदि अमेरिका ने समुद्री और आर्थिक नाकेबंदी जारी रखी, तो तेहरान अमेरिकी आर्थिक हितों पर भीषण हमले करेगा।

'नेतनयाहू को जहन्नुम भेजेंगे'

ईरानी समाचार एजेंसी IRIB के अनुसार, अल-मनार को दिए एक साक्षात्कार में रेजाई ने कहा, 'हम जियोनिस्ट शासन के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू को जहन्नुम भेजेंगे। नेतन्याहू के कदमों ने जियोनिस्ट शासन के वजूद के अंत को और करीब ला दिया है।'

रजाई ने आरोप लगाया कि नेतन्याहू ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बेटे की हत्या की कथित 'ईरानी साजिश' की झूठी खबरें फैलाकर ट्रंप को डरा दिया है और उनके निर्णय लेने की क्षमता को प्रभावित किया है।

'बेरूत और दाहिये हमारी रेड लाइन'

लेबनान में इजरायली अभियानों और संघर्ष पर बोलते हुए रजाई ने स्पष्ट किया कि दाहिये (Dahiyeh) और बेरूत ईरान के लिए 'रेड लाइन' (Red Lines) हैं।

उन्होंने कहा कि ईरान पूरी गंभीरता से स्थिति पर नजर रख रहा है। इजरायल को लेबनान के कब्जे वाले क्षेत्रों से पीछे हटने पर मजबूर होना पड़ेगा। यदि फिर से युद्ध छिड़ता है, तो ईरान एक नए चरण के लिए पूरी तरह तैयार है, जो पिछले किसी भी युद्ध से बिल्कुल अलग होगा।

अमेरिका को चेतावनी: 'आर्थिक हितों को बनाएंगे निशाना'

अमेरिकी प्रतिबंधों और दबाव नीति पर हमला बोलते हुए रेजाई ने कहा कि सैन्य हमलों की नाकामी के बाद अमेरिका अब आर्थिक दबाव पर उतर आया है।

80 मिलियन बैरल तेल निर्यात: विराम (Ceasefire) की अवधि के दौरान ईरान ने नौसैनिक नाकेबंदी को तोड़ते हुए लगभग 70 से 80 मिलियन (7 से 8 करोड़) बैरल तेल का सफल निर्यात किया है।

अमेरिकी हितों पर हमला: यदि अमेरिका ने नाकेबंदी जारी रखी, तो ईरान क्षेत्र में मौजूद अमेरिकी आर्थिक हितों पर 100 प्रतिशत शक्ति और तीव्रता के साथ जवाबी कार्रवाई करेगा।

नेतनयाहू ने की अमेरिकी प्रतिबंधों की तारीफ

दूसरी ओर, इजरायली प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने ईरान के खिलाफ लगाए गए नए कड़े प्रतिबंधों के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप और वित्त मंत्री स्कॉट बेसेट (Scott Bessent) की सराहना की। नेतन्याहू ने कहा कि ये प्रतिबंध ईरान और उसके समर्थकों से उनकी हरकतों की भारी कीमत वसूलने का काम कर रहे हैं।

Nitin Arora
नितिन अरोड़ाauthor

नितिन अरोड़ा टाइम्स नाउ नवभारत में न्यूज डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया में उनका 6 वर्षों का अनुभव है। वह राजनीति, देश–विदेश की बड़ी घटनाओं और समसामयिक मुद्दों को गहराई से समझकर उन्हें सटीक और सरल भाषा में प्रस्तुत करने में माहिर हैं। उन्होंने अपने करियर में लगातार करंट अफेयर्स, पॉलिटिकल डेवलपमेंट्स, डिप्लोमैटिक घटनाएं और डिफेंस सेक्टर से जुड़े विषयों पर प्रभावशाली कॉन्टेंट तैयार किया है और अबतक 6 हजार से अधिक आर्टिकल लिख चुके हैं। विभिन्न टॉपिक्स पर एक्सप्लेनेर, डेटा-आधारित रिपोर्ट्स और विश्लेषणात्मक कॉपी लिखने में उनकी मजबूत पकड़ है।

और पढ़ें
End of Article