Iran News: अमेरिका की आसन्न समयसीमा के बीच ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन ने मंगलवार को कहा कि उनके समेत 1.4 करोड़ ईरानी स्वयंसेवक युद्ध में अपनी जान देने के लिए तैयार हैं। राष्ट्रपति पेजेश्कियन ने यह टिप्पणी X पर उस समय की, जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की वह समयसीमा करीब आ रही है, जिसमें चेतावनी दी गई है कि यदि ईरान होर्मुज जलडमरूमध्य को दोबारा नहीं खोलता है तो उसके बिजली संयंत्रों और पुलों पर बमबारी की जाएगी।
ईरान राष्ट्रपति पेजेश्कियन जंग में कुर्बान होने को तैयार, बोले- 1.4 करोड़ ईरानी युद्ध में जान गंवाने स्वेच्छा से आगे आए
यह संख्या पहले सरकारी मीडिया द्वारा बताए गए स्वयंसेवकों के आंकड़ों से लगभग दोगुनी है। सरकार युद्ध के दौरान संदेशों और मीडिया के जरिए लोगों से इस तरह के स्वयंसेवी अभियान में शामिल होने की अपील कर रही है।
1.4 करोड़ लोगों के आगे आने का मकसद?
लगभग नौ करोड़ की आबादी वाले ईरान में कई लोग सरकार से नाराज भी हैं, खासकर देशभर में हुए प्रदर्शनों पर की गई सख्त कार्रवाई को लेकर। माना जा रहा है कि 1.4 करोड़ का यह आंकड़ा संभावित अमेरिकी हमले को रोकने के उद्देश्य से प्रस्तुत किया गया है।
पेजेश्कियन ने कहा, '1.4 करोड़ से अधिक ईरानी लोगों ने अभियान में अपनी जान देने के लिए तैयार रहने का इरादा जताया है। मैं भी ईरान के लिए अपनी जान देने के लिए पहले भी तैयार था, अब भी हूं और आगे भी रहूंगा।'
ईरान के अल्बोर्ज प्रांत में हवाई हमले में कम से कम 18 लोगों की मौत
ईरान की राजधानी तेहरान के उत्तर पश्चिमी अल्बोर्ज प्रांत में हुए एक हवाई हमले में कम से कम 18 लोगों की मौत हो गयी है। सरकारी मीडिया ने मंगलवार को यह जानकारी दी। न्यायपालिका की मीजान समाचार एजेंसी के अनुसार, इस हमले में 24 अन्य लोग घायल भी हुए हैं।
हालांकि, तुरंत यह स्पष्ट नहीं हो सका कि हमले में किसे निशाना बनाया गया था। बता दें कि पिछले कुछ समय से ईरान की राजधानी तेहरान पर लगातार तीव्र हवाई हमले हो रहे हैं, जिनमें पहाड़ी क्षेत्रों में स्थित संभावित हथियार भंडार और रिहायशी इलाकों को भी निशाना बनाया गया है। इजराइल ने धर्मतंत्र और उसकी सेना में शीर्ष अधिकारियों को निशाना बनाते हुए हवाई हमले किए हैं।
